विज्ञापन

High BP Vs Low BP: हीटवेव में कौन ज्यादा खतरनाक? जानिए गर्मी के मौसम में किसे लेकर रहें ज्यादा सतर्क

High BP VS Low BP In Heatwave: क्या हीटवेव में हाई बीपी ज्यादा खतरनाक है या लो बीपी? फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के डॉ. संजय वर्मा बताते हैं कि गर्मी और डिहाइड्रेशन शरीर के ब्लड सर्कुलेशन पर कैसे असर डालता है.

High BP Vs Low BP: हीटवेव में कौन ज्यादा खतरनाक? जानिए गर्मी के मौसम में किसे लेकर रहें ज्यादा सतर्क
High BP VS Low BP In Heatwave

High BP VS Low BP In Heatwave: गर्मियों में तापमान बढ़ने के साथ ही शरीर पर कई तरह का दबाव पड़ने लगता है. तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार पसीना निकलने की वजह से शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिसका असर ब्लड प्रेशर पर भी पड़ता है. ऐसे में कई लोगों के मन में सवाल आता है कि हीटवेव के दौरान हाई ब्लड प्रेशर ज्यादा खतरनाक है या लो ब्लड प्रेशर. फोर्टिस एस्कॉर्ट्स हार्ट इंस्टीट्यूट के एसोसिएट डायरेक्टर, इंटरनल मेडिसिन, डॉ. संजय वर्मा के अनुसार दोनों स्थितियां जोखिम पैदा कर सकती हैं, लेकिन भीषण गर्मी में डिहाइड्रेशन की वजह से होने वाला लो ब्लड प्रेशर कई बार ज्यादा तेजी से गंभीर रूप ले सकता है.

गर्मी में ब्लड प्रेशर पर क्यों पड़ता है असर?

डॉ. संजय वर्मा बताते हैं कि जब शरीर का तापमान (Temperature) बढ़ता है तो शरीर खुद को ठंडा रखने के लिए ब्लड वेसल्स (Blood Vessels) को फैलाता है. इसके साथ ही अधिक पसीना आने से शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स भी बाहर निकल जाते हैं. अगर समय पर पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स (Electrolytes) की पूर्ति न की जाए तो ब्लड प्रेशर प्रभावित हो सकता है.

लो ब्लड प्रेशर क्यों बन सकता है बड़ी परेशानी?

विशेषज्ञ के अनुसार डिहाइड्रेशन (Dehydration) से होने वाला लो ब्लड प्रेशर शरीर के महत्वपूर्ण अंगों तक रक्त की सप्लाई कम कर सकता है. इसकी वजह से चक्कर आना, कमजोरी, आंखों के आगे अंधेरा छाना, भ्रम की स्थिति और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. कुछ मामलों में किडनी पर भी असर पड़ सकता है. यही कारण है कि गर्मी में लो ब्लड प्रेशर को हल्के में नहीं लेना चाहिए. डॉ. वर्मा कहते हैं कि युवा और स्वस्थ लोगों में भी लंबे समय तक पानी की कमी रहने पर यह समस्या अचानक गंभीर हो सकती है.

हाई ब्लड प्रेशर वालों को भी रहना होगा सतर्क

हालांकि हाई ब्लड प्रेशर भी गर्मी के मौसम में चिंता का विषय है. अत्यधिक गर्मी के दौरान दिल को शरीर में रक्त संचार बनाए रखने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है. ऐसे में हाई बीपी और हृदय रोग से जूझ रहे लोगों में हार्ट अटैक, स्ट्रोक और दिल की धड़कन अनियमित होने का खतरा बढ़ सकता है. विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि कई लोग गर्मियों में अपनी ब्लड प्रेशर की दवा खुद से बंद कर देते हैं, जो स्थिति को और बिगाड़ सकती है.

किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा?

  • बुजुर्ग लोग
  • डायबिटीज के मरीज
  • हृदय रोगी
  • हाई ब्लड प्रेशर के मरीज
  • लंबे समय तक धूप में काम करने वाले लोग
  • छोटे बच्चे

इन लोगों को हीटवेव के दौरान विशेष सावधानी बरतनी चाहिए.

हीटवेव में कैसे रखें खुद को सुरक्षित?

डॉ. संजय वर्मा सलाह देते हैं कि दिनभर पर्याप्त पानी पीते रहें, जरूरत पड़ने पर इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करें और दोपहर की तेज धूप में बाहर निकलने से बचें. साथ ही ब्लड प्रेशर की नियमित जांच कराते रहें और डॉक्टर की सलाह के बिना कोई दवा बंद न करें.

आखिर कौन ज्यादा खतरनाक?

डॉ. संजय वर्मा के अनुसार हीटवेव के दौरान डिहाइड्रेशन से होने वाला लो ब्लड प्रेशर कई बार ज्यादा तेजी से खतरनाक साबित हो सकता है क्योंकि यह सीधे शरीर के रक्त संचार और अंगों के कामकाज को प्रभावित करता है. हालांकि हाई ब्लड प्रेशर को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता. इसलिए गर्मियों में हाइड्रेट रहना, शरीर के संकेतों को समझना और समय पर डॉक्टर से सलाह लेना बेहद जरूरी है.

यह भी पढ़ें- Mint Leaves Benefits: पाचन से लेकर सांसों की बदबू तक, पुदीने की पत्तियां शरीर को दे सकती हैं ये 10 फायदे

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com