भागती-दौड़ती लाइफस्टाइल में अक्सर हम में से कई लोग खानपान पर ध्यान नहीं दे पाते हैं, जिसकी वजह से कई बार गैस, अपच और पेट फूलने जैसी परेशानी होने लगती है. इन परेशानियों से निपटने के लिए अक्सर लोग दवाओं का सहारा लेने लग जाते हैं. लेकिन बिना वजह बार-बार दवाओं का सेवन करने से शरीर को नुकसान भी हो सकता है. इस तरह की परेशानियों से निपटने के लिए आयुर्वेद में सदियों पुराना एक ऐसा नुस्खा मौजूद है, जिस पर आज भी हम में से कई लोग भरोसा करते हैं. इसका नाम है हिंग्वाष्टक चूर्ण. यह चूर्ण कई तरह के मसालों और जड़ी-बूटियों से मिलकर बना होता है, जो पाचन तंत्र को बेहतर बनाए रखने में प्रभावी हो सकता है. यहां समझते हैं इस विषय को विस्तार से-
क्या है हिंग्वाष्टक चूर्ण?
हिंग्वाष्टक चूर्ण आयुर्वेदिक औषधी है, जिसका इस्तेमाल कई तरह की पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए किया जाता है. यह 8 तरह के मसालों और जड़ी-बूटियों से मिलकर तैयार होता है, जिसमें हींग, सोंठ, अजवाइन, जीरा, काली मिर्च, पीपली, काला जीरा और सेंधा नमक जैसे तत्व शामिल होते हैं. इसी वजह से इसे हिंग्वाष्टक कहा जाता है. आयुर्वेद के अनुसार, ये चूर्ण पाचन अग्नि को मजबूत करने और वात दोष को संतुलित करने में मददगार साबित हो सकते हैं.
गैस और अपच में कैसे करता है मदद?
गलत खानपान या फिर फिजिकल एक्टिविटी में कमी के कारण जब पेट में खाना ठीक से नहीं पचता है, तो ऐसी स्थिति में पेट में गैस बनने लगती है. इस स्थिति में हिंग्वाष्टक चूर्ण में मौजूद हींग और अजवाइन पाचन क्रिया को एक्टिव करने में असरदार होता है. वहीं, सोंठ और काली मिर्च पाचन तंत्र करते हैं.
इन्हीं कारणों से हिंग्वाष्टक चूर्ण का सेवन करने से खाना खाने के बाद होने वाली परेशानियों, जैसे- पेट फूलना, गैस बनना, डकार आना, पेट में भारीपन और अपच से राहत मिल सकती है.
कैसे करें हिंग्वाष्टक चूर्ण का सेवन?
आयुर्वेदिक एक्सपर्ट हिंग्वाष्टक चूर्ण की थोड़ी मात्रा गर्म पानी, घी या खाने के साथ लेने की सलाह देते हैं. हालांकि, इस बात का ध्यान रखें कि इसका सेवन करने से पहले एक्सपर्ट की सलाह लें, ताकि उम्र और स्थिति के हिसाब से इसका सही डोज मालूम हो सके.
ये भी पढ़ें - घुटने के दर्द का खात्मा कर देगा अजवाइन और लहसुन से बना यह तेल, दादी का नुस्खा आजमाकर देख लीजिए आप भी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं