क्या ऑफिस में एसी चलते ही आपको ठंड लगने लग जाती है? क्या मौसम में थोड़ा सा भी बदलाव आपके शरीर को बर्दाश्त नहीं होता? क्या घर में भी दूसरे सदस्य एसी के सामने आसाम से बैठे हैं, लेकिन आप स्वेटर या शॉल ढूंढने लगते हैं? हम में से कई लोग इस तरह की परेशानी को मौसम, कमजोर शरीर या बढ़ती उम्र का असर मानकर इग्नोर कर देते हैं. लेकिन अगर आपको बार-बार या हर समय ठंड महसूस होती है, तो इसके पीछे शरीर में किसी जरूरी पोषक तत्व की कमी भी हो सकती है. हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि हमारे शरीर में कुछ विटामिन्स की कमी के कारण इस तरह की परेशानी हो सकती है. दरअसल, कुछ ऐसे विटामिन्स और मिनरल्स हैं, जिसकी कमी की वजह से शरीर तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती और व्यक्ति को सामान्य तापमान में भी ज्यादा ठंड महसूस होने लगती है. यहां जानते हैं इस बारे में विस्तार से-
विटामिन B12 की कमी से लगती है ठंड
शरीर में विटामिन बी12 की कमी के कारण भी आपको ठंड लग सकती है. डॉक्टर का कहना है कि विटामिन B12 की कमी होने पर शरीर में मेगालोब्लास्टिक एनीमिया विकसित हो सकता है. इस स्थिति में रेड ब्लड सेल्स सामान्य से कम और आकार में बड़ी हो जाती हैं. इसकी वजह से शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित होती है, जिससे व्यक्ति को ठंड ज्यादा महसूस हो सकती है.
शरीर में विटामिन बी12 की कमी के कारण न सिर्फ ठंड लगती है, बल्कि कई अन्य तरह की परेशानी हो सकती है, जिसमें थकान, सिरदर्द, सांस फूलना, भूख कम लगना, धड़कन तेज होना, याददाश्त कमजोर होना और मुंह में छाले जैसी समस्याएं शामिल हैं. शरीर में इसकी कमी को दूर करने के लिए दही, मक्खन, फैटी फिश, अलसी जैसी चीजों का सेवन करें.
विटामिन बी9 भी है जिम्मेदार
शरीर में फोलेट यानी विटामिन B9 की कमी भी ठंड अधिक लगने की एक वजह बन सकती है. फोलेट रेड ब्लड सेल्स के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है. इसकी कमी होने पर भी एनीमिया हो सकता है, जिससे शरीर की गर्मी बनाए रखने की क्षमता प्रभावित होती है. फोलेट की पर्याप्त मात्रा पाने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, फल और फोर्टिफाइड अनाज खाने की सलाह दी जाती है.
आयरन की कमी भी हो सकती है कारण
आयरन विटामिन नहीं है, ये एक मिनरल है. इसकी कमी की वजह से शरीर में पर्याप्त हीमोग्लोबिन नहीं बन पाता. हीमोग्लोबिन ऑक्सीजन को पूरे शरीर में पहुंचाने का काम करता है. इसकी कमी से हाथ-पैर ठंडे रहना, कमजोरी महसूस होना और लगातार थकान जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
ये भी पढ़ें - ठंड भगाने के लिए क्या खाना चाहिए? कौन से विटामिन की कमी से ठंड ज्यादा लगती है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं