- शिवसेनाUBT ने दिल्ली में अपने सभी लोकसभा सांसदों की एक अहम बैठक सुबह 11 बजे बुलाई है
- बैठक का मकसद पार्टी में बागी सांसदों की संभावित अलगाव की अफवाहों को रोकना और एकजुटता दिखाना है
- शिवसेना UBT ने सभी सांसदों की उपस्थिति अनिवार्य करते हुए व्हिप जारी किया गया है
उद्धव ठाकरे की शिवसेना में टूट की अटकलों के बीच दिल्ली में आज अहम बैठक हो रही है. शिवसेना ने अपने सभी लोकसक्षा सदस्यों को इस बैठक में मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं. शिवसेना संसदीय दल के कार्यालय में होने वाली इस बैठक में संजय राउत समेत तमाम बड़े नेताओं के मौजूद रहने की उम्मीद है. सामना संपादकीय में भी इस बैठक का जिक्र है, जिसमें कहा गया है कि बुधवार को मीडिया और दिल्ली के राजनीतिक गलियारों में ऐसी चर्चा थी कि शिवसेना के कुछ सांसद पार्टी से अलग होकर नया गुट बना सकते हैं. इस पर विराम लगाने के लिए ही पार्टी ने सभी सांसदों की अहम बैठक बुलाई है.
शिवसेना UBT ने जारी किया व्हिप
बैठक को लेकर शिवसेना उद्धव ठाकरे के मुख्य सचेतक अनिल देसाई ने व्हिप जारी किया. जिसमें कहा गया कि सभी सांसदों की उपस्थिति जरूरी होगी. अब देखना ये होगा कि क्या बागी सांसद दिल्ली की इस बैठक में शामिल होंगे या नहीं. शिवसेना के परभणी से सांसद संजय जाधव ने सबसे पहले पार्टी छोड़ी है. वह अभी तक दिल्ली में अपने आवास पर नहीं पहुंचे हैं. उनके बैठक में शामिल होने की उम्मीद कम ही नजर आ रही है.
A meeting of all the Lok Sabha members of Shiv Sena (UBT) will be held on June 18, 2026, at 11 00 AM, at the Parliamentary Party Office in Delhi. pic.twitter.com/KhrWjTiLBK
— ANI (@ANI) June 17, 2026
बागी सासंद बैठक में शामिल होंगे या नहीं?
शिवसेना UBT की इस बैठक में आगामी संसद सत्र, विपक्ष की साझा रणनीति और महाराष्ट्र के राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा होगी. इसमें पार्टी के कितने सांसद पहुंचेंगे, इस पर सबकी नजर है. बंगाल में टीएमसी में बगावत के बाद अब शिवसेना (यूबीटी) में भी 6 सांसदों के बागी होने के संकेत बुधवार को सफा तौर पर दिखे, जब पार्टी के प्रमुख नेताओं और बागियों ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से अलग-अलग मुलाकात कर अपना पक्ष रखा.
लोकसभा अध्यक्ष से शिवसेना की अपील
शिवसेना के लोकसभा सदस्य अरविंद सावंत, अनिल देसाई और राज्यसभा सदस्य संजय राउत ने लोकसभा अध्यक्ष से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में कोई भी फैसला नियमों, कानून, संविधान और सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के मुताबिक होना चाहिए. वहीं दूसरी तरफ, उद्धव के बागी नेताओं के एक गुट ने लोकसभा अध्यक्ष बिरला से मुलाकात कर दावा किया कि उनके पास लोकसभा में पार्टी के 9 सांसदों में से 6 का समर्थन है. सूत्रों के मुताबिक, बागी सांसदों की स्पीकर ओम बिरला के साथ जल्द ही एक औपचारिक बैठक हो सकती है, जिसमें वे अलग गुट के तौर पर मान्यता और महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय की मांग कर सकते हैं. यह बैठक गुरुवार को हो सकती है.
ये भी पढ़ें-फिर संकट में है उद्धव ठाकरे की शिवसेना, 'मशाल' की लौ का क्या होगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं