Work From Home Tips: हाल ही में प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से जरूरत पड़ने पर वर्क फ्रॉम होम अपनाने और पेट्रोल-डीजल की बचत करने की अपील की थी. मौजूदा हालात को देखते हुए यह सलाह सिर्फ तेल बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि स्मार्ट और जिम्मेदार लाइफस्टाइल की ओर भी इशारा करती है. आज डिजिटल दौर में घर से काम करना आसान हो गया है. इससे ट्रैफिक की परेशानी कम होती है, समय बचता है और लोग अपने परिवार के साथ ज्यादा समय बिता पाते हैं. हालांकि, वर्क फ्रॉम होम (Work From Home) को सही तरीके से अपनाना भी उतना ही जरूरी है. अगर रूटीन और स्वास्थ्य का ध्यान न रखा जाए तो छोटी-छोटी दिक्कतें होने लगती हैं. अच्छी बात यह है कि कुछ आसान आदतों को अपनाकर घर से काम करने का अनुभव और ज्यादा आरामदायक व प्रोडक्टिव बनाया जा सकता है.
वर्क फ्रॉम होम के दौरान ध्यान रखने वाली बातें | Things to Keep in Mind While Working from Home
1. काम और पर्सनल लाइफ का बैलेंस बनाए रखें
वर्कफ्रॉम होम का सबसे बड़ा फायदा यह है कि ऑफिस आने-जाने का समय बचता है. लेकिन, कई बार लोग काम खत्म होने के बाद भी लैपटॉप से जुड़े रहते हैं. इससे दिमाग को आराम नहीं मिल पाता. बेहतर होगा कि काम का एक तय समय बनाएं. ऑफिस खत्म होने के बाद मोबाइल और लैपटॉप से थोड़ी दूरी बनाकर खुद और परिवार को समय दें.

2. लगातार बैठना शरीर पर डाल सकता है असर
घर से काम करते समय लोग कई घंटों तक एक ही जगह बैठे रहते हैं. इससे पीठ दर्द, गर्दन में अकड़न और थकान महसूस हो सकती है. हर 40-45 मिनट में थोड़ा टहलना, स्ट्रेचिंग करना या पानी पीने उठना शरीर को एक्टिव बनाए रखता है. छोटी-छोटी ब्रेक्स काम की एनर्जी भी बढ़ाती हैं.
3. सही जगह बैठकर काम करना है जरूरी
कई लोग बेड या सोफे पर बैठकर काम करते हैं. शुरुआत में यह आरामदायक लगता है, लेकिन लंबे समय में शरीर की मुद्रा बिगाड़ सकता है. घर में एक छोटा-सा वर्क स्पेस बनाना बेहतर होता है. अच्छी कुर्सी, सही ऊंचाई वाली टेबल और पर्याप्त रोशनी काम को आसान बनाते हैं.
ये भी पढ़ें: 48 डिग्री के पार पहुंचा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, जानिए हीट वेव से बचने के तरीके
4. स्क्रीन टाइम पर रखें कंट्रोल
वर्कफ्रॉम होम में ऑनलाइन मीटिंग्स और लगातार स्क्रीन देखने के कारण आंखों पर दबाव बढ़ सकता है. इससे आंखों में जलन और सिरदर्द जैसी समस्या हो सकती है. इसके लिए 20-20-20 नियम अपनाएं. हर 20 मिनट बाद 20 सेकंड के लिए 20 फीट दूर किसी चीज को देखें. इससे आंखों को आराम मिलता है.

5. मानसिक ताजगी भी है जरूरी
ऑफिस का माहौल अलग होता है जहां लोगों से बातचीत होती रहती है. घर से काम करने में कभी-कभी अकेलापन महसूस हो सकता है. दोस्तों, सहकर्मियों और परिवार के साथ बातचीत बनाए रखें. बीच-बीच में हल्की म्यूजिक, चाय ब्रेक या थोड़ी वॉक मानसिक तनाव कम करने में मदद करती है.
6. बचा हुआ समय बेहतर कामों में लगाएं
वर्क फ्रॉम होम का एक बड़ा फायदा यह भी है कि ट्रैफिक में लगने वाला समय बच जाता है. इस समय का इस्तेमाल योग, एक्सरसाइज, किताब पढ़ने या नई स्किल सीखने में किया जा सकता है. यही आदतें धीरे-धीरे बेहतर लाइफस्टाइल बनाने में मदद करती हैं.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं