विज्ञापन

अमेरिका में गर्लफ्रेंड का कत्ल, उसी के फोन से मां को मैसेज; भारत भाग रहा वरुण जर्मनी में गिरफ्तार

20 साल के वरूण बाचिगारी को एरिजोना यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया था. गिरफ्तारी वारंट के मुताबिक, वरुण पहले भी एक मारपीट के मामले में शामिल रहा था. उसकी गर्लफ्रेंड रिलेशनशिप को खत्म करना चाहती थी.

अमेरिका में गर्लफ्रेंड का कत्ल, उसी के फोन से मां को मैसेज; भारत भाग रहा वरुण जर्मनी में गिरफ्तार
भारत भाग रहा 20 साल का वरुण जर्मनी में गिरफ्तार (फोटो- सोशल मीडिया)

अमेरिकी राज्य एरिजोना में अपनी गर्लफ्रेंड की हत्या के आरोपी भारतीय छात्र को जर्मनी में गिरफ्तार कर लिया गया. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार वह भारत जाने के लिए आगे की फ्लाइट पकड़ने वाला था, लेकिन उससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया. 20 साल के वरुण बाचिगारी पर 19 साल की अपनी गर्लफ्रेंड जुलिसा रूबी सलाजार की हत्या का आरोप है. वरुण एरिजोना यूनिवर्सिटी में बिजनेस एनालिटिक्स की पढ़ाई कर रहा था. आरोप है कि उसने 6 अगस्त को टक्सन के एक अपार्टमेंट में जुलिसा की हत्या कर दी.

टक्सन पुलिस विभाग के मुताबिक, हत्या के बाद वरुण टक्सन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचा. वहां से उसने जर्मनी की फ्लाइट पकड़ी. उसका प्लान जर्मनी से आगे भारत जाने का था. इस बीच जांच कर रहे अधिकारियों ने वरुण के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट हासिल कर लिया. उस पर फर्स्ट डिग्री की हत्या और अपहरण के आरोप लगाए गए.

टक्सन पुलिस ने एक बयान में कहा कि टक्सन पुलिस विभाग, FBI के टक्सन ऑफिस और बर्लिन स्थित FBI के लीगल अटैचे ऑफिस के बीच करीबी तालमेल से वरुण को जर्मनी पहुंचते ही हिरासत में ले लिया गया. इस तरह वह आगे भारत की यात्रा नहीं कर सका.

कैसे पकड़ में आया वरुण?

जांचकर्ताओं का आरोप है कि हत्या के बाद वरुण ने जुलिसा का मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड चुरा लिया. इसके बाद उसने जुलिसा की मां को कई टेक्स्ट मैसेज भेजे और खुद को जुलिसा बताने की कोशिश की. माना जा रहा है कि उसने ऐसा हत्या की सच्चाई छिपाने के लिए किया. इन मैसेज से जुलिसा के परिवार को शक हुआ. परिवार ने पुलिस से उसकी सुरक्षा और हालचाल की जांच करने को कहा. इसके बाद पुलिस अधिकारी अपार्टमेंट पहुंचे और वहां जुलिसा का शव मिला.

स्थानीय मीडिया के मुताबिक, 6 अगस्त को शाम करीब 4 बजे टक्सन फायर डिपार्टमेंट को दिल का दौरा पड़ने की सूचना मिली थी. जब फायर विभाग की टीम अपार्टमेंट पहुंची तो जुलिसा फर्श पर मृत पड़ी थी. उसके गले तक एक कंबल खींचा हुआ था. जुलिसा की गर्दन पर गला दबाए जाने के निशान और खरोंच भी मिले. इसके बाद फायर विभाग की टीम ने शहर की पुलिस को बुलाया.

केओएलडी-टीवी को मिले गिरफ्तारी वारंट के मुताबिक, वरुण पहले भी एक मारपीट के मामले में शामिल रहा था. इस मामले की जांच एरिजोना यूनिवर्सिटी के पुलिस विभाग ने की थी. जांचकर्ताओं से बात करने वाले गवाहों ने बताया कि 2025 के आखिर में वरुण के साथ समस्याएं होने के बाद जुलिसा ने उससे अलग होकर अपना घर बदल लिया था. गवाहों के मुताबिक, जुलिसा यह रिश्ता खत्म करना चाहती थी. इसकी वजह वरुण के घरेलू हिंसा के कथित पुराने मामले बताए गए.

गिरफ्तारी वारंट में कई गवाहों के ऐसे आरोप भी शामिल हैं, जिनमें वरुण के पहले के हिंसक व्यवहार का जिक्र किया गया है. एक गवाह ने जांचकर्ताओं को बताया कि हैलोवीन पार्टी में वरुण ने उसका यौन उत्पीड़न किया था. हालांकि, उसने कहा कि इस आरोप की शिकायत उसने कभी पुलिस में नहीं की. फॉक्स न्यूज द्वारा देखे गए अमेरिकी संघीय रिकॉर्ड के मुताबिक, हत्या के कथित समय वरुण का अमेरिका में इमिग्रेशन स्टेटस कानूनी था. यह स्थिति उस रिपोर्ट के बावजूद थी, जिसमें कहा गया था कि उसे एरिजोना यूनिवर्सिटी से निकाल दिया गया था.

अब वरुण को अमेरिका के एरिजोना राज्य लाया जाना बाकी है. वह प्रत्यर्पण का इंतजार कर रहा है. प्रत्यर्पण के बाद उसे एरिजोना के पिमा काउंटी एडल्ट डिटेंशन कॉम्प्लेक्स में रखा जाएगा और गिरफ्तारी वारंट के आधार पर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें: परमाणु बम रोकने निकले थे ट्रंप, अब ईरान के आगे क्यों बदल रहा पूरा खेल?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
US Crime News, Indian Criminals In US, Crime News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com