आजकल हाई बीपी की समस्या काफी आम हो गई है. कई लोग डॉक्टर के पास जाने के बजाय घर पर ही डिजिटल मशीन से बीपी चेक करना पसंद करते हैं. यह आदत अच्छी है, क्योंकि इससे अपनी सेहत पर नजर रखना आसान हो जाता है, लेकिन कई बार लोग सही तरीके से बीपी नहीं मापते, जिसके कारण रीडिंग गलत आ सकती है.
अगर आपको हाई बीपी, डायबिटीज या तनाव के कारण ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है, तो घर पर बीपी चेक करते समय कुछ जरूरी नियमों का पालन करना बेहद जरूरी है. आइए जानते हैं वे 7 बातें जिनका ध्यान रखने से बीपी की रीडिंग ज्यादा सही आएगी.
यहां देखिए वीडियो...
बीपी चेक करने से पहले चाय-कॉफी या एक्सरसाइज न करें
बीपी मापने से लगभग 30 मिनट पहले चाय, कॉफी या किसी भी तरह का कैफीन नहीं लेना चाहिए. इसके अलावा एक्सरसाइज या स्मोकिंग से भी बचना चाहिए. ये चीजें कुछ समय के लिए ब्लड प्रेशर को बढ़ा सकती हैं, जिससे मशीन गलत रीडिंग दिखा सकती है.
टॉयलेट जाने की जरूरत हो तो पहले उसे पूरा करें
बहुत से लोग इस बात पर ध्यान नहीं देते, लेकिन अगर ब्लैडर भरा हुआ हो और आप उसी स्थिति में बीपी माप लें, तो रीडिंग पर असर पड़ सकता है. इसलिए बीपी चेक करने से पहले टॉयलेट जरूर हो आएं. आपकी इस आदत से रीडिंग सही आएगी.
कम से कम 5 मिनट आराम करें
बीपी मापने से पहले तुरंत भागदौड़ या किसी काम से उठकर मशीन नहीं लगानी चाहिए. पहले 5 मिनट तक आराम से बैठें और शरीर को शांत होने दें और फिर बीपी चेक करें.
बैठने का तरीका सही रखें
बीपी चेक करते समय कुर्सी पर सीधा बैठना चाहिए. पीठ को सहारा मिलना जरूरी है साथ ही पैरों को जमीन पर सीधा रखें. पैर क्रॉस करके या मोड़कर बैठने से भी रीडिंग प्रभावित हो सकती है.
हाथ की सही पोजिशन रखें
जिस हाथ में बीपी मापा जा रहा है, उसे आराम से टेबल पर रखें। ध्यान रखें कि हाथ दिल की ऊंचाई के बराबर हो. अगर हाथ बहुत ऊपर या नीचे रहेगा, तो बीपी की रीडिंग सही नहीं आ सकती.
बीपी मापते समय बात न करें
कई लोग मशीन चलने के दौरान बातें करते रहते हैं या इधर-उधर हिलते-डुलते रहते हैं. ऐसा करने से मशीन सही तरीके से रीडिंग नहीं ले पाती. इसलिए बीपी चेक करते समय बिल्कुल शांत रहें और शरीर को स्थिर रखें.
रोज एक ही समय पर बीपी चेक करें
अगर आप नियमित रूप से बीपी मॉनिटर करते हैं, तो कोशिश करें कि रोजाना एक ही समय पर बीपी मापें साथ ही रीडिंग को कहीं लिखकर रखें, इससे समय के साथ ब्लड प्रेशर का ट्रेंड समझने में आसानी होती है.
इसे भी पढ़ें: क्या आप भी रोक लेते हैं गैस, छींक या पेशाब? ये आदतें बना सकती हैं बीमार!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं