Ajmer Police Search Operation: राजस्थान के अजमेर शहर में शराब और ड्रग्स की गैर-कानूनी बिक्री और तस्करी की लगातार मिल रही शिकायतों को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई की. गंभीर शिकायतों के बाद पुलिस ने जिले के सासी बस्ती इलाके में बड़े पैमाने पर गहन तलाशी अभियान चलाया.
200 पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर चलाया सर्च अभियान
यह अभियान जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला के निर्देश पर दक्षिण वृत्ताधिकारी (सीओ) मनीष बड़गुर्जर ने करीब 200 पुलिसकर्मियों के साथ मिलकर किया. सोमवार सुबह करीब 200 पुलिसकर्मियों की भारी-भरकम टीम ने एक साथ सासी बस्ती पर धावा बोला. जिसमें सीओ मनीष बड़गुर्जर ने अपनी टीम के साथ पूरे इलाके की घेराबंदी करते हुए हर घर की तलाशी ली. अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
हिस्ट्रीशीटरों के खंगाले घर
सर्च ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने मुख्य रूप से इलाके के हिस्ट्रीशीटर, आदतन अपराधी और संदिग्ध लोगों को टारगेट किया. उनके घरों की अच्छी तरह से तलाशी ली गई. इसके साथ ही, इलाके में रहने वाले लोगों का वेरिफिकेशन करके उनके बारे में अलग-अलग जानकारी इकट्ठा की गई. इस ऑपरेशन के दौरान पुलिस ने चार संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ भी की.
शिकायत पर की कार्रवाई
कार्रवाई को लेकर सीओ मनीष बड़गुर्जर ने बताया कि सासी बस्ती से अवैध शराब, मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं. इसी आधार पर विशेष रणनीति बनाकर यह अभियान चलाया गया.
सीओ की लोगों को दो टूक चेतावनी
इस बड़ी कार्रवाई को लेकर सीओ मनीष बड़गुर्जर ने इलाके में रह रहे लोगों को स्पष्ट चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि अवैध कारोबार में लिप्त लोग अपनी गतिविधियां तुरंत बंद कर दें, अन्यथा उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
सर्विलांस ऑपरेशन आगे भी रहेंगे जारी
इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अपराधियों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ ऐसे बड़े सर्विलांस ऑपरेशन जिलेभर में आगे भी बिना किसी पूर्व सूचना के लगातार जारी रहेंगे.
यह भी पढ़ें; Success Story: गांव का पहला IITian बनेगा जिगर नायक, पिता को खोने के बाद मां ने सिलाई कर बेटे को पढ़ाया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं