हमारे घरों में जब भी कोई पूजा-पाठ या फिर हवन होता है, तो लोबान और गुग्लुल का इस्तेमाल किया जाता है. इनकी खुशबू चारों ओर फैलकर वातावरण को स्वच्छ बनाए रखने में मददगार होती हैं. लेकिन क्या आप जानते हैं कि इन दोनों का महत्व न सिर्फ पूजा-पाछ में है, बल्कि आयुर्वेद में भी इसका खास महत्व है. आयुर्वेद श्रेय शर्मा कहते हैं कि आयुर्वेद में इन दोनों की जड़ी-बूटियों का खास महत्व होता है. अक्सर हम में से कई लोग इसे एक ही समझ लेते हैं, लेकिन दोनों की गुणवत्ता और इस्तेमाल अलग-अलग होती है. यहां जानते हैं लोबान और गुग्गुल में क्या अंतर है?
लोबान क्या है?
लोबान एक नैचुरल राल (Resin) है, जो खास पेड़ों की छाल से निकलती है. इसे अंग्रेजी में फ्रैंकिन्सेस(Frankincense) भी कहा जाता है. जलाने पर इससे हल्की, मीठी और सुखद खुशबू निकलती है. आयुर्वेद में लोबान को वातावरण को शुद्ध करने और मानसिक शांति देने वाला माना गया है.
आयुर्वेद एक्सपर्ट श्रेय शर्मा का कहना है कि लोबान का धुआं घर के वातावरण को ताजगी देने के साथ तनाव और बेचैनी को कम करने में मदद कर सकता है. यही वजह है कि ध्यान, योग और आध्यात्मिक गतिविधियों में इसका उपयोग लंबे समय से किया जाता रहा है.
गुग्गुल क्या है?
गुग्गुल भी एक प्रकार की राल है, लेकिन यह मुख्य रूप से कमिफोरा मुकुल नामक पौधे से प्राप्त होती है. आयुर्वेद में गुग्गुल का औषधीय महत्व काफी अधिक माना जाता है.
गुग्गुल का उपयोग कई आयुर्वेदिक दवाओं में किया जाता है. माना जाता है कि इसमें सूजन कम करने, जोड़ों की सेहत को बेहतर बनाने और शरीर से विषैले तत्वों को बाहर निकालने वाले गुण पाए जाते हैं. आयुर्वेदिक चिकित्सक अक्सर इसे गठिया, मोटापा और कुछ चयापचय संबंधी समस्याओं में इस्तेमाल होने वाली दवाओं में शामिल करते हैं.
लोबान और गुग्गुल में मुख्य अंतर
लोबान मुख्य रूप से अपनी सुगंध और वातावरण को शुद्ध करने वाले गुणों के लिए जाना जाता है. वहीं, गुग्गुल को औषधीय इस्तेमालों के लिए अधिक महत्व दिया जाता है.
लोबान का इस्तेमाल धूप, अगरबत्ती और अरोमा थेरेपी में ज्यादा होता है. दूसरी ओर, गुग्गुल आयुर्वेदिक उपचार और हर्बल दवाओं का अहम हिस्सा है. दोनों ही प्राकृतिक राल हैं, लेकिन उनके हेल्थ बेनेफिट्स और इस्तेमाल करने के तरीके अलग-अलग हैं.
आयुर्वेद में क्यों हैं खास?
आयुर्वेद एक्सपर्ट का कहना है कि स्वस्थ शरीर के लिए सिर्फ दवाएं ही नहीं, बल्कि शुद्ध वातावरण और संतुलित मन भी जरूरी है. लोबान जहां मानसिक शांति और सकारात्मक माहौल बनाने में मदद करता है, वहीं गुग्गुल शरीर के अंदरूनी संतुलन को बनाए रखने में सहायक माना जाता है.
ये भी पढ़ें - शरीर में छिपे टॉक्सिंस को बाहर निकाल फेकेंगे ये काले बीज, जानिए क्यों इतना फायदेमंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं