योग न सिर्फ हमें सेहतमंद रखने का काम करता है बल्कि कई बीमारियों से बचाने में भी मददगार है. छोटी-छोटी बात पर गुस्सा आ जाना, पूरे दिन चिड़चिड़ापन बने रहना, बिना वजह तनाव महसूस होना या मानसिक थकान ये समस्याएं आजकल आम हो गई हैं. अगर आप भी इनमें से किसी से गुजर रहे हैं और शांति चाहते हैं, तो योग आपके लिए बेहतरीन उपाय हो सकता है.
भारत सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, हर मनःस्थिति के लिए एक योगासन उपलब्ध है जो मन को शांत करने और भावनाओं को संतुलित करने में मदद करता है. विश्व योग दिवस 2026 को अब कुछ ही दिन बचे हैं. इस अवसर पर आयुष मंत्रालय लोगों से अपील कर रहा है कि वे योग को अपनी रोजमर्रा की जिंदगी में शामिल करें. मंत्रालय का कहना है थोड़ा रुकिए, गहरी सांस लीजिए और खुद से जुड़िए. सही आसन चुनकर आप अपने मूड को बेहतर बना सकते हैं.
आयुष मंत्रालय के अनुसार, योग सिर्फ शरीर को ही नहीं, बल्कि मन को भी स्वस्थ रखता है. अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 पर देशभर में बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. योग एक्सपर्ट के अनुसार, अगर आप छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा करते हैं या चिड़चिड़े रहते हैं तो रोज सिर्फ 10-15 मिनट इन आसनों का अभ्यास करें. गहरी सांस लेने के साथ योग करने से तनाव कम होता है, मूड अच्छा रहता है और दिनभर की नकारात्मकता दूर होती है.

रोज योगा करने के स्ट्रेस को कम करने में मदद मिल सकती है. (Image NDTV)
स्ट्रेस को कम करने के लिए कौन से योग करें-
- वॉरियर पोज-वीरभद्रासन- यह आसन शारीरिक और मानसिक दोनों तरह की ताकत बढ़ाता है. गुस्से और तनाव की स्थिति में यह आसन आत्मविश्वास बढ़ाता है और नकारात्मक ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देता है.
- कैसे करें- चटाई पर सीधे खड़े हो जाओ. दोनों पैरों के बीच 3-4 फीट का गैप रखो. दाहिना पैर 90 डिग्री बाहर की तरफ घुमाओ. बायां पैर थोड़ा अंदर, करीब 15 डिग्री. एड़ी से एड़ी सीधी लाइन में. सांस लेते हुए दोनों हाथ कंधे की सीध में साइड में फैलाओ. हथेलियां नीचे की तरफ. कंधे रिलैक्स रखो. सांस छोड़ते हुए दाहिने घुटने को मोड़ो. ध्यान रहे घुटना टखने के ठीक ऊपर रहे, आगे न निकले. जांघ जमीन के पैरेलल लाने की कोशिश करो. गर्दन घुमाकर दाहिने हाथ की उंगलियों की तरफ देखो. पीठ सीधी, पेट अंदर.होल्ड करो: 30 सेकंड से 1 मिनट तक रुकें. गहरी सांस लेते रहो. वापस आओ, सांस लेते हुए सीधे हो जाओ, हाथ नीचे लाओ. दूसरी तरफ से रिपीट करो.
- बालासन-चाइल्ड पोज- बहुत ही शांतिदायक मुद्रा. जब मन अशांत हो या चिड़चिड़ापन ज्यादा हो तो यह आसन तनाव मुक्त करने में मदद करता है. इससे मस्तिष्क को आराम मिलता है और पूरा शरीर रिलैक्स हो जाता है.
- कैसे करें- चटाई पर घुटने टेककर बैठ जाओ. पैर के पंजे पीछे, नितंब एड़ियों पर टिके होने चाहिए. धीरे-धीरे आगे की तरफ झुको. पेट को जांघों पर टिका दो. माथे को आराम से मैट पर टिका दो. गर्दन पर जोर मत डालो. दोनों हाथों को सामने की तरफ सीधा फैला दो, हथेलियां जमीन पर. दोनों हाथों को पीछे पैरों के बगल में रख दो, हथेलियां ऊपर की तरफ. ये ज्यादा आरामदायक लगता है. आंख बंद करके गहरी सांस लो. 1 से 3 मिनट तक इसी पोज में रिलैक्स करो. हाथों के सहारे धीरे-धीरे ऊपर उठो. एकदम झटके से मत उठना.
- पदमासन, कमल आसन-लोटस पोज- ध्यान और एकाग्रता के लिए सबसे उत्तम मुद्रा. नियमित अभ्यास से मन की चंचलता कम होती है, गुस्सा नियंत्रण में रहता है और शांति का अनुभव होता है.
- अर्ध चक्रासन- कमर और रीढ़ की हड्डी को मजबूत करने के साथ ही यह आसन मन को स्थिर करने में सहायक है. इससे मानसिक थकान दूर होती है. इसके अलावा और भी कई आसन भी कई आसन हैं.
ये भी पढ़ें- प्री-वर्कआउट सप्लीमेंट लेते ही क्यों होने लगती है खुजली? जानें इसके पीछे का असली सच
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं