बारिश के मौसम में बालों के चिपचिपे और ऑयली हो जाने की समस्या बहुत आम है. मानसून में हवा में नमी बढ़ जाती है, जिससे सिर की त्वचा (स्कैल्प) ज्यादा तेल बनाने लगती है, इसी वजह से बाल धोने के एक-दो दिन बाद ही ऑयली, बेजान और गंदे दिखने लगते हैं. ऐसे बालों को संभालना कई लोगों के लिए परेशानी बन जाता है, खासकर जब वे अपने बालों को फ्रेश और चमकदार बनाए रखना चाहते हैं. हालांकि, अगर आपको इसकी सही वजह और देखभाल का तरीका पता हो, तो मानसून में भी बालों को हेल्दी और खूबसूरत रखा जा सकता है.
ब्यूटी एक्सपर्ट शहनाज़ हुसैन ने कुछ कुछ ऐसी टिप्स के बारे में बताया हैं, जो मानसून में भी बालों को हेल्दी और खूबसूरत रखा जा सकता है.
नमी का असर
शहनाज़ हुसैन के मुताबिक, बारिश के मौसम में हवा में नमी बहुत बढ़ जाती है, जिसका असर आपके बालों और स्कैल्प पर भी पड़ता है. स्कैल्प प्राकृतिक तेल बनाता है, जो बालों को नरम, स्वस्थ और सूखने से बचाने में मदद करता है, लेकिन मानसून में नमी बढ़ने पर यह तेल ज्यादा बनने लगता है, जिससे बाल जल्दी चिपचिपे और ऑयली दिखने लगते हैं.
स्कैल्प में ज्यादा पसीना आना
मानसून के दौरान गर्मी और उमस दोनों बढ़ जाती हैं, ऐसे मौसम में स्कैल्प पर ज्यादा पसीना आता है. जब पसीना और स्कैल्प का प्राकृतिक तेल आपस में मिलते हैं, तो बालों पर एक चिपचिपी परत बन जाती है, जिससे बाल ऑयली दिखने लगते हैं साथ ही धूल-मिट्टी और प्रदूषण भी आसानी से बालों में चिपक जाते हैं, जिससे वे गंदे और बेजान नजर आने लगते हैं.
धूल-मिट्टी और प्रदूषण की समस्या
बारिश के मौसम में वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण नमी के कारण ज्यादा देर तक हवा में बने रहते हैं. ये कण ऑयली बालों और पसीने वाले स्कैल्प पर आसानी से चिपक जाते हैं. इसी कारण बाल जल्दी गंदे हो जाते हैं और स्कैल्प पर खुजली या असहजता महसूस हो सकती है. अगर समय पर सफाई न की जाए तो बालों और स्कैल्प से जुड़ी समस्याएं बढ़ सकती हैं.
बढ़ सकती हैं स्कैल्प की समस्याएं
गर्म और नम मौसम फंगस और बैक्टीरिया के पनपने के लिए अनुकूल माना जाता है. इस वजह से मानसून में रूसी, खुजली और स्कैल्प में जलन जैसी परेशानियां बढ़ जाती हैं. जब स्कैल्प पूरी तरह स्वस्थ नहीं रहता, तो वह और ज्यादा तेल बनाने लगता है, जिससे बालों की चिपचिपाहट और बढ़ जाती है.
पतले बाल वालों को ज्यादा होती है परेशानी
जिन लोगों के बाल पतले होते हैं, उन्हें मानसून में चिपचिपे बालों की समस्या ज्यादा महसूस हो सकती है. ऐसा इसलिए क्योंकि अतिरिक्त तेल जड़ों से बालों की लंबाई तक जल्दी फैल जाता है. नतीजतन बाल थोड़े समय में ही ऑयली और फ्लैट दिखने लगते हैं.
मानसून में बालों को फ्रेश रखने के आसान उपाय
- बालों को नीम वाले पानी से धो सकते हैं, इससे स्कैल्प साफ रखने में मदद मिलती है.
- ताजा एलोवेरा जेल लगाने से स्कैल्प को ठंडक मिलती है और अतिरिक्त तेल कम हो सकता है.
- आंवला और रीठा जैसे हर्बल क्लींजर का इस्तेमाल करें.
- बहुत ज्यादा उमस वाले दिनों में बालों में जरूरत से ज्यादा तेल लगाने से बचें.
- अपने बालों की जरूरत के अनुसार नियमित रूप से हेयर वॉश करें.
- बाल धोने के बाद उन्हें अच्छी तरह सुखाएं ताकि नमी जमा न हो.
इसे भी पढ़ें: बारिश के मौसम में चाहिए कुछ क्रंची? Chef Ranveer Brar के Cheesy Nachos करें ट्राई
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं