विज्ञापन

हजार से ज्यादा CCTV, चप्पे-चप्पे पर नजर; लाल किले के पास सुरक्षा के तगड़े इंतजाम, कई रास्तों पर नो-एंट्री

15 अगस्त समारोह को लेकर लाल किले के पास सुरक्षा की व्यवस्था ऐसी की गई है कि परिंदा भी पर नहीं मार सके. नियमित गश्ती, वाहन जांच के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है.

हजार से ज्यादा CCTV, चप्पे-चप्पे पर नजर; लाल किले के पास सुरक्षा के तगड़े इंतजाम, कई रास्तों पर नो-एंट्री
15 अगस्त समारोह के लिए लाल किले के पास सुरक्षा के तगड़े इंतजाम किए गए हैं.
PTI
  • दिल्ली के लाल किले और उसके आस-पास स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है.
  • 15 अगस्त को लाल किले के आसपास कई प्रमुख मार्गों को सुबह 4 से 11 बजे तक यातायात के लिए बंद रखा जाएगा.
  • सुरक्षा अभियान के तहत संवेदनशील क्षेत्र में रहने या काम करने वाले 20 हजार से अधिक व्यक्तियों की जांच की गई है.
नई दिल्ली:

15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी कर दी गई है. लाल किले के आसपास व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं. इसके तहत कई मार्गों पर यातायात डायवर्जन लागू किए गए हैं, भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है और हजारों सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है. लाल किले के पास सुरक्षा की व्यवस्था ऐसी की गई है कि परिंदा भी पर नहीं मार सके. नियमित गश्ती, वाहन जांच के साथ-साथ संवेदनशील स्थलों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है. 1000 से अधिक सीसीटीवी कैमरों से लाल किला और आस-पास के इलाकों के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है. 

सेंट्रल दिल्ली के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि लाल किले के अंदर और आसपास व्यापक सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं, जिसे स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सबसे संवेदनशील स्थानों में से एक माना जाता है.

बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को किया गया है तैनात

रोहित राजबीर सिंह ने कहा, "हमने बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया है. दिल्ली पुलिस ही नहीं, बल्कि अन्य एजेंसियों के बल भी तैनात किए गए हैं. जनशक्ति के अलावा हमने कई तकनीकी उन्नयन भी किए हैं. हम हर साल नए उपाय लागू करते हैं और इस साल हमने ड्रोन रोधी प्रणाली में नए फीचर जोड़े हैं."

डॉग स्क्वायड के साथ लाल किला परिसर में सुरक्षा के जवान.

डॉग स्क्वायड के साथ लाल किला परिसर में सुरक्षा के जवान.
Photo Credit: PTI

सुरक्षा अभियान के तहत 20 हजार से अधिक लोगों की जांच

उन्होंने बताया कि सुरक्षा अभियान के तहत संवेदनशील क्षेत्र में रहने या काम करने वाले 20,000 से अधिक लोगों की जांच और सत्यापन किया गया है. उन्होंने कहा, "इस अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र और इसके आसपास के इलाकों में हमने 20,000 से अधिक लोगों की जांच और सत्यापन किया है. आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त होने के संदेह वाले लोगों के खिलाफ आवश्यक एहतियाती उपाय भी किए गए हैं."

लाल किले के आसपास इन रास्तों पर सुबह 7 घंटे नो-एंट्री

सेंट्रल रेंज के डीसीपी ट्रैफिक निशांत गुप्ता ने कहा कि 15 अगस्त को प्रधानमंत्री लाल किले से राष्ट्र को संबोधित करेंगे और बड़ी संख्या में VIP अतिथि आएंगे. इसलिए, नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियन रोड, निषादराज मार्ग, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, एस्प्लेनेड रोड, किला घाट रोड और रिंग रोड/मोएट रोड सहित लाल किले के आसपास की सड़कें सुबह 4 बजे से 11 बजे तक आम यातायात के लिए बंद रहेंगी.

डीसीपी ट्रैफिक निशांत गुप्ता ने कहा कि 14 अगस्त की रात 10 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक दिल्ली की सड़कों पर भारी वाहनों को चलने की अनुमति नहीं होगी.

इन रास्तों से डीटीसी बसों का भी नहीं होगा परिचालन

उन्होंने कहा, "इस अवधि के दौरान प्रभावित मार्गों पर डीटीसी की बसें या कोई अन्य बसें नहीं चलेंगी. डीटीसी बसों के लिए मार्ग परिवर्तन किया जाएगा और उनके समापन बिंदु रामलीला मैदान और तीस हजारी कोर्ट में स्थानांतरित कर दिए जाएंगे." गुप्ता ने कहा कि आमंत्रित मेहमानों के लिए पार्किंग व्यवस्था को गूगल मैप्स के साथ एकीकृत कर दिया गया है, ताकि उन्हें आसानी से आने-जाने में सुविधा हो.

लाल किला की इमारत के ऊपरी हिस्से पर भी जवानों को तैनात किया गया है.

लाल किला की इमारत के ऊपरी हिस्से पर भी जवानों को तैनात किया गया है.
Photo Credit: PTI

गूगल मैप्स पर पार्किंग की जगह की गई मार्क

उन्होंने कहा, "आमंत्रित मेहमानों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल गूगल मैप्स पर चिह्नित कर दिए गए हैं. पार्किंग और यातायात व्यवस्था से संबंधित अपडेट के लिए लोग दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के आधिकारिक एक्स अकाउंट को भी फॉलो कर सकते हैं."

चांदनी चौक क्षेत्र की सड़कें भी रहेंगी बंद

आम जनता के लिए लागू प्रतिबंधों का जिक्र करते हुए गुप्ता ने कहा कि लाल किले के आसपास यातायात का मार्ग परिवर्तन सुबह 4 बजे से 11 बजे तक लागू रहेगा और उसके बाद इसे हटा दिया जाएगा. उन्होंने कहा, "प्रतिबंध के दौरान चांदनी चौक क्षेत्र की सड़कें बंद रहेंगी. हालांकि, दुकानों, बाजारों या शॉपिंग मॉल पर कोई प्रतिबंध नहीं है."

लाल किले में सुरक्षा में तैनात जवान.

लाल किले में सुरक्षा में तैनात जवान.
Photo Credit: PTI

दिल्ली ही नहीं पूरे देश की सुरक्षा व्यवस्था की सख्त

देश के अन्य हिस्सों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. असम के डिब्रूगढ़ में पुलिस और सीआरपीएफ कर्मियों ने 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले जन जागरूकता और तैयारियों को बढ़ाने के लिए एक विशेष मोटरसाइकिल रैली का आयोजन किया. जम्मू और कश्मीर में नरबल-गुलमर्ग राजमार्ग पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और कई चौकियों पर वाहनों और यात्रियों की कड़ी जांच की जा रही है.

यह भी पढ़ें - दिल्ली में 15 अगस्त को बारिश होगी या मौसम रहेगा साफ? IMD ने जारी किया पूर्वानुमान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Independence Day Celebrations, Red Fort Security, Delhi Traffic Advisory, Delhi Police, Delhi Security
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com