बॉलीवुड में एक बार फिर बड़ा विवाद छिड़ गया है. फिल्म 'डॉन 3' को लेकर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी एक्सेल एंटरटेनमेंट के बीच तनातनी की खबरें सामने आई हैं. अब इस मामले में फिल्म वर्कर्स की बड़ी संस्था FWICE (Federation of Western India Cine Employees) भी सक्रिय हो गई है. अब इस संस्था ने रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है. वहीं इस पूरे मामले में FWICE के चीफ एडवाइजर अशोक पंडित ने इस पूरे मामले पर साफ कहा है कि यह बहुत गंभीर मुद्दा है. उन्होंने कहा, "यह ट्रेंड बिल्कुल गलत है. शूटिंग शुरू होने से सिर्फ 10 दिन पहले कोई फिल्म से बाहर नहीं निकल सकता."
ये भी पढ़ें: शाहरुख खान की King में हुई 3000 करोड़ कमाने वाली फिल्म के एक्टर की एंट्री, निभाएगा ये रोल
क्या है पूरा मामला?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, रणवीर सिंह ने 'डॉन 3' से अचानक अपना नाम वापस ले लिया. फिल्म की शूटिंग शुरू होने वाली थी, लेकिन एक्टर के इस फैसले से प्रोडक्शन टीम परेशान हो गई. एक्सेल एंटरटेनमेंट ने पहले ही प्री-प्रोडक्शन पर काफी खर्च कर दिया था और प्लानिंग भी पूरी कर ली गई थी.
यह विवाद पहले प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक भी पहुंचा, जहां सीनियर प्रोड्यूसर्स ने दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराने की कोशिश की. लेकिन बात तय नहीं हो सकी.
FWICE का रुख
अशोक पंडित ने बताया कि संस्था पहले इंटरनल मीटिंग कर रही है. इसके बाद फैसला लेने की बात कही थी. उन्होंने साफ चेतावनी दी, "हम ऐसा कुछ करेंगे जो उचित हो. हम इंडस्ट्री को बर्बाद नहीं होने देंगे. अगर कल कोई भी फिल्म से बीच में निकलने लगा तो पूरा सिस्टम ठप हो जाएगा. हमारा फैसला पूरी इंडस्ट्री के हित में होगा." अब इसके बाद FWICE ने रणवीर सिंह पर बैन लगा दिया है.
'डॉन' फ्रैंचाइजी की लोकप्रियता
'डॉन' सीरीज बॉलीवुड की सबसे चर्चित फ्रैंचाइजी में से एक है. पहले अमिताभ बच्चन ने इस किरदार को जादू दिया, फिर शाहरुख खान ने 'डॉन' और 'डॉन 2' में कमाल किया. अब 'डॉन 3' में रणवीर सिंह को चुना गया था, जिसकी वजह से फिल्म को लेकर जबरदस्त उत्सुकता थी.
फरहान अख्तर ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था, "पिछले कुछ सालों में बहुत कुछ हुआ है. आपको अनएक्सपेक्टेड चीजों के लिए तैयार रहना पड़ता है. जब तक फिल्म शूट न हो जाए, कुछ भी पक्का नहीं मानना चाहिए."
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं