- मायावती ने 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारी के तहत अपने भतीजे आकाश आनंद को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी है
- आकाश आनंद ने कहा कि उन्होंने मायावती से पूछा कि बार-बार उनकी परीक्षा क्यों ली जाती है
- मायावती ने आकाश से तीन सवाल किए जिसमें आंबेडकर और कांशीराम के संघर्षों का जिक्र शामिल था
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी दी है. जनसभा को संबोधित करते हुए आकाश आनंद ने भावुक अंदाज में बताया कि जब उन्हें पार्टी में सक्रिय भूमिका से हटाया गया था, तब उन्होंने मायावती से पूछा था कि वह उनकी बार-बार परीक्षा क्यों लेती हैं.
आकाश आनंद ने कहा, 'बहन जी ने मुझे सजा दी थी. उन्होंने कहा था कि तुम घर बैठो. लेकिन कुछ समय बाद जब मुझे बहन जी के सामने अपनी बात रखने का मौका मिला, तो मैंने उनसे पूछा कि आप मेरी परीक्षा क्यों लेती हैं?'
उन्होंने बताया कि इसके जवाब में मायावती ने उनसे तीन सवाल किए. पहला सवाल था कि क्या डॉ. भीमराव आंबेडकर ने आखिरी सांस तक समाज के लिए संघर्ष और परीक्षा नहीं दी? दूसरा सवाल उन्होंने कांशीराम को लेकर किया कि क्या उन्होंने भी जीवनभर बहुजन समाज के लिए संघर्ष नहीं किया?
आकाश के मुताबिक, मायावती ने तीसरी बात अपने जीवन का उदाहरण देते हुए कही. उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना पूरा परिवार छोड़कर बहुजन समाज को अपना परिवार माना है और समाज उनकी हर दिन परीक्षा लेता है.
आकाश आनंद ने बताया कि इसके बाद मायावती ने उनसे कहा, 'इतना बड़ा मूवमेंट, इतना बड़ा समाज और इतनी बड़ी जिम्मेदारी मैं बिना परीक्षा लिए तुम्हें कैसे सौंप दूं?'
आकाश ने कहा कि यह सुनकर उनकी आंखों में आंसू आ गए. उन्होंने मायावती से कहा, 'आप आखिरी सांस तक जितनी चाहें मेरी परीक्षा लीजिए. मैं आखिरी सांस तक परीक्षा देने के लिए तैयार हूं. बहुजन समाज और अपने परिवार के लिए हर जिम्मेदारी निभाने को तैयार हूं.'
उन्होंने कहा कि वह बहुजन समाज के हित में जरूरत पड़ने पर अपना परिवार तक त्यागने के लिए तैयार हैं और पूरी निष्ठा के साथ आंदोलन और संगठन को आगे बढ़ाने का काम करेंगे.
यह बयान ऐसे समय आया है जब बसपा 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर अपनी संगठनात्मक तैयारी तेज कर रही है और आकाश आनंद को पार्टी के प्रमुख प्रचारकों में शामिल किया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं