विज्ञापन

फुटबॉलर जर्सी के नीचे क्या पहनते हैं? जिसे लोग समझते हैं Sports Bra, उसकी कहानी कुछ और है

फुटबॉल खिलाड़ियों की जर्सी के नीचे दिखने वाली काली पट्टी स्पोर्ट्स ब्रा नहीं है. इसे GPS ट्रैकर वेस्ट कहते हैं. इसमें लगा डिवाइस खिलाड़ी की स्पीड, दूरी, दिल की धड़कन और फिटनेस डेटा को रिकॉर्ड करता है.

फुटबॉलर जर्सी के नीचे क्या पहनते हैं? जिसे लोग समझते हैं Sports Bra, उसकी कहानी कुछ और है
फुटबॉलर जर्सी के नीचे क्या पहनते हैं?
NDTV

मैच के दौरान जब किसी फुटबॉल खिलाड़ी की जर्सी ऊपर उठती है, तो उसके अंदर काले रंग की ब्रा जैसी दिखने वाली एक चीज नजर आती है. इसे देखकर सोशल मीडिया पर अक्सर सवाल उठते हैं कि क्या पुरुष फुटबॉल खिलाड़ी भी स्पोर्ट्स ब्रा पहनते हैं? पहली नजर में यह बिल्कुल वैसी ही दिखती है, लेकिन सच इससे बिल्कुल अलग है. दरअसल, यह फैशन या कपड़ों का हिस्सा नहीं, बल्कि एक खास तकनीक है, जिसका इस्तेमाल दुनिया की लगभग हर बड़ी फुटबॉल टीम करती है. इसका काम खिलाड़ी के शरीर पर नजर रखना और ऐसा डेटा जुटाना है, जो मैच का नतीजा तक बदल सकता है.

यह स्पोर्ट्स ब्रा नहीं, GPS ट्रैकिंग वेस्ट है-

जिसे ज्यादातर लोग स्पोर्ट्स ब्रा समझते हैं, वह असल में GPS परफॉर्मेंस ट्रैकिंग वेस्ट होती है. खिलाड़ी इसे अपनी जर्सी के नीचे पहनते हैं. इसके पीछे, कंधों के बीच एक छोटा सा GPS डिवाइस लगा होता है, जो मैच और ट्रेनिंग के दौरान खिलाड़ी की हर गतिविधि रिकॉर्ड करता है.

आखिर क्या-क्या रिकॉर्ड करता है?

यह डिवाइस सिर्फ खिलाड़ी की लोकेशन ही नहीं, बल्कि मैदान पर उसके प्रदर्शन से जुड़ी कई अहम जानकारियां भी जुटाता है. इसमें खिलाड़ी ने कितनी दूरी तय की, कितनी तेज दौड़ा, कितनी बार स्प्रिंट लगाया, कितनी तेजी से रफ्तार बढ़ाई या घटाई और मैदान पर उसकी मूवमेंट कैसी रही, जैसी बातें रिकॉर्ड होती हैं. अगर इसे हार्ट रेट मॉनिटर से जोड़ा जाए, तो दिल की धड़कन का डेटा भी मिल जाता है.

Latest and Breaking News on NDTV

यह शरीर की हर गतिविधि को ट्रेक करता है. (Image NDTV) 

टीमों को इससे क्या फायदा मिलता है?

कोच और स्पोर्ट्स साइंटिस्ट इस डेटा की मदद से समझते हैं कि खिलाड़ी कितना थक चुका है और उसे कब आराम या बदलाव की जरूरत है. इससे चोट का खतरा कम करने, रिकवरी पर नजर रखने, फिटनेस बेहतर बनाने और अगली ट्रेनिंग की योजना तैयार करने में मदद मिलती है. साथ ही खिलाड़ी की मैदान पर पोजिशनिंग और मूवमेंट का भी विश्लेषण किया जाता है.

जीत-हार में भी निभाता है बड़ी भूमिका-

यह वेस्ट देखने में भले ही स्पोर्ट्स ब्रा जैसी लगे, लेकिन इसका मकसद सिर्फ ट्रैकिंग डिवाइस को सही जगह पर रखना होता है. इसी से मिलने वाला डेटा टीमों को खिलाड़ियों की फिटनेस, प्रदर्शन और रणनीति से जुड़े अहम फैसले लेने में मदद करता है. यही वजह है कि आज प्रोफेशनल फुटबॉल में यह उपकरण लगभग हर टीम का जरूरी हिस्सा बन चुका है.

ये भी पढ़ें- Heart Attack और Panic Attack में क्या फर्क है? कार्डियोलॉजिस्ट से समझें फर्क

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
GPS Performance Tracking Vest, FIFA, Sports Bra, GPS Tracker
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com