भारत और श्रीलंक के बीच गॉल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में जारी सीरीज के पहले मुकाबले के चौथे दिन विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का जलवा देखने को मिला. ऐसी पिच पर, जहां बल्लेबाजी काफी मुश्किल थी, पंत ने एक छोर संभाले रखा और विस्फोटक पारी खेल, भारत की बढ़त को 350 पार पहुंचाया. पंत 69 गेंदों में 8 चौके और दो छक्कों के दम पर 66 रनों की पारी खेलकर आउट हुए. उनके अलावा देवदत्त पडिक्कल 44 और केएल राहुल 35 रन बनाकर आउट हुए. पंत इन दो छक्कों के दम पर एक खास रिकॉर्ड अपने नाम करने में सफल हुए. पंत ने टेस्ट में 100 छक्के पूरे कर लिए हैं.
ऋषभ पंत टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर तो हैं हि वह टेस्ट के 148 सालों के इतिहास में इस कारनामे को 5 हजार से कम गेंदों के अंदर करने वाले पहले बल्लेबाज हैं. साथ ही गिलक्रिस्ट के बाद पंत 100 छक्के लगाने वाले दूसरे विकेटकीपर हैं. टेस्ट में पंत से पहले सबसे तेज 100 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज गिलक्रिस्ट थे. उन्होंने 6578 गेंदों में यह कारनामा किया था. जबकि दूसरे स्थान पर बेन स्टोक्स रहे, जिन्होंने 9042 गेंदों में यह मुकाम हासिल किया था. वहीं ब्रैंडन मैकुलम ने 9756 गेंदों में यह कारनामा किया था. जबकि पंत ने इसके लिए 4918 गेंद ही ली हैं.
टेस्ट में 100 छक्के लगाने के लिए सबसे कम गेंदें
- 4918 - ऋषभ पंत
- 6578 - एडम गिलक्रिस्ट
- 9042 - बेन स्टोक्स
- 9756 - ब्रेंडन मैकुलम
इस मैच में आने से पहले, पंत के नाम 97 छक्के थे। उन्होंने पहली पारी में बनाए 39 रन के दौरान 1 छक्का लगाया था. वहीं, दूसरी पारी में 66 रन बनाने के दौरान दो छक्के लगाकर टेस्ट क्रिकेट में 100 छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल की. पंत ने लाहिरू कुमारा की गेंद पर डीप फाइन लेग पर छक्का मारकर अपना 100वां छक्का पूरा किया. इस शॉट से उन्होंने 53 गेंदों पर अपना पचासवां रन भी पूरा किया.
पंत टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर हैं. वहीं, ओवर ऑल टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले चौथे खिलाड़ी हैं. इस लिस्ट में इंग्लैंड के पूर्व कप्तान बेन स्टोक्स (138) पहले नंबर पर हैं. न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम (107) दूसरे नंबर पर हैं. ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भी टेस्ट में 100 छक्के लगाए हैं. टेस्ट में 100 छक्के लगाने वाले गिलक्रिस्ट पहले क्रिकेटर थे. स्टोक्स, मैकुलम और गिलक्रिस्ट तीनों संन्यास ले चुके हैं. ऐसे में पंत के पास टेस्ट क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम करने का अवसर है.
भारतीयों में पंते के बाद टेस्ट में छक्का लगाने के मामले में वीरेंद्र सहवाग दूसरे (91 छक्के) और रोहित शर्मा (88 छक्के) तीसरे स्थान पर हैं. ऋषभ पंत मौजूदा समय में टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम के नियमित सदस्य हैं. 51 मैचों की 89 पारियों में 8 शतक और 20 अर्धशतक की मदद से 3,662 रन बना चुके हैं. पंत फिलहाल 28 साल के हैं, और उनके पास अपने टेस्ट क्रिकेट के आंकड़ों को बेहतर बनाने का पर्याप्त अवसर है.
यह भी पढ़ें: IND vs SL: चंडीमल की जगह टीम में आए सूरियाबंदारा बैटिंग कर पाएंगे? भारत को फायदा, जानें नियम के बारे में
यह भी पढ़ें: रवींद्र जडेजा की ऐतिहासिक उपलब्धि, कारनामा करने वाले इकलौते क्रिकेटर, जानें ऑलराउंडर की 5 बड़ी बातें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं