एफआईएच प्रो लीग के अपने रिटर्न लेग मैच में भारत ने अपने कट्टर विरोधी पाकिस्तान को 7-1 से रौंदते हुए जबरदस्त प्रदर्शन किया. लंदन के ली वैली हॉकी एंड टेनिस सेंटर में 0-1 से पिछड़ने के बाद टीम इंडिया ने शानदार वापसी की और पूरे मुकाबले में पाकिस्तान की डिफेंस लाइन तहस-नहस कर दी. दो दिन पहले ही भारत ने टूर्नामेंट में पाकिस्तान को 4-3 से हराया था. हालांकि, शुक्रवार देर रात हुए इस मैच में भारतीय टीम अधिक आक्रमक नजर आई. भारत के लिए इस मैच में सात खिलाड़ियों ने गोल दागे.
शुक्रवार को पाकिस्तान के खिलाफ मैच में, भारत को नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन हरमनप्रीत के फ्लिक को पाकिस्तान का डिफेंस रोकने में सफल रहा. इसके बाद पाकिस्तान ने 13वें मिनट में अबू महमूद के दमदार फ्लिक से पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को चौंका दिया. भारत ने 20वें मिनट में इसका जवाब दिया, जब हरमनप्रीत के फ्लिक को सुखजीत ने बहुत ही आसानी से डिफ्लेक्ट करके गोल में डाल दिया.
भारत को 26वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला और इस बार हरमनप्रीत नहीं चूके और उन्होंने टॉप कॉर्नर पर गोल करते भारत को बढ़त दिलाई. भारत को 29वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला, लेकिन वह इस मौके का फायदा नहीं उठा सका. भारतीय टीम पहले 30 मिनट में छह पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल हुई, जबकि पाकिस्तान सिर्फ एक पेनल्टी कॉर्नर का मौका बना पाया.
भारत ने तीसरे क्वार्टर में पूरी ताकत लगा दी. मनदीप सिंह के शॉट से लाइन पर खड़े पाकिस्तान के डिफेंडर के शरीर पर शॉट लगने के बाद हार्दिक को एक स्ट्रोक मिला. 34वें मिनट में हार्दिक ने स्पॉट से कोई गलती नहीं की. एक मिनट बाद पाकिस्तान, भारत की तरफ से तेजी से आए काउंटर अटैक को रोक नहीं पाया और जुगराज सिंहन ने फील्ड गोल करके स्कोरशीट में अपना दर्ज करवाया. 41वें मिनट में सुखजीत के पास पर अभिषेक ने शानदार रिवर्स हिट लगाकर स्कोर 5-1 कर दिया.
भारत को 44वें मिनट में लगातार चार पेनल्टी कॉर्नर मिले और राजकुमार पाल ने आखिरी सेट पीस से रिबाउंड पर गोल किया. 50वें मिनट में टीम इंडिया को एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन टीम उससे चूक गई. दिलप्रीत सिंह ने 54वें मिनट में मंदीप सिंह के शानदार पास पर सामने से एक शानदार स्कूप गोल करके भारत की बढ़त बढ़ा दी. पाकिस्तान को कुछ सेकंड बाद लगातार दो पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन भारतीय डिफेंस को भेदने के लिए उनके पास फायरपावर नहीं थी.
भारतीय टीम इस मुकाबले में 36 बार सर्कल पैनिट्रेशन करने में सफल हुई जबकि उसने 7 में से तीन गोल फील्ड के करें. भारत ने इस मैच में 13 पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए. इसके विपरीत पाकिस्तान 18 बार सर्कल पैनिट्रेशन करने में सफल हुआ और वह पूरे मैच में सिर्फ 6 पेनल्टी कॉर्नर हासिल करने में सफल हुआ.
इस जीत के साथ भारत अब अंक तालिका में सातवें स्थान पर आ गया है. भारत के 15 मैचों में 4 जीत और सात हार के बाद 17 अंक हैं. दूसरी तरफ पाकिस्तान है, जिसने लीग स्टेज में एक भी मैच नहीं जीत है. और यह तीसरा मौका है, जब उसने लीग स्टेज में 7 गोल खाए हैं.
यह भी पढ़ें: ENG vs NZ: लैथम-कॉन्वे ने 317 की साझेदारी कर रिकॉर्ड बुक की तहस-नहस, 149 सालों में दूसरी बार हुआ ऐसा
यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप 2026: मेस्सी, रोनाल्डो से लेकर वोज़िन्हा, एलॉय रूम तक, उम्र को मात दे रहे धुरंधर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं