विज्ञापन

IND vs BAN: क्या रद्द होगी भारत-बांग्लादेश सीरीज? सुरक्षा समीक्षा के बाद सरकार लेगी फैसला

भारत-बांग्लादेश सीरीज के रद्द होने की संभावना कम हैं, लेकिन सूत्रों का कहना है कि अगर हालात जल्द नहीं सुधरे, तो इसे और आगे टालने पर भी विचार किया जा सकता है. ऐसी स्थिति में, BCCI और BCB सीरीज को आयोजित करने के लिए सही समय खोजने पर मिलकर काम कर सकते हैं.

IND vs BAN: क्या रद्द होगी भारत-बांग्लादेश सीरीज? सुरक्षा समीक्षा के बाद सरकार लेगी फैसला
श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा
IANS

भारत और बांग्लादेश के बीच प्रस्तावित व्हाइट-बॉल सीरीज एक बार फिर अनिश्चितता के दौर में पहुंच गई है. टीम इंडिया को इस महीने के आखिर में ढाका रवाना होना है, लेकिन बांग्लादेश में ताजा राजनीतिक घटनाक्रम और बिगड़ते सुरक्षा हालात ने दौरे पर सवालिया निशान  लगा दिया है. रिपोर्ट्स के मुताबिक अंतिम फैसला भारत सरकार की सुरक्षा एजेंसियों से मिलने वाली रिपोर्ट के आधार पर लिया जाएगा. फिलहाल सीरीज रद्द होने की संभावना कम है, लेकिन इसे टालने का विकल्प गंभीरता से विचाराधीन है.

दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि वह दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की उम्मीद करती हैं. उनके इस बयान के बाद बांग्लादेश में राजनीतिक माहौल फिर गरमा गया. हसीना के सत्ता से हटने के बाद से ही वहां भारत विरोधी माहौल बना हुआ है और उनके बयान ने तनाव को और बढ़ा दिया.

शाकिब अल हसन के घर में लगाई आग

शेख हसीना के बयान के कुछ ही घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने बांग्लादेश के पूर्व कप्तान और पूर्व सांसद शाकिब अल हसन के घर में आग लगा दी. इस घटना ने देश में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नई चिंताएं खड़ी कर दी हैं. वहीं बांग्लादेश सरकार ने भी शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर कड़ी नाराजगी जताई. इसके बाद भारत के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्पष्ट किया कि यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्थान द्वारा आयोजित किया गया था और भारत सरकार का इससे कोई संबंध नहीं है. उन्होंने यह भी कहा कि भारत सरकार उस मंच पर दिए गए किसी भी बयान का समर्थन नहीं करती.

भारत सरकार करेगी अंतिम फैसला

स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार भारतीय क्रिकेट टीम के किसी भी विदेशी दौरे को मंजूरी देने से पहले भारत सरकार विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट का आकलन करती है. मौजूदा हालात को देखते हुए बांग्लादेश दौरे पर अंतिम फैसला भी सरकार की सुरक्षा समीक्षा के बाद ही लिया जाएगा. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) के अध्यक्ष तमीम इकबाल इस सीरीज को हर हाल में आयोजित कराने की कोशिश कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि उन्होंने बांग्लादेश सरकार से भारत सरकार के साथ उच्च स्तर पर बातचीत शुरू करने का आग्रह किया है.

हाल ही में तमीम इकबाल भारत आए थे. इस दौरान उन्होंने बेंगलुरु स्थित BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का दौरा किया और भारतीय क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के साथ अनौपचारिक चर्चा भी की. इससे कुछ समय के लिए उम्मीद जगी थी कि दौरा तय कार्यक्रम के अनुसार होगा, लेकिन नए राजनीतिक घटनाक्रम ने स्थिति फिर बदल दी.

28 अगस्त को रवाना होना है भारतीय टीम

मौजूदा कार्यक्रम के अनुसार भारतीय टीम को 28 अगस्त को ढाका के लिए रवाना होना है. ऐसे में दोनों क्रिकेट बोर्ड के पास फैसला लेने के लिए बहुत कम समय बचा है. यदि जल्द कोई निर्णय नहीं हुआ तो सीरीज को टालना पड़ सकता है.

सीरीज में खेले जाने हैं 6 मुकाबले

भारत और बांग्लादेश के बीच तीन वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की सीरीज प्रस्तावित है. इस साल बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत दौरा और टी20 विश्व कप से अपना नाम वापस ले लिया था. ऐसे में यह दोनों देशों के बीच पहली द्विपक्षीय सीरीज होने वाली है. सूत्रों के मुताबिक यदि बांग्लादेश दौरा तय समय पर नहीं हो पाता है तो भारतीय टीम इसी विंडो में नई दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ तीन मैचों की सीमित ओवरों की सीरीज खेल सकती है. हालांकि इस पर आधिकारिक फैसले का इंतजार है.

ये भी पढ़ें- न ड्रग्स, न मैच फिक्सिंग, वीजा में की ऐसी गलती, 2 साल के लिए बैन हुआ क्रिकेटर

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
India, Bangladesh, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com