- मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेकर विभिन्न शहरों में चुनाव प्रचार की जिम्मेदारी सौंपी है
- आकाश आनंद 28 अक्टूबर से कानपुर नगर तक कई शहरों में बसपा की जनसभाओं को संबोधित करेंगे और मुख्य अतिथि रहेंगे
- मायावती ने आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर नाराजगी जताई और उन्हें पार्टी में वापस न लेने की बात कही है
बीएसपी प्रमुख मायावती ने आकाश आनंद को पार्टी में वापस लेने के बाद अब पार्टी के चुनाव प्रचार का काम दे दिया है. मायावती ने 28 अक्टूबर से आकाश आनंद की ड्यूटी अलग अलग शहरों में लगाई है. इसके साथ ही मायावती ने एक बार फिर आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ पर नाराजगी जताते हुए कहा है कि लोग इस अफवाह पर ध्यान ना दें कि आकाश की तरह अशोक सिद्धार्थ को भी पार्टी में वापस ले लिया जाएगा. आकाश के भाई ईशान आनंद दिल्ली में पार्टी का चुनाव और दस्तावेजों से जुड़ा काम करेंगे.
मायावती ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, जैसाकि सर्वविदित है कि आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बी.एस.पी. के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता प्रदर्शित करते हुए पार्टी और मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी जिम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेजी से लग गये हैं, जबकि 'बहुजन समाज' के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है.
1. जैसाकि सर्वविदित है कि श्री आकाश आनन्द, अपने रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ द्वारा राजनीति से संन्यास लिये जाने के उपरान्त, अब बी.एस.पी. के राष्ट्रीय संयोजक के रूप में काफी सूझबूझ व परिपक्वता (मैच्युरिटी) प्रदर्शित करते हुये बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों को, परिवार व रिश्ते-नाते आदि के ऊपर प्राथमिकता देते हुये, अपनी ज़िम्मेदारी को निभाने में काफी मेहनत व तेज़ी से लग गये हैं, जबकि 'बहुजन समाज' के लोगों को उनसे पूरी अपेक्षा भी है। 2. इसी क्रम में श्री आकाश आनन्द आगामी दिनांक 28 अक्तूबर 2026 को ज़िला बुलन्दशहर में, 02 नवम्बर को जिला सहारनपुर में, 20 नवम्बर को ज़िला अयोध्या में, 22 नवम्बर को ज़िला आगरा में तथा दिनांक 29 नवम्बर 2026 को ज़िला कानपुर नगर में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित जनसभा को सम्बोधित करेंगे। 3. साथ ही, आगामी 26 नवम्बर 2026 को 'संविधान दिवस' के मौक़े पर पंजाब स्टेट में बी.एस.पी. द्वारा आयोजित 'विचार संगोष्ठी समारोह' में वे मुख्य अतिथि के रूप में अपने विचार व्यक्त करेंगे। इसके बाद वे देश में दलितों, अति-पिछड़ों व अन्य उपेक्षित बहुजनों के मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर के महापरिनिर्वाण (पुण्यतिथि) दिवस पर आगामी 06 दिसम्बर 2026 को उत्तराखण्ड राज्य के ज़िला हरिद्वार में आयोजित विचार संगोष्ठी समारोह/जनसभा को भी सम्बोधित करेंगे। 4. इस प्रकार से श्री आकाश आनन्द द्वारा बी.एस.पी. पार्टी व मूवमेन्ट के कार्यों में पूरे जी-जान से अब लग जाने से एक बार पुनः यह साबित होता है कि पिछले दिनों जो भी अप्रिय घटनाक्रम हुये है तो उसके लिये श्री आकाश आनन्द कम व उनके रिश्तेदार श्री अशोक सिद्धार्थ ज़्यादा ज़िम्मेवार हैं, तभी इनको पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी सन्यास लेने की सलाह दी गयी। 5. किन्तु स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को क़िस्म-क़िस्म के हथकण्डे अपनाकर वरग़लाने का काम अभी भी लगातार जारी है, जिससे पार्टी के सभी लोग ज़रूर सावधान व सतर्क रहें और श्री आकाश आनन्द को साैंपे गये सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन, धन से लग कर उन्हें जरुर सफल बनायें। 6. साथ ही, इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें कि श्री आकाश आनन्द की तरह श्री अशोक सिद्धार्थ को भी पूर्व की तरह पार्टी में पुनः वापस ले लिया जायेगा। ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है अर्थात् अब श्री अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति में व किसी भी क़ीमत पर फिर से पार्टी में पुनः वापिस नहीं लिया जायेगा। 7. यहाँ यह भी उल्लेखनीय है कि श्री आनन्द कुमार के छोटे बेटे श्री ईशान आनन्द, जो वकालत की अपनी पढ़ाई लंदन से पूरी कर चुके हैं, वे भी मेरे (पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष के) दिशा-निर्देशन में, एक सक्रिय कार्यकर्ता के रूप में बी.एस.पी. के दिल्ली स्थित केन्द्रीय कार्यालय में ख़ासकर पार्टी के चुनाव व अन्य पेपरवर्क आदि से सम्बंधित कार्यों में भी सहयोग करेंगे।
— Mayawati (@Mayawati) October 18, 2026
उन्होंने बताया कि आकाश आनंद 28 अक्टूबर को बुलंदशहर, 2 नवंबर को सहारनपुर, 20 नवंबर को अयोध्या, 22 नवंबर को आगरा और 29 नवंबर को कानपुर नगर में बसपा की जनसभा को संबोधित करेंगे. इसके अलावा 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर पंजाब में बसपा की विचार संगोष्ठी में आकाश मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे. इसके बाद वे देश में दलितों, अति-पिछड़ों और अन्य उपेक्षित बहुजनों के मसीहा परमपूज्य बाबा साहेब डा. भीमराव अम्बेडकर की पुण्यतिथि पर 6 दिसंबर को उत्तराखंड के जिला हरिद्वार में आयोजित जनसभा को भी संबोधित करेंगे.
मायावती ने कहा कि पिछले दिनों जो भी अप्रिय घटनाक्रम हुए उसके लिये आकाश आनंद कम और उनके रिश्तेदार अशोक सिद्धार्थ ज्यादा जिम्मेवार हैं, तभी इनको पार्टी से बाहर करके राजनीति से भी सन्यास लेने की सलाह दी गई. लेकिन स्वार्थी तत्वों द्वारा लोगों को किस्म-किस्म के हथकंडे अपनाकर वरगलाने का काम अभी भी लगातार जारी है, जिससे पार्टी के सभी लोग जरूर सावधान और सतर्क रहें और आकाश आनंद को साौंपे गए सभी पार्टी कार्यक्रमों को पूरे तन, मन, धन से लग कर उन्हें जरूर सफल बनाएं.
मायावती ने यह भी कहा कि इन अफवाहों पर बिल्कुल भी ध्यान ना दें कि आकाश आनंद की तरह अशोक सिद्धार्थ को भी पहले की तरह पार्टी में फिर वापस ले लिया जायेगा. ऐसी अफवाहों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है. अशोक सिद्धार्थ को किसी भी स्थिति और किसी कीमत पर फिर से पार्टी में वापस नहीं लिया जायेगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं