विज्ञापन

सुबह खाली पेट कैसे पीना चाहिए पानी? डॉक्टर ने बताया पानी कैसे पीना चाहिए

सुबह उठकर क्या आप ढेर सारा पानी पीते हैं और आपको लगता है कि इससे आपका शरीर डिटॉक्स हो रहा है? अगर हां, तो ये खबर पढ़कर आपकी सोच बदल सकती है. यहां जानते हैं इस विषय को विस्तार से-

सुबह खाली पेट कैसे पीना चाहिए पानी? डॉक्टर ने बताया पानी कैसे पीना चाहिए
drinking water on empty stomach

दिन की शुरुआत एक गिलास पानी से करना कई लोगों की आदत होती है. रातभर सोने के दौरान शरीर को कई घंटों तक पानी नहीं मिलता, इसलिए सुबह उठने पर पानी पीना शरीर को दोबारा हाइड्रेट करने में मदद कर सकता है. अक्सर सोशल मीडिया पर इस तरह के दावे किए जाते हैं कि सुबह उठकर ढेर सारा पानी पीना चाहिए, इससे शरीर की गंदगी बाहर हो जाती है. इस विषय पर डॉक्टर का कहना है कि ऐसा मानना पूरी तरह सही नहीं है. यहां जानते हैं डॉक्टर की राय-

क्या कहते हैं डॉक्टर?

दिल्ली स्थित सीके बिड़ला हॉस्पिटल के कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. अमित प्रकाश सिंह का कहना है कि एक हेल्दी व्यक्ति के लिए सुबह उठकर 1 से 2 गिलास पानी पीना पर्याप्त होता है. इससे रात के दौरान हुई तरल पदार्थों की कमी कुछ हद तक पूरी हो सकती है और शरीर दिन की शुरुआत के लिए तैयार हो जाता है. हालांकि, ये जरूरी नहीं कि आप उठते ही बहुत ज्यादा मात्रा में पानी पिएं. शरीर को हाइड्रेट रखने का सबसे अच्छा तरीका पूरे दिन नियमित अंतराल पर पानी पीना है.

क्या सुबह गर्म पानी पीना ज्यादा फायदेमंद है?

कई लोग मानते हैं कि सुबह उठकर गर्म पानी पिएं, इससे आपका शरीर तेजी से डिटॉक्स हो सकता है या वजन कम करने में मदद मिलती है. डॉक्टर का कहना है कि फिलहाल ऐसा साबित करने वाले पर्याप्त वैज्ञानिक प्रमाण मौजूद नहीं हैं. डॉक्टर्स के मुताबिक, पानी का तापमान उतना मायने नहीं रखता, जितना कि पर्याप्त मात्रा में पानी पीना. इसलिए आप अपनी पसंद के अनुसार सामान्य, गुनगुना या ठंडा पानी पी सकते हैं.

क्या ब्रेकफास्ट से पहले पानी पीना सही है?

डॉ. अमित कहते हैं कि नाश्ते से पहले पानी पीना एक अच्छी आदत हो सकती है. इससे शरीर को हाइड्रेशन मिलता है और कुछ लोगों को भूख कंट्रोल रखने में भी मदद मिल सकती है. कुछ रिसर्च ये भी पाया गया है कि खाना खाने से 20 से 30 मिनट पहले पानी पीने से खाने की मात्रा थोड़ी कम हो सकती है. हालांकि, इससे वजन घटाने का कोई असर नहीं होता है. 

कैसे पता करें कि शरीर को पर्याप्त पानी मिल रहा है?

डिहाइड्रेशन से बचने के लिए हर व्यक्ति को अपनी जरूरत के अनुसार पानी पीना चाहिए. अगर पेशाब का रंग हल्का पीला है तो यह शरीर में पर्याप्त पानी होने का संकेत माना जाता है. वहीं, बार-बार प्यास लगना, पेशाब का रंग गहरा होना या पेशाब कम आना इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर को और पानी की जरूरत है.

डॉ. अमित प्रकाश सिंह बताते हैं कि जिन लोगों को किडनी की बीमारी, हार्ट फेलियर या लिवर सिरोसिस जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हैं, उनकी पानी की जरूरत सामान्य लोगों से अलग हो सकती है. ऐसे में किसी भी सामान्य सलाह को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श लेना बेहतर होता है.

ये भी पढ़ें - मिर्च खाने के बाद पानी पीना पड़ सकता है भारी! एक्सपर्ट बताते हैं क्यों बढ़ जाती है जलन

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Drinking Water, Drinking Water Empty Stomach, Empty Stomach Water, Empty Stomach Water Benefit, Empty Stomach Water Drinking Benefits
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com