विज्ञापन

शरीर में लिवर सिर्फ एक, लेकिन किडनी दो क्यों होती हैं? डॉक्टर ने बताई दिलचस्प वजह

हमारे शरीर में लिवर एक है लेकिन किडनी दो होती हैं. जब इंसान एक स्वस्थ किडनी के साथ भी सामान्य जीवन जी सकता है, तो दो किडनी की जरूरत क्यों पड़ती है? और इतने काम करने वाला लिवर सिर्फ एक ही क्यों होता है? डॉक्टर से समझिए इसके पीछे की वजह.

Medically Reviewed By: Dr Piyush Vishwakarma
शरीर में लिवर सिर्फ एक, लेकिन किडनी दो क्यों होती हैं? डॉक्टर ने बताई दिलचस्प वजह
इंसान के शरीर में दो किडनी क्यों होती हैं?
AI generated image

हमारे शरीर में कुछ अंग एक हैं तो कुछ दो. दिल एक है, लिवर एक है, लेकिन किडनी दो हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि जब एक किडनी के साथ भी इंसान सामान्य जीवन जी सकता है, तो शरीर में दो किडनी क्यों होती हैं? और इतने सारे काम करने वाले लिवर की संख्या सिर्फ एक क्यों है?

इसी सवाल को समझने के लिए हमने आरजी हॉस्पिटल्स, नई दिल्ली के कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटरोलॉजी, हेपेटोलॉजी और लिवर ट्रांसप्लांट स्पेशलिस्ट डॉ. पीयूष विश्वकर्मा से बात की.

लिवर इतना काम अकेले कैसे संभालता है?

लिवर हमारे शरीर का सबसे भारी और सबसे बड़ा अंदरूनी अंग है. यह पेट के दाहिने हिस्‍से में पसलियों के ठीक नीचे बैठता है. लिवर एक साथ शरीर के कई जरूरी काम संभालता है, इसलिए इसे शरीर की केमिकल फैक्ट्री भी कहा जाता है.

डॉ. पीयूष विश्‍वकर्मा बताते हैं कि लिवर एक समय में 500 से भी ज्‍यादा जरूरी काम करता है:

पोषक तत्‍वों को संभालना: हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं, आंतें उसे सोखकर सबसे पहले लिवर के पास भेजती हैं. लिवर तय करता है कि किस चीज को एनर्जी में बदलना है और किसे स्‍टोर करना है.

पाचक रस (बाइल) बनाना: यह पित्त यानी बाइल जूस बनाता है, जो तली-भुनी चीजों और फैट को पचाने के लिए बेहद जरूरी होता है.

जहर और दवाओं को साफ करना: आप जो दवाएं खाते हैं या खानपान के जरिए जो केमिकल्‍स शरीर में जाते हैं, लिवर उन्‍हें तोड़कर हानिरहित बनाता है.

ब्‍लड क्‍लॉटिंग प्रोटीन: चोट लगने पर खून का थक्‍का जमाने वाले खास प्रोटीन लिवर ही तैयार करता है.

अब सवाल उठता है कि जब इसके इतने सारे काम हैं, तो फिर भगवान ने दो लिवर क्‍यों नहीं दिए?

इसकी एक बड़ी वजह लिवर की रीजनरेशन यानी खुद को दोबारा विकसित करने की क्षमता है. हमारे पूरे शरीर में लिवर अकेला ऐसा अंग है, जो खुद को दोबारा उगा सकता है. डॉ. पीयूष के अनुसार अगर किसी बीमारी या सर्जरी में लिवर का 60 से 70 प्रत‍िशत हिस्‍सा काट भी दिया जाए, तो बचा हुआ छोटा सा टुकड़ा कुछ ही हफ्तों में बढ़कर पूरा लिवर बन जाता है. इसीलिए जब कोई इंसान किसी को लिवर डोनेट करता है, तो उसका लिवर भी दोबारा बढ़ जाता है और मरीज का भी. 

Also Read: किडनी में बार-बार पथरी क्यों बनती है, एक इंसान कितनी बार सर्जरी करा सकता है, ब‍िना ऑपरेशन इलाज हो सकता है?

तो फिर क‍िडनी दो क्‍यों दी गईं?

अब बात करते हैं क‍िडनी यानी गुर्दों की. हमारी कमर के निचले हिस्‍से में दो क‍िडनियां होती हैं. लिवर और किडनी में एक बड़ा अंतर उनकी रिकवरी क्षमता को लेकर है. किडनी के नेफ्रॉन गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के बाद लिवर की तरह regenerate नहीं करते. अगर क‍िडनी के सेल (नेफ्रॉन्‍स) एक बार खराब हो जाएं, तो वे दोबारा अपने आप नहीं उगते.

डॉ. पीयूष के अनुसार, शरीर को दो क‍िडनी इसलिए मिली हैं क्‍योंकि इनका काम बिना रुके 24 घंटे खून की सफाई करना है:

खून का फ‍िल्‍टर प्‍लांट: डॉ. पीयूष विश्‍वकर्मा कहते हैं कि दोनों क‍िडनियां मिलकर दिनभर में खून को कई बार छानती हैं और उसमें से यूरिया, क्रिएटनिन और फालतू कचरा पेशाब के जरिए बाहर निकालती हैं.

पानी और नमक का बैलेंस: शरीर में सोडियम, पोटैशियम और पानी की सही मात्रा बनाए रखने का जिम्‍मा क‍िडनी का ही है.

ब्‍लड प्रेशर और खून का निर्माण: क‍िडनी खास हॉर्मोन बनाती है, जो बीपी को कंट्रोल रखते हैं और खून की लाल कोशिकाएं (RBC) बनाने के लिए बोन मैरो को संकेत देते हैं.

दो किडनी होने से शरीर के पास अतिरिक्त फंग्‍शनल र‍िजर्व रहता है. डॉ. पीयूष के मुताबिक, किसी कारण एक किडनी की कार्यक्षमता कम हो जाए या उसे निकालना पड़े, तो दूसरी स्वस्थ किडनी कई स्थितियों में शरीर की जरूरतों के मुताबिक अपने काम को बढ़ा सकती है. यही वजह है कि एक स्वस्थ किडनी के साथ भी सामान्य जीवन संभव हो सकता है.

सबसे बड़ा वहम: क्‍या एक क‍िडनी या एक लिवर को हल्‍के में ले सकते हैं?

अक्‍सर लोग सोचते हैं कि "लिवर तो दोबारा उग जाता है, तो थोड़ी शराब और जंक फूड से क्‍या फर्क पड़ेगा?" या "क‍िडनी तो दो हैं, एक खराब भी हो गई तो दूसरी जिंदा रखेगी."

डॉ. पीयूष विश्‍वकर्मा चेतावनी देते हैं कि यह सोच जानलेवा साबित हो सकती है.

लिवर की भी एक हद है: भले ही लिवर दोबारा बन सकता है, लेकिन यह क्षमता असीमित नहीं है. अगर कोई इंसान सालों तक लगातार शराब पीता रहे, हेपेटाइटिस का इलाज न कराए या फैटी लिवर को नजरअंदाज करे, तो लिवर सख्‍त होने लगता है. इसे 'लिवर सिरोसिस' कहते हैं. सिरोसिस होने के बाद लिवर की दोबारा उगने की ताकत खत्‍म हो जाती है और ट्रांसप्‍लांट के अलावा कोई चारा नहीं बचता.

क‍िडनी पर ओवरलोड का खतरा: अगर एक क‍िडनी खराब हो जाए, तो दूसरी पर  बोझ पड़ता है. अगर खानपान और ब्‍लड प्रेशर का ख्‍याल न रखा जाए, तो दूसरी क‍िडनी भी धीरे-धीरे थककर फेल होने की कगार पर पहुंच जाती है.

दोनों अंगों को सालों-साल फिट रखने के आसान उपाय

लिवर और किडनी को स्वस्थ रखने में रोजमर्रा की कुछ आदतें अहम भूमिका निभाती हैं. अपनी रोजाना की ज‍िंदगी में ये छोटे-छोटे बदलाव करके आप लिवर और क‍िडनी दोनों को बुढ़ापे तक तंदुरुस्‍त रख सकते हैं:

भरपूर पानी पिएं: दिन में कम से कम ढाई से तीन लीटर पानी जरूर पिएं. पानी कम पीने से क‍िडनी पर कचरा छानने का दबाव बढ़ता है और पथरी का खतरा पैदा होता है.

नमक और चीनी पर काबू: खाने में ऊपर से नमक छिड़कना बंद करें. ज्‍यादा नमक क‍िडनी और ब्‍लड प्रेशर का दुश्‍मन है, जबकि बहुत ज्‍यादा मीठा और तला-भुना खाना लिवर में चर्बी (फैटी लिवर) जमा करता है.

बिना सलाह पेनकिलर लेने से बचें: सिरदर्द या बदन दर्द होते ही मेडिकल स्‍टोर से बिना पूछे पेनकिलर खरीदकर खाना क‍िडनियों को सीधा नुकसान पहुंचाता है. डॉक्‍टर की सलाह के ब‍िना कोई दवा न लें.

शराब और सिगरेट से दूरी: शराब सीधे तौर पर लिवर की कोशिकाओं को जलाती है. अगर आप लिवर को लंबी उम्र देना चाहते हैं, तो अल्‍कोहल से दूरी बनाना सबसे अच्‍छा फैसला होगा.

साल में एक बार रूटीन चेकअप: 30 की उम्र पार करते ही साल में एक बार ब्‍लड प्रेशर, ब्‍लड शुगर, LFT (लिवर फंक्‍शन टेस्‍ट) और KFT (क‍िडनी फंक्‍शन टेस्‍ट) जरूर करवाएं. इससे किसी भी गड़बड़ी का समय रहते पता चल जाता है.

लिवर और किडनी की संख्या अलग होने से ज्यादा जरूरी यह समझना है कि दोनों अंगों का काम और उनकी क्षमता अलग-अलग है. एक स्वस्थ किडनी के साथ सामान्य जीवन संभव हो सकता है, वहीं लिवर में सीमित परिस्थितियों में खुद को पुनर्जीवित करने की खास क्षमता होती है. इसका मतलब यह नहीं कि इन अंगों की सेहत को नजरअंदाज किया जा सकता है. शराब, अनियंत्रित ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और बिना सलाह दवाओं के इस्तेमाल जैसी चीजों से बचाव लंबे समय में इन अंगों को स्वस्थ रखने में मदद कर सकता है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Liver, Health, Liver And Kidney, Kidney, Anatomy
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com