Delhi Woman Murdered: साउथ ईस्ट दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है. माउंट कैलाश इलाके में एक बिल्डिंग की छत पर 45 साल की मेड का शव खून से लथपथ हालत में मिला. घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं पास में बैट और चाकू पड़ा हुआ था, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है. आशंका जताई जा रही है कि आरोपी ने बैट और चाकू से हमला कर महिला की हत्या की.
छत पर मिली महिला की लाश
सूचना मिलते ही अमर कॉलोनी थाना पुलिस हरकत में आई. कालकाजी एसीपी, एसएचओ अमर कॉलोनी और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस टीम ने बिल्डिंग की छत पर जाकर देखा तो वहां एक महिला मृत अवस्था में पड़ी थी. महिला के शरीर पर चोट के निशान थे और चारों तरफ खून फैला हुआ था.
पुलिस ने डॉक्टर को गिरफ्तार किया
मृतका की पहचान मीना के रूप में हुई, जिसकी उम्र करीब 45 साल थी. पुलिस जांच में पता चला कि मीना घरेलू सहायिका के रूप में काम करती थी.
घटनास्थल पर एक डॉक्टर मनीष गुप्ता भी मौजूद था, जो मृतका के पास बैठा हुआ था. पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की. पुलिस के मुताबिक, आरोपी डॉक्टर लंबे वक्त से डिप्रेशन में चल रहा है. पूछताछ में अलग अलग चीजें बता रहा है.
पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी ने महिला पर हमला करने की बात स्वीकार की है. आरोपी ने बताया कि उसने पहले महिला पर बैट से वार किए और उसके बाद चाकू से हमला किया. हमले के कारण महिला की मौत हो गई. पुलिस ने आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है.
जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि आरोपी और मृतका के बीच क्या संबंध था. दोनों के बीच किसी तरह का विवाद था या हत्या के पीछे कोई अन्य कारण था.
क्राइम टीम ने जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम को मौके पर बुलाया. क्राइम टीम ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाए हैं. फॉरेंसिक जांच के लिए जरूरी नमूने भी लिए जा रहे हैं. इसके अलावा पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि पूरी घटना की कड़ी को जोड़ा जा सके.
पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल किए गए हथियारों को बरामद करने की कार्रवाई की जा रही है. बैट और चाकू समेत अन्य सबूतों को जांच में शामिल किया जाएगा. अमर कॉलोनी थाना पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है.
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस टीम अब आरोपी से विस्तृत पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि घटना से पहले दोनों के बीच क्या हुआ था. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हत्या के कारणों और घटना की पूरी सच्चाई सामने आएगी.
शुरुआती पूछताछ में आरोपी डॉक्टर ने बताया कि मेड कोई काला जादू करती थी. काले जादू की वजह से घर में शांति नहीं थी और पूरा परिवार परेशान था. फिलहाल पुलिस डॉक्टर से लगातार पूछताछ की जा रही है और हत्या का असली मकसद जानने की पुलिस कोशिश कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं