विज्ञापन

मानसून में भूलकर भी न करें ये 5 Hair Care Mistakes, वरना झड़ने लगेंगे बाल

बारिश का पानी और ज्यादा पसीना स्कैल्प को ऑयली बना सकते हैं, जबकि बाल रूखे, बेजान और उलझे हुए नजर आने लगते हैं. ऐसे में बारिश के मौसम में इन 5 गलतियों से बचना चाहिए.

मानसून में भूलकर भी न करें ये 5 Hair Care Mistakes, वरना झड़ने लगेंगे बाल
मानसून हेयर केयर टिप्स
file photo

बारिश का मौसम गर्मी से राहत तो देता है, लेकिन साथ ही बालों और स्कैल्प से जुड़ी कई परेशानियां भी लेकर आता है. इस दौरान बढ़ी हुई नमी, बारिश का पानी और ज्यादा पसीना स्कैल्प को ऑयली बना सकते हैं, जबकि बाल रूखे, बेजान और उलझे हुए नजर आने लगते हैं. मानसून में बालों का झड़ना भी आम बात है, जिसकी वजह से कई लोग घबराकर एक के बाद एक नए हेयर प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने लगते हैं. हालांकि, बालों की कई समस्याओं के लिए केवल मौसम जिम्मेदार नहीं होता, बल्कि हमारी कुछ गलतियां भी इन्हें बढ़ा सकती हैं. चलिए आपको बताते हैं बारिश के मौसम में बालों को हेल्दी बनाए रखने के लिए किन गलतियों से बचें.

बारिश का पानी बालों में सूखने देना

बारिश में भीगना कई बार टाला नहीं जा सकता, लेकिन बारिश के पानी को बालों और स्कैल्प पर लंबे समय तक छोड़ देना सही नहीं है. बारिश के पानी में धूल, प्रदूषण और कई तरह के सूक्ष्म जीव मौजूद हो सकते हैं, जो स्कैल्प पर जमा होकर खुजली, डैंड्रफ और संक्रमण जैसी समस्याओं का कारण बन सकते हैं. इसके साथ ही, मानसून की नमी फंगस और बैक्टीरिया को पनपने के लिए अनुकूल माहौल बना देती है. अगर आपके बाल बारिश में भीग जाएं, तो घर पहुंचते ही उन्हें साफ पानी से धो लें. इसके बाद बालों को अच्छी तरह सुखाएं. गीले बालों को बांधने या बिना सुखाए सोने से बचें, क्योंकि इससे बालों और स्कैल्प दोनों को नुकसान हो सकता है.

बार-बार शैंपू से बाल धोना

मानसून में बढ़ी हुई नमी और पसीने की वजह से स्कैल्प जल्दी ऑयली महसूस हो सकता है. इसी कारण कई लोग रोजाना शैंपू करने लगते हैं. हालांकि, स्कैल्प को साफ रखना जरूरी है, लेकिन जरूरत से ज्यादा बाल धोने से बालों और स्कैल्प के प्राकृतिक तेल खत्म हो सकते हैं. कई बार शरीर इसकी भरपाई के लिए और ज्यादा तेल बनाने लगता है, जिससे बाल और भी ऑयली दिखने लगते हैं. एक्सपर्ट्स के अनुसार, बालों को अपनी स्कैल्प की जरूरत और दिनभर की गतिविधियों के अनुसार धोना चाहिए. आमतौर पर सप्ताह में 2 से 3 बार किसी माइल्ड शैंपू का इस्तेमाल करना काफी होता है.

गीले बालों के साथ सो जाना

मानसून में लोगों की सबसे आम गलतियों में से एक है बाल पूरी तरह सूखने से पहले सो जाना. गीला स्कैल्प लंबे समय तक नम और गर्म रहता है, जिससे फंगल संक्रमण, खुजली और स्कैल्प में जलन जैसी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा, गीले बाल कमजोर होते हैं और तकिए के साथ रगड़ लगने पर आसानी से टूट सकते हैं. ऐसे में सोने से पहले इस बात का जरूर ध्यान रखें की आपके बाल पूरी तरह सूख चुके हों.

जरूरत से ज्यादा हेयर ऑयल लगाना

हेयर ट्रांसप्लांट सर्जन डॉ. गौरंग कृष्णा के अनुसार, कई लोगों को लगता है कि मानसून में ज्यादा तेल लगाने से बालों का झड़ना रुक जाएगा. हालांकि, हल्की ऑयलिंग सूखे बालों को पोषण देने में मदद कर सकती है, लेकिन स्कैल्प पर लंबे समय तक बहुत ज्यादा तेल लगाए रखना नुकसानदायक हो सकता है. इससे धूल और गंदगी आसानी से चिपक जाती है, पसीना फंस सकता है और डैंड्रफ की समस्या भी बढ़ सकती है.

गीले बालों को लंबे समय तक बांधे रखना

बारिश में भीगने के बाद कई लोग बालों को तुरंत पोनीटेल या जुड़े में बांध लेते हैं, लेकिन गीले बालों को लंबे समय तक बांधकर रखना बालों और स्कैल्प दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है. जब स्कैल्प गीली रहती है, तो बालों के अंदर नमी और गर्माहट बनी रहती है. इससे डैंड्रफ, खुजली और स्कैल्प से जुड़ी अन्य समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है. इसके अलावा, गीले बाल कमजोर होते हैं और उन्हें कसकर बांधने से वे आसानी से टूट सकते हैं.

यह भी पढ़ें:- सोने का रानी हार और खूबसूरत पीकॉक झुमके, ऐसी थी रश्मिका मंदाना की शाही वेडिंग ज्वेलरी

यह भी पढ़ें:- क्या आपका बच्चा भी फोन देखे बिना खाना नहीं खाता, तो स्क्रीन की लत छुड़वाने के लिए अपनाए ये 3 तरीके

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hair Care, Monsoon, Hair Care Mistakes
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com