विज्ञापन

कोविड के बाद चलना हो गया था मुश्किल, AI तकनीक ने बदली जिंदगी, अब दौड़ भी सकता है मरीज

कोविड के बाद 40 वर्षीय युवक के दोनों हिप खराब हो गए थे. इसके बाद AI टेक्नीक से मरीज का हिप ट्रांसप्लांट हुआ. अब मरीज की स्थिति में काफी सुधार है. यहां जानते हैं पूरी खबर-

कोविड के बाद चलना हो गया था मुश्किल, AI तकनीक ने बदली जिंदगी, अब दौड़ भी सकता है मरीज
Hip Replacement : हिप रिप्लेसमेंट

कोविड के बाद से लोगों में कई तरह की समस्याएं सामने आ रही हैं, जिसमें कूल्हे में दर्द होना भी शामिल है. डॉक्टर्स का कहना है कि इसका कारण कोविड के दौरान लेने वाले स्टेरॉयड हो सकते हैं. हाल ही में एक ऐसा ही केस दिल्ली के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत में आया. बताया जा रहा है कि कोविड के बाद म्यांमार के 40 वर्षीय युवक के दोनों कूल्हे खराब हो चुके थे, जिसके बाद से उसे चलना ही नहीं उठने-बैठने तक में परेशानी होने लगी थी. इसका इलाज उसने कई जगह कराया, लेकिन स्थिति में सुधार नहीं हुआ. इलाज के दौरान पता चला कि उसे AVN है, जिसमें हिप रिप्लेसमेंट की जरूरत होती है. इसके बाद मरीज ने अपना इलाज मैक्स से शुरू कराया. यहां जानते हैं पूरी खबर के बारे में-

दोनों कूल्हे में बढ़ते दर्द से उठना-बैठना हो गया था मुश्किल

कोविड महामारी के बाद कई लोगों में हड्डियों और जोड़ों से जुड़ी समस्याएं भी सामने आई हैं. म्यांमार के 40 वर्षीय जुया मणि के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ. दोनों कूल्हों में बढ़ते दर्द के कारण उनका चलना-फिरना तक मुश्किल हो गया था. हालात ऐसे हो गए थे कि वे एक नॉर्मल जिंदगी भी नहीं जी जा रहे थे. 

दिल्ली के मैक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, साकेत में ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. सुजॉय भट्टाचार्जी और उनकी टीम ने AI आधारित नेविगेशन टेक्नीक की मदद से उनके दोनों कूल्हों का एक साथ रिप्लेसमेंट किया. डॉक्टर्स का कहना है कि ऑपरेशन के कुछ घंटों बाद ही मरीज खड़ा होकर चलने लगा और उसी दिन उसे हॉस्पिटल से छुट्टी भी दे दी गई.

AVN से पीड़ित था मरीज

जांच में पता चला कि मरीज एवैस्कुलर नेक्रोसिस (AVN) नाम की बीमारी से पीड़ित था. ये ऐसी स्थिति है जिसमें कूल्हे की हड्डी तक पर्याप्त ब्लड नहीं पहुंच पाता. इसकी वजह से हड्डी कमजोर होने लगती है और समय के साथ ज्वाइंट खराब हो सकता है.

डॉक्टर का कहना है कि जुया मणि कई साल से दर्द झेल रहे थे, लेकिन पिछले कुछ महीनों में परेशानी काफी बढ़ गई थी. उन्हें मुख्य रूप से राइट हिप में काफी दर्द होता था, ये दर्द इतना ज्यादा बढ़ गया था कि चलना मुश्किल होने लगा था.

एक साथ हुआ दोनों हिप का रिप्लेसमेंट

डॉक्टर का कहना है कि आमतौर पर दोनों कूल्हों के रिप्लेसमेंट के बाद मरीज को कुछ दिनों तक हॉस्पिटल में निगरानी में रखा जाता है. लेकिन इस मामले में AI नेविगेशन टेक्नीक, पहले से की गई प्लानिंग और बेहतर रिकवरी प्रोटोकॉल की मदद से सर्जरी के बाद मरीज को तेजी से रिकवर कराया गया.

करीब साढ़े तीन घंटे तक चली सर्जरी में दोनों कूल्हों के जोड़ बदले गए. ऑपरेशन के लगभग चार घंटे बाद मरीज को डॉक्टरों की निगरानी में चलाया गया. सभी जरूरी स्वास्थ्य मानकों पर खरा उतरने के बाद उसे उसी दिन घर भेज दिया गया.

किन मरीजों को होती है जरूरत?

डॉक्टर्स का कहना है कि जिन लोगों के दोनों कूल्हे गंभीर रूप से खराब हो चुके हों, जैसे AVN या गंभीर ऑस्टियोआर्थराइटिस के मामलों में, उन्हें बाइलेटरल हिप रिप्लेसमेंट की सलाह दी जा सकती है. इसका फायदा यह होता है कि मरीज को दो अलग-अलग ऑपरेशन और दो बार एनेस्थीसिया नहीं लेना पड़ता. साथ ही रिकवरी की प्रोसेस भी एक बार में पूरी हो जाती है.

ये भी पढ़ें - अमेरिका और ब्रिटेन में तेजी से बढ़ा कोरोना का XFG 'स्ट्रेटस' वैरिएंट, WHO ने बताया यह कितना डरावना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hip, Hip Replacement, Hip Replacement Recovery Time, Hip Replacement Report, Covid-19
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com