Weight Loss Medication Crackdown: आजकल तेजी से वजन घटाने की चाह में लोग शॉर्टकट तलाश रहे हैं और इसी बीच GLP-1 बेस्ड दवाएं मिरेकल ड्रग के रूप में पॉपुलर हो गई हैं. लेकिन, इन दवाओं के बढ़ते गलत इस्तेमाल ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है. भारत के ड्रग्स कंट्रोलर ने इन दवाओं की अनधिकृत बिक्री, भ्रामक प्रचार और बिना डॉक्टर की सलाह के इस्तेमाल पर सख्ती बढ़ा दी है. बाजार में इनके कई जेनेरिक वर्जन आने के बाद ये आसानी से मेडिकल स्टोर, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और वेलनेस क्लीनिकों के जरिए उपलब्ध हो रही थीं. अब सरकार ने साफ कर दिया है कि मरीजों की सुरक्षा सबसे पहले है और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
क्या हैं GLP-1 दवाएं और क्यों बढ़ी चिंता?
GLP-1 दवाएं मूल रूप से डायबिटीज के इलाज के लिए बनाई गई थीं, लेकिन इनका उपयोग वजन घटाने के लिए भी किया जाने लगा. ये दवाएं भूख कम करती हैं और शरीर में शुगर लेवल को कंट्रोल करती हैं. हालांकि, बिना डॉक्टर की निगरानी के इनका इस्तेमाल करना गंभीर स्वास्थ्य जोखिम पैदा कर सकता है, जैसे उल्टी, पाचन समस्याएं, हार्ट संबंधी दिक्कतें और हार्मोनल असंतुलन.

सरकार ने क्या कदम उठाए?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 10 मार्च 2026 को सभी दवा कंपनियों को सरोगेट विज्ञापन और इनडायरेक्ट प्रमोशन पर रोक लगाने का निर्देश दिया. देशभर में 49 संस्थानों पर जांच और निरीक्षण किए गए, जिनमें ऑनलाइन फार्मेसी, थोक विक्रेता, रिटेल मेडिकल स्टोर और स्लिमिंग क्लीनिक शामिल हैं. जहां गड़बड़ी मिली, वहां नोटिस जारी किए गए और कार्रवाई शुरू की गई. सरकार ने साफ किया कि ये दवाएं केवल एंडोक्रिनोलॉजिस्ट या इंटरनल मेडिसिन विशेषज्ञ के प्रिस्क्रिप्शन पर ही दी जा सकती हैं (कुछ मामलों में कार्डियोलॉजिस्ट भी लिख सकते हैं).
क्यों खतरनाक है बिना सलाह के इस्तेमाल?
- गलत डोज से गंभीर साइड इफेक्ट हो सकते हैं.
- पहले से मौजूद बीमारियों पर बुरा असर पड़ सकता है.
- लंबे समय में बॉडी का नेचुरल सिस्टम इफेक्ट हो सकती है.
- कई मामलों में दवाएं नकली या गलत तरीके से बेची जा रही थीं.
नियम तोड़ने वालों पर क्या कार्रवाई होगी?
सरकार ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने पर लाइसेंस रद्द किया जाएगा. भारी जुर्माना और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. गलत प्रिस्क्रिप्शन और भ्रामक विज्ञापनों पर कड़ी निगरानी जारी रहेगी.
डॉक्टरों और हेल्थ एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि GLP-1 दवाएं कोई जादुई इलाज नहीं हैं. इन्हें केवल जरूरत और सही मेडिकल सलाह के अनुसार ही लेना चाहिए.
(अस्वीकरण: सलाह सहित यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी प्रदान करती है. यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा राय का विकल्प नहीं है. अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने चिकित्सक से परामर्श करें. एनडीटीवी इस जानकारी के लिए ज़िम्मेदारी का दावा नहीं करता है.)
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं