Can You Drink Rainwater: बारिश में नहाते समय या बचपन की यादों में कई लोगों ने बारिश का पानी चखा होगा. लेकिन क्या आसमान से गिरने वाला यह पानी सच में इतना शुद्ध होता है कि इसे सीधे पी लिया जाए? एक्सपर्ट्स के मुताबिक बारिश का पानी हमेशा पीने लायक नहीं होता. इसमें प्रदूषण, बैक्टीरिया, वायरस और हानिकारक कण मिल सकते हैं. आइए जानते हैं बारिश का पानी पीना कितना सुरक्षित है.
मानसून में अक्सर जब प्रकृति का लुत्फ लेने के लिए हम बारिश में नहाते हैं. और कई बार इस पानी को पी लेते हैं. इसके बाद अक्सर देखा गया है कि लोग बीमार हो जाते हैं. क्या कभी आपके दिमाग में यह बात आई है कि बारिश का पानी सीधा पीना सेफ है या नहीं. क्योंकि हमें लगता है कि यह तो नेचुलर वॉटर है, इसके कुछ नुकसान नहीं होंगे.
इस बारे में एनडीटीवी ने बात की डॉ. संजय विनायक से, यशोदा मेडिसिटी के सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन डॉ. संजय विनायक से . चलिए जानते है कि यह कितना सेफ है और कितना नुकसानदायक-
पहले देखें का वीडियो -
क्या बारिश का पानी पीना वाकई सुरक्षित है?
वैसे तो बरसात का पानी पीने में कोई बुराई नहीं है. लेकिन हर बार बारिश का पानी पीने लायक नहीं होता. जैसे ही पानी आसमान से नीचे गिरता है, हवा में मौजूद धूल-मिट्टी, प्रदूषण, खतरनाक बैक्टीरिया और वायरस इसमें मिल जाते हैं. अगर आप किसी बहुत ज्यादा प्रदूषण वाले इलाके में रहते हैं, या पानी ऐसी छत से बहकर आ रहा है जहां चिड़ियों की बीट या हेवी मेटल मौजूद हैं, तो यह पानी अमृत नहीं बल्कि जहर बन जाता है. इसे पीने से आप बहुत बुरे बीमार पड़ सकते हैं.
डॉ. संजय विनायक (सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन) ने एनडीटीवी को बताया कि -
"बारिश का पानी प्राकृतिक जरूर है, लेकिन इसे हमेशा सुरक्षित या पीने योग्य मानना सही नहीं है. हवा में मौजूद प्रदूषक, धूल, बैक्टीरिया और वायरस बारिश के पानी को दूषित कर सकते हैं. इसलिए बिना फिल्टर या उबाले बारिश का पानी पीने से बचें, खासकर पहली बारिश का पानी बिल्कुल नहीं पीना चाहिए."
क्या बारिश का पानी पीने से बीमार पड़ सकते हैं?
डॉ. संजय के अनुसार बारिश के पानी में धूल, प्रदूषण, बैक्टीरिया और वायरस मिल सकते हैं. ऐसे पानी को बिना फिल्टर या उबाले पीने से पेट में संक्रमण, डायरिया, उल्टी, फूड पॉइजनिंग और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं.
बारिश का पानी पीते समय ये 3 गलतियां बिल्कुल न करें
- सीधे मुंह खोलकर पानी पीना: अगर आप भी मजे मजे में सीधे आसमान की तरफ मुंह खोलकर पानी पीने लगते हैं. तो यह एक बड़ी भूल हो सकती है. बारिश में हवा का सारा प्रदूषण और एसिड घुला सेहत के नुकसान पहुंचा सकता है.
- एल्कलाइन पानी का भ्रम: इंटरनेट पर कई लोग दावा करते हैं कि बारिश का पानी 'एल्कलाइन' होता है और इसे पीने से खून का pH लेवल सुधर जाता है. यह सही नहीं है. विज्ञान के अनुसर कहता है कि हम चाहे जो खाएं या पीएं, हमारी बॉडी खून का pH लेवल हमेशा 7.4 पर मेंटेन रखती है. सच तो यह है कि बारिश का पानी एल्कलाइन नहीं, बल्कि हल्का एसिडिक (pH 5.0 से 5.5) होता है.
- बिना उबाले पानी स्टोर करना: लोग बाल्टी में बारिश का पानी इकट्ठा करके सीधे पीने लगते हैं. बिना फिल्टर और बिना उबाले इसे पीना पेट की बीमारियों को खुली दावत देना है.
क्या पहली बारिश का पानी पीना चाहिए?
अगर आप भी मजे मजे में पहली बारिश या अक्सर बारिश का लुत्फ उठाने के लिए सीधे आसमान की तरफ मुंह खोलकर पानी पीने लगते हैं. तो यह एक बड़ी भूल हो सकती है. पहली बारिश में हवा का सारा प्रदूषण और एसिड घुला होता है, क्योंकि इससे पहले मौसम साफ नहीं होता और हवा में भी प्रदूषण ज्यादा होता है.
बारिश का पानी पीने के नुकसान
- पेट का संक्रमण
- दस्त और डायरिया
- उल्टी और फूड पॉइजनिंग
- टाइफाइड और हैजा का खतरा
- हेपेटाइटिस-A का जोखिम
- प्रदूषण और केमिकल्स का प्रभाव
तो कैसे बनाएं इसे पीने लायक?
अगर आप बारिश का पानी इस्तेमाल करना ही चाहते हैं, तो इन बातों का ध्यान रखें:
उबालना है जरूरी: पानी को अच्छे से उबालने से उसके अंदर के बैक्टीरिया और वायरस तो मर जाते हैं, लेकिन केमिकल साफ नहीं होते.
फिल्टर का करें इस्तेमाल: भारी धातुओं और केमिकल को हटाने के लिए एक अच्छे वाटर फिल्ट्रेशन सिस्टम का इस्तेमाल करें.
दूसरा रास्ता अपनाएं: अगर आप इसे सही से फिल्टर और साफ नहीं कर पा रहे हैं, तो रिस्क न लें. इस पानी को पीने के बजाय पेड़-पौधों में डालने, कपड़े धोने या नहाने के काम में ले लें.
कुल मिलकार
बारिश का पानी पीना सेहत के लिए बुरा नहीं है, लेकिन यह आपके नॉर्मल फिल्टर के पानी से ज्यादा फायदेमंद भी नहीं है. पाचन ठीक होना या टॉक्सिन्स बाहर निकलना, ये सब सामान्य साफ पानी पीने के फायदे हैं, सिर्फ बारिश के पानी के नहीं. इसलिए अंधविश्वास से बचें और सतर्क रहें.
(डॉ. संजय विनायक, सीनियर कंसल्टेंट, इंटरनल मेडिसिन, यशोदा मेडिसिटी)
यह भी पढ़ें : ग्रामीणों ने पहली बारिश में बचा लिया 31 करोड़ लीटर पानी, महज 15 दिन में वॉटर हार्वेस्टिंग कर रचा कीर्तिमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं