बरसात के मौसम में मकड़ियों का प्रकोप अक्सर बढ़ जाता है. ऐसे में अगर इस मौसम में मकड़ी काट ले, तो दर्द, खुजली, लालपन या हल्की सूजन जैसी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है. ज्यादातर लोग मकड़ियों को देखकर घबरा जाते हैं और सही जानकारी के बिना खुद ही उसका इलाज करने लगते हैं, लेकिन ऐसा करना सही नहीं माना जाता. इसी विषय पर डॉ. जेम्स ओ'डोनोवन, जो एक जाने-माने डॉक्टर, शोधकर्ता और हेल्थ एजुकेटर हैं, उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि मकड़ी के काटने पर क्या करना चाहिए और क्या नहीं.
यहां देखिए वीडियो...
मकड़ी के काटने का निशान कैसा होता है?
- छोटे धब्बे
- फफोले
- जलन
- खुजली
- सूजन
अगर मकड़ी काट ले तो क्या लगाना चाहिए?
सबसे पहले इन्फेक्टेड जगह को साफ करें
अगर आपको मकड़ी ने काट लिया है, तो सबसे पहले उस हिस्से को साफ पानी और हल्के साबुन से अच्छी तरह धो लें। इससे संक्रमण का खतरा कम हो सकता है और त्वचा साफ रहती है.
बर्फ की सिकाई करें
काटी हुई जगह पर दर्द, सूजन या जलन महसूस हो रही है तो साफ कपड़े में बर्फ लपेटकर 10 से 15 मिनट तक हल्की सिकाई करें. ध्यान रखें कि बर्फ को सीधे त्वचा पर न लगाएं, क्योंकि इससे त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है.
खुजलाने से बचें
मकड़ी काटने के बाद खुजली होना सामान्य बात है, लेकिन बार-बार खुजलाने से त्वचा छिल सकती है और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है. कोशिश करें कि उस जगह को हाथ न लगाएं.
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
अगर मकड़ी काटने के बाद इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत अस्पताल जाएं
- सांस लेने में तकलीफ होना
- चेहरे, होंठ या गले में सूजन आना
- तेज बुखार या ठंड लगना
- पूरे शरीर में चकत्ते या एलर्जी होना
- काटी हुई जगह पर बहुत तेज दर्द या पस बनना
- उल्टी, चक्कर या बेहोशी जैसा महसूस होना
जेम्स एक प्रशिक्षित डॉक्टर हैं. उन्होंने डॉक्टर की पढ़ाई की है, लेकिन आज वे कई अहम जिम्मेदारियां निभा रहे हैं. वह एक वैश्विक स्वास्थ्य संगठन में रिसर्च डायरेक्टर हैं, न्यूयॉर्क के माउंट सीनाई स्कूल ऑफ मेडिसिन में असिस्टेंट क्लीनिकल प्रोफेसर हैं, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के तकनीकी सलाहकार हैं और साथ ही NHS में लाइसेंस प्राप्त डॉक्टर के रूप में भी काम करते हैं.
इसे भी पढ़ें: जामुन खाने के बाद भूलकर भी न करें इन 5 चीजों का सेवन, वरना बिगड़ सकती है तबियत
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं