स्वतंत्रता दिवस से पहले दिल्ली पुलिस ने चोरी के वाहनों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक हैरान करने वाला मामला पकड़ा है. वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की AATS टीम ने दो Toyota Fortuner SUV बरामद की हैं, जो अलग-अलग जगहों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ चल रही थीं. पुलिस की जांच में दोनों गाड़ियां चोरी की निकलीं. खास बात यह है कि दोनों वाहनों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ-साथ एक ही चेसिस नंबर भी दर्ज पाया गया.
दिल्ली में 15 अगस्त को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है. इसी के तहत दिल्ली पुलिस को चोरी के वाहनों, संदिग्ध गाड़ियों और सेकेंड हैंड कारों की खरीद-फरोख्त पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं. इसी अभियान के दौरान AATS वेस्ट डिस्ट्रिक्ट की टीम को सूचना मिली कि NCR में दो Toyota Fortuner एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ अलग-अलग जगहों पर इस्तेमाल की जा रही हैं.
दोनों गाड़ियों को Toyota सर्विस सेंटर ले गई पुलिस
पुलिस ने दोनों Fortuner को AATS कार्यालय लाकर उनकी बारीकी से जांच की. शुरुआती जांच में दोनों गाड़ियों पर एक ही रजिस्ट्रेशन नंबर और एक ही चेसिस नंबर पाया गया. इसके बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अधिकृत Toyota सर्विस सेंटर भेजा, जहां उनकी तकनीकी जांच कराई गई.
तकनीकी जांच में बड़ा खुलासा हुआ. Toyota सर्विस सेंटर की जांच में पुष्टि हुई कि दोनों Fortuner चोरी की गाड़ियां हैं. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इन चोरी की गाड़ियों को किस तरीके से तैयार किया गया, इनके दस्तावेजों में किस तरह की हेराफेरी की गई और इन्हें अलग-अलग जगहों पर कौन लोग इस्तेमाल कर रहे थे.
क्या कनेक्शन निकला?
पुलिस के मुताबिक, बरामद वाहनों का कनेक्शन गांधी नगर और प्रीत विहार थाने में दर्ज पुराने मामलों से भी सामने आया है. इनमें E-FIR थाना गांधी नगर और E-FIR थाना प्रीत विहार शामिल हैं. इसके अलावा गांधी नगर थाने में दर्ज FIR जिसमें धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज और साजिश से जुड़ी धाराएं लगाई गई थीं, उसका लिंक भी सामने आया है.
इस मामले में पुलिस ने 23 साल के आर्यन मावी, निवासी विवेक विहार, दिल्ली को आरोपी के तौर पर चिन्हित किया है. पुलिस अब उससे पूछताछ और आगे की जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी की इन गाड़ियों को हासिल करने और इस्तेमाल करने के पीछे पूरा नेटवर्क क्या था.
यह भी पढ़ें: भारत के पास है दुनिया का नेतृत्व करने का सुनहरा मौका, यूएन महासचिव चुनाव में उतरेगा भारत?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं