विज्ञापन

क्या आप भी बहुत सारे फ्रूट्स मिक्स करके खाते हैं? डॉ. दीप्ति खाटूजा से जानें किसे और कैसे खाने चाहिए फल

क्या गर्म और ठंडी तासीर वाले फल एक साथ खा सकते हैं? एक्सपर्ट से जानें फ्रूट सलाद खाने का सही तरीका, मात्रा और वजन घटाने वालों के लिए जरूरी टिप्स.

क्या आप भी बहुत सारे फ्रूट्स मिक्स करके खाते हैं? डॉ. दीप्ति खाटूजा से जानें किसे और कैसे खाने चाहिए फल
क्या फ्रूट सलाद सेहतमंद होता है?

कई लोगों के दिन की शुरुआत बिना फल खाए नहीं होती है कुछ लोग ऐसे हैं जो सिर्फ एक समय पर एक फ्रूट खाना पसंद करते हैं, तो कई ऐसे हैं जिन्हें फ्रूट सलाद खाना ज्यादा पसंद आता है, लेकिन क्या अलग-अलग तासीर वाले फलों को एक समय पर खाना सही है? इसी सवाल का जवाब देते हुए फोर्टिस अस्पताल, गुरुग्राम में डायटेटिक्स विभाग की प्रमुख दीप्ति खाटूजा ने NDTV को बताया कि एक समय पर अलग-अलग तासीर वाले फलों को खाया जा सकता है, लेकिन उसकी मात्रा और अपनी विशेष मेडिकल समस्या पर ध्यान देना बेहद जरूरी है.

क्या अलग तासीर वाले फल एक साथ खा सकते हैं?

बहुत से लोग मानते हैं कि गर्म और ठंडी तासीर वाले फलों को एक साथ नहीं खाना चाहिए, लेकिन डॉक्टर दीप्ति का कहना है कि अगर किसी व्यक्ति को कोई विशेष मेडिकल समस्या है, जैसे पाचन संबंधी परेशानी, एलर्जी या कोई वजन कम कर रहा है, तो उसे अपनी स्थिति के अनुसार फलों का चुनाव करना चाहिए.

वजन कम करने वालों को क्या ध्यान रखना चाहिए?

डॉक्टर ने आगे बताया कि अगर कोई वजन कम करना चाहता है, तो फ्रूट सलाद बनाते समय फलों की मात्रा पर ध्यान देना जरूरी है. कुछ फल नेचुरल तरीके से ज्यादा मीठे होते हैं और उनमें शुगर की मात्रा अधिक होती है. ऐसी सिचुएशन में केला, चीकू और अन्य ज्यादा मीठे फलों की मात्रा सीमित रखी जा सकती है. वहीं, कम मीठे फलों जैसे तरबूज, पपीता, सेब या मौसमी फलों को ज्यादा मात्रा में शामिल किया जा सकता है, इससे पेट भी भरा हुआ महसूस होता है और मीठा खाने की इच्छा भी कम हो सकती है.

मौसमी फलों को खाना जरूरी है?

फ्रूट सलाद बनाते समय मौसमी फलों को शामिल करना सबसे अच्छा माना जाता है, गर्मियों में आम और तरबूज जैसे फल शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकते हैं. वहीं अन्य मौसमों में उपलब्ध ताजे फल भी अच्छे विकल्प हो सकते हैं. 

क्या केला खाने से वजन बढ़ता है?

डॉक्टर ने NDTV को बताया कि केला खाने से वजन बढ़ जाता है यह पूरी तरह सही नहीं है. वजन बढ़ना या घटना केवल किसी एक फल पर निर्भर नहीं करता, बल्कि पूरी डाइट और लाइफस्टाइल पर निर्भर करता है.

अगर आप अपनी डाइट को बैलेंस कर लेते हैं और रोजाना फिजिकल एक्टिविटी करते हैं, तो एक केला खाना आमतौर पर समस्या नहीं बनता, बल्कि केला शरीर को एनर्जी, पोटैशियम और कई जरूरी पोषक तत्व देता है.

एक दिन में कितने केले खाने चाहिए?

सामान्य रूप से स्वस्थ व्यक्ति अपनी जरूरत और गतिविधि के अनुसार एक केला आसानी से खा सकता है। यदि व्यक्ति शारीरिक रूप से सक्रिय है, तो उसकी जरूरत अलग हो सकती है.
 

Expert: दीप्ति खाटूजा, डायटेटिक्स विभाग की प्रमुख, फोर्टिस अस्पताल गुरुग्राम.

इसे भी पढ़ें: https://ndtv.in/food/how-to-make-kulfi-from-leftover-rice-11611416

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Fruit Salads Benefits, Banana Weight Gain, Fruit Combination, Doctor Tips
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com