अंबाला-मोहाली एक्सप्रेसवे को 15 दिसंबर को आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा. इससे वाहनचालकों का 40 से 50 मिनट बचेगा. इस एक्सप्रेसवे के साथ दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे का चंडीगढ़ लिंक और कीरतपुर-मनाली फोरलेन भी चालू होने से दिल्ली से 10 घंटे में मनाली पहुंच सकेंगे. अंबाला-मोहाली एक्सप्रेसवे चंडीगढ़ और मोहाली के बीच कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएगा. इससे मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट इलाके तक पहुंचना आसान हो जाएगा. यह कॉरिडोर दिल्ली से पंजाब और हिमाचल प्रदेश जाने वाले वाहन चालकों का फायदा पहुंचेगा. मोहाली के बाद यात्री खरड़-कुराली बाईपास और रूपनगर की ओर जा सकते हैं. इससे कीरतपुर और हिमाचल प्रदेश के मनाली या उससे लेह-लद्दाख जाने वालों के लिए रास्ता आसान होगा. इससे भारी ट्रैफिक या वीकेंड के दौरान लगने वाले जाम से यात्री बच सकेंगे.
अंबाला, रूपनगर और कीरतपुर तक हाईस्पीड
अंबाला-मोहाली-कुराली कॉरिडोर, उत्तरी भारत के बड़े हाईवे नेटवर्क एक चरण है. शिमला और मनाली के यात्री अंबाला, रूपनगर और कीरतपुर वाले रास्तों पर जा सकते हैं.पठानकोट के पास की सड़कें जम्मू और श्रीनगर की ओर आवाजाही आसान बनाएंगी. पंजाब जाने वाले वाहन चालक रूपनगर के करीब फोरलेन हाईवे से होते हुए अमृतसर और जालंधर भी पहुंच सकते हैं.
मोहाली IT सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
यह परियोजना लगभग 31 किलोमीटर लंबे मोहाली IT सिटी-कुराली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से भी जुड़ जाएगी, जो पहले ही चालू है. इन दोनों हिस्सों के जुड़ जाने से हरियाणा और पंजाब के बीच सड़क कनेक्टिविटी और मजबूत होने की उम्मीद है. निर्माणाधीन अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे भी आने वाले वक्त हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच एक और हाईस्पीड नेटवर्क का रूट बनेगा. अंबाला-मोहाली एक्सप्रेसवे के खुलने से चंडीगढ़, मोहाली और आसपास के इलाकों में सफर करना और आसान हो जाएगा.
अंबाला-चंडीगढ़ एक्सप्रेसवे का हिस्सा
61 किमी का अंबाला-मोहाली ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे अंबाला-चंडीगढ़ एक्सप्रेसवे का हिस्सा है. 6 लेन का एक्सप्रेसवे चंडीगढ़, मोहाली और पंचकुला को हरियाणा के अंबाला से सीधे जोड़ता है. पहले चरण में अंबाला से IT सिटी चौक मोहाली तक 30 किमी लंबा नए ग्रीनफील्ड का हिस्सा है. 31 किमी का दूसरा हिस्सा IT सिटी चौक से कुराली तक है, जो पहले ही चालू है. यह कारों की 100 किमी की स्पीड लिमिट है. इस एक्सप्रेसवे से वाहन चालकों को जीरकपुर, डेराबस्सी और पिंजौर जैसे ट्रैफिक वाले और संकरे इलाकों से गुजरना नही पड़ेगा.
अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे की कनेक्टिविटी
1. अंबाला-शामली एक्सप्रेसवे
ये 122 किमी लंबा एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के शामली को हरियाणा के अंबाला से जोड़ेगा. यह रूट आगे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से शामली से कनेक्ट होता है. इससे उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के वाहनों को पंजाब और हिमाचल के लिए वैकल्पिक रूट मिलेगा.
2. अंबाला-कोटपुतली इकोनॉमिक कॉरिडोर
अंबाला पहुंचने के बाद यह एक्सप्रेसवे ट्रांस हरियाणा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इससे राजस्थान के जयपुर, कोटपुतली), हरियाणा के नारनौल और महेंद्रगढ़ और गुजरात जाने वाले भारी वाहनों को दिल्ली-एनसीआर से गुजरे बिना सीधे पंजाब और जम्मू जाने का रास्ता मिलेगा.
3. दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेसवे
इस एक्सप्रेसवे के लिंक और फीडर रूटों के माध्यम से यह चंडीगढ़-मोहाली बेल्ट को सीधे दिल्ली-कटरा रूट से जोड़ता है. इससे दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और जम्मू तक कनेक्टिविटी का जरिया बनेगा.
4. मोहाली-सरहिंद आजीविका कॉरिडोर
मोहाली की ओर यह निर्माणाधीन सरहिंद-मोहाली बाईपास से जुड़ता है. इससे पंजाब के दक्षिणी इलाकों बठिंडा, पटियाला की ओर कनेक्टिविटी बेहद आसान हो जाएगी. यह जल्द पूरा हो जाएगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली-कटरा एक्सप्रेसवे पर नया अपडेट, दिसंबर में खुलेगा यह बड़ा हिस्सा, 139KM दूरी होगी कम
पांच राज्यों से कनेक्टिविटी
यह कॉरिडोर उत्तर भारत के 5 प्रमुख राज्यों को कनेक्टिविटी देता है.पंजाब में यह एक्सप्रेसवे सीधे मोहाली को कुराली और रोपड़ से जोड़ता है. इससे अमृतसर, जालंधर और लुधियाना के 4 लेन हाईवे का फायदा उठा सकते हैं.अंबाला से दिल्ली-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) और पूरे हरियाणा के अंदरूनी इलाके जुड़ जाएंगे. कुराली बाईपास और कीरतपुर साहिब होते हुए ये मनाली और शिमला के पर्यटकों के लिए सबसे आसान रास्ता बनेगा. दिल्ली और हरियाणा से पर्यटक चंडीगढ़ के ट्रैफिक में फंसे बिना सीधे हिमाचल के पहाड़ों की तरफ जा सकते हैं. रूपनगर और पठानकोट होते हुए यह एक्सप्रेसवे जम्मू, कटरा और श्रीनगर तक वाहनों की दूरी और समय कम करता है. शामली-अंबाला लिंक और दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से कनेक्टिविटी वेस्ट यूपी और उत्तराखंड के शहरों सहारनपुर, बागपत, हरिद्वार, देहरादून से हिमाचल और पंजाब की कनेक्टिविटी आसान करेगा.
ये भी पढ़ें- दिल्ली से सोहना-पलवल अब 30-40 मिनट में, DND-सोहना-फरीदाबाद एक्सप्रेसवे तैयार; कालिंदी कुंज-आश्रम का ट्रैफिक घटेगा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं