Side Effects Of Drinking Sugarcane Juice: गर्मी का मौसम आते ही गन्ने का जूस हर गली-नुक्कड़ पर नजर आने लगता है. तेज धूप में ठंडा-ठंडा जूस पीना लोगों को तुरंत राहत देता है और शरीर को तरोताजा भी करता है. यही वजह है कि इसे नेचुरल एनर्जी ड्रिंक माना जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि यह मीठा और रिफ्रेशिंग जूस हर किसी के लिए फायदेमंद नहीं होता. कुछ हेल्थ कंडीशन्स में गन्ने का जूस आपकी सेहत पर उल्टा असर डाल सकता है. इसलिए इसे पीने से पहले अपनी बॉडी की जरूरत समझना बहुत जरूरी है.
किन लोगों को नहीं पीना चाहिए गन्ने का जूस- (Who Should Not Drink Sugarcane Juice)
डायबिटीज वालों को
गन्ने के जूस में नेचुरल शुगर काफी ज्यादा होती है. ऐसे में अगर किसी को डायबिटीज है, तो इसे पीने से ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है. बिना सोचे-समझे इसका सेवन करना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है. बेहतर है कि डायबिटीज के मरीज इसे सीमित मात्रा में ही लें या डॉक्टर से सलाह लेकर ही पिएं.

फैटी लिवर वालों को
जिन लोगों को फैटी लिवर की समस्या है, उन्हें भी गन्ने का जूस ज्यादा नहीं पीना चाहिए. इसमें मौजूद फ्रक्टोज लिवर पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है और फैट जमा होने की प्रक्रिया को बढ़ा सकता है. इसलिए ऐसे लोगों को मीठे ड्रिंक्स से दूरी बनाकर रखना ज्यादा सुरक्षित रहता है.
पेट से जुड़ी दिक्कत वालों को
अगर आपका पेट जल्दी खराब हो जाता है या गैस, अपच और ब्लोटिंग की समस्या रहती है, तो गन्ने का जूस आपकी परेशानी बढ़ा सकता है. ज्यादा मीठा होने की वजह से यह हर किसी के पाचन तंत्र को सूट नहीं करता. इसलिए पेट सेंसिटिव होने पर इसे कम मात्रा में ही लेना चाहिए.
वजन कम कर रहे लोगों को
वजन घटाने की कोशिश कर रहे लोगों के लिए भी गन्ने का जूस सही विकल्प नहीं है. इसमें कैलोरी काफी ज्यादा होती है और फाइबर नहीं होता, जिससे जल्दी भूख लग सकती है. ऐसे में यह आपकी डाइट प्लान को बिगाड़ सकता है.
साफ-सफाई का रखें खास ध्यान
सड़क किनारे मिलने वाले गन्ने के जूस को पीते समय साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है. गंदी मशीन या खराब पानी से बना जूस संक्रमण का कारण बन सकता है. खासकर जिनकी इम्युनिटी कमजोर है, उन्हें इस बात का ज्यादा ध्यान रखना चाहिए.
कितना और कैसे पिएं?
गन्ने का जूस पूरी तरह से खराब नहीं है, लेकिन इसका सही मात्रा में सेवन ही फायदेमंद होता है. हमेशा साफ जगह से ही जूस लें और जरूरत से ज्यादा पीने से बचें. अगर कोई बीमारी है, तो पहले डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर रहेगा.
Watch Video: Fatty Liver: लिवर में फैट जमा होने का कारण क्या है? डॉक्टर ने बताया
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं