दिवाली रोशनी, उत्साह और खुशियों का पर्व है, लेकिन हर साल पटाखों की वजह से जलने की कई घटनाएं सामने जाती हैं. कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं, जिसमें सही समय पर कदम न उठाने की वजह से मरीज की हालत गंभीर हो गई होती है. वहीं, कुछ ऐसे भी केस सामने आए हैं, जिसमें लोग घबराहट में ऐसे घरेलू उपाय अपनाने लगते हैं, जो जले हुए हिस्से को और ज्यादा नुकसान पहुंचा सकते हैं. ऐसे में ये जरूरी है कि हर व्यक्ति को बर्न इंजरी की सही फर्स्ट एड की जानकारी हो.इससे स्थिति की गंभीरता को रोका जा सकता है. इस विषय की अधिक जानकारी के लिए हमने शारदा हॉस्पिटल के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेय श्रीवास्तव से बात की. उन्होंने बताया कि पटाखों से जलने पर शुरुआती 20 मिनट बहुत ही अहम होते हैं. इस दौरान उठाया गया सही कदम स्किन को गंभीर नुकसान से बचा सकता है. यहां जानते हैं पटाखों से जल जाए, तो तुरंत क्या करें?
पटाखों से जल जाएं, तो सबसे पहले क्या करें?
डॉ. श्रेय श्रीवास्तव का कहना है कि पटाखे से जलने पर सबसे पहले प्रभावित हिस्से को कम से कम 20 मिनट तक ठंडे बहते पानी के नीचे रखें. ऐसा करने से स्किन का टेम्प्रेचर कम होता है और अंदरूनी हिस्सों को नुकसान होने की संभावना कम हो जाती है.
अगर जले हुए हिस्से के आसपास अंगूठी, घड़ी, कंगन या तंग कपड़े हों, तो सूजन आने से पहले उन्हें हटा देना चाहिए. हालांकि, अगर कोई कपड़ा या वस्तु स्किन से चिपक गई हो, तो उसे जबरन हटाने की कोशिश ना करें.
जलने पर किन चीजों को करने से बचना चाहिए?
डॉक्टर कहते हैं कि अक्सर लोग जलने पर तुरंत बर्फ, टूथपेस्ट, घी, मक्खन, तेल या हल्दी लगा लेते हैं. ऐसा करना खतरनाक हो सकता है. कोशिश करें कि जब भी जलें, तो प्रभावित हिससे पर बर्फ, टूथपेस्ट, घी या मक्खन, सरसों या अन्य तेल, हल्दी और घरेलू लेप बिल्कुल भी न लगाएं. ऐसा करने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. वहीं, टिश्यूज को भी नुकसान हो सकता है.
जलने पर फफोले पड़ जाएं, तो क्या करें?
डॉ. श्रेय बताते हैं कि अगर जलने के बाद फफोले पड़ गए हैं, तो उन्हें फोड़ने की गलती न करें. फफोले स्किन की नैचुरल सुरक्षा परत का काम करते हैं. इन्हें फोड़ने से इंफेक्शन का खतरा बढ़ सकता है. घाव को ठंडा करने के बाद उसे नॉन-फ्लफी ड्रेसिंग या क्लिंग फिल्म से हल्के तरीके से ढक देना चाहिए.
दिवाली फर्स्ट एड किट में क्या-क्या होना चाहिए?
अगर आप दिवाली फर्स्ट एड किट तैयार कर रहे हैं, तो इस बॉक्स में कुछ जरूरी सामान रखें, जिसमें स्टरलाइज्ड गॉज पैड, नॉन-स्टिक बर्न ड्रेसिंग, स्टेराइल ड्रेसिंग या बैंडेज, मेडिकल टेप, डिस्पोजेबल ग्लव्स, कैंची और साफ पानी का पानी जरूर रखें. ये सामान छोटी-मोटी दुर्घटनाओं में तुरंत मदद पहुंचा सकते हैं.
अंत में डॉक्टर कहते हैं कि पटाखों से हुई किसी भी जलन को हल्के में नहीं लेना चाहिए. शुरुआत में छोटी दिखने वाली चोट भी बाद में गंभीर रूप ले सकती है.
ये भी पढ़ें - डॉक्टर से जानिए अगर दिवाली पर पटाखों से जल जाएं, तो क्या करना चाहिए और क्या नहीं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं