- गुजरात के अमरेली के धारी अंबार्डी सफारी पार्क में वन विभाग के कर्मचारियों ने शेर को बाइक से परेशान किया.
- वायरल वीडियो में देखा गया कि बाइक सवार शेर का पीछा करते हुए उसे चारों ओर से घेर कर खदेड़ रहे.
- सूत्रों के मुताबिक, वनकर्मी वीआईपी मेहमानों को शेर दिखाने के लिए शेर को उनकी तरफ हांकने की कोशिश कर रहे थे.
गांव-देहात में आपने भेड़-बकरियों और भैंसों को हांकते हुए लोगों को देखा होगा. लेकिन गुजरात के अमरेली से जंगल के राजा शेर को हांकने वाला एक वीडियो सामने आया है. राष्ट्र के गौरव माने जाने वाले शेर के साथ अमरेली के धारी अंबार्डी सफारी पार्क के अंदर क्रूरता का चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां शेर के रक्षक ही भक्षक बन गए. वन विभाग के कर्मचारियों ने बाइक से पीछा करके खुलेआम शेर को परेशान किया. जंगल के राजा को बाइक से खदेड़कर भगाते हुए और परेशान करते हुए कुछ लोगों ने वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वयरल हो रहा है.
शेर को चारों ओर से घेरकर खदेड़ा!
अमरेली के धारी अंबार्डी सफारी पार्क के वायरल वीडियो में दो बाइक सवार शेर का पीछा करता हुआ नजर आ रहे हैं. बाइक सवार के पास वॉकी-टॉकी है, जो साफ दिखाई दे रहा है. इससे वन विभाग की भूमिका पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं. मौके से वन विभाग की सरकारी बोलेरो गाड़ी भी गुजरती हुई दिखाई दी है. धारी गिर पूर्व डिवीजन के अंबार्डी सफारी पार्क में शेर के उत्पीड़न का ये वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि शेर इन लोगों की हरकत से परेशान हो रहा है.
VIP मेहमानों को दिखाना था शेर?
वीडियो में चारों तरफ से वन विभाग के कर्मचारियों द्वारा परेशान किए जाने के बाद शेर भी गुस्से में उनके पीछे दौड़ता हुआ नजर आया. सूत्रों के मुताबिक, वन विभाग के कर्मचारी दिवाली की छुट्टियों के दौरान वीआईपी मेहमानों को नजदीक से शेर दिखाने की व्यवस्था करने के लिए इधर-उधर भाग रहे थे. वीआईपी मेहमानों को खुश करने के लिए कथित तौर पर कर्मचारियों ने शेर को उनकी तरफ हांकने की कोशिश की, जिससे शेर और मेहमान दोनों की जान को खतरा पैदा हो गया.
इस घटना से वन्यजीव प्रेमियों और पर्यावरणविदों में भारी गुस्सा है. लोग दोषी कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. सफारी पार्क के अंदर निगरानी और प्रोटोकॉल पर भी सवाल उठ रहे हैं, जो कि एशियाई शेरों के लिए सुरक्षित ठिकाना माना जाता है. वायरल वीडियो पर वन विभाग की ओर से अभी कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है.
इसे भी पढ़ें:- जिम कॉर्बेट पार्कः गार्ड को दबोचे बैठा था बाघ, साथी ने दिखाई ऐसी हिम्मत की बच गई जान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं