किचन में मौजूद दालचीनी सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाने वाला मसाला नहीं है, बल्कि इसे सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद माना जाता है. कई लोग सुबह खाली पेट दालचीनी का पानी पीने की आदत अपनाते हैं. आयुर्वेद और कई स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि दालचीनी में ऐसे गुण पाए जाते हैं, जो शरीर को कई तरह से लाभ पहुंचा सकते हैं. हालांकि, इसे किसी बीमारी का इलाज नहीं माना जा सकता, लेकिन ये कुछ स्वास्थ्य समस्याओं के रिस्क को कम करने और शरीर को स्वस्थ रखने में मदद कर सकती है.
ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मददगार
दालचीनी को ब्लड शुगर मैनेजमेंट के लिए उपयोगी माना जाता है. इसमें मौजूद एक्टिव गुण शरीर में इंसुलिन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं. यही वजह है कि प्रीडायबिटीज या डायबिटीज के मरीजों को डॉक्टर की सलाह के बाद सीमित मात्रा में इसका सेवन करने की सलाह दी जाती है.
वजन घटाने में मिल सकती है मदद
जो लोग वजन कम करना चाहते हैं, उनके लिए सुबह दालचीनी का पानी फायदेमंद हो सकता है. ये मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है, जिससे शरीर कैलोरी को अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग कर पाता है. साथ ही ये लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराने में भी मदद कर सकता है, जिससे बार-बार भूख लगने की समस्या कम हो सकती है.
पाचन तंत्र को रखे बेहतर
दालचीनी में एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इन्फ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं. सुबह इसका पानी पीने से गैस, अपच और पेट फूलने जैसी परेशानियों में राहत मिल सकती है. नियमित रूप से दालचीनी का पानी पीने से पाचन प्रक्रिया को बेहतर बनाने में मदद मिल सकती है.
दिल की सेहत के लिए फायदेमंद
कुछ रिसर्च में पाया गया है कि दालचीनी खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को कम करने में मदद कर सकती है. नियमित रूप से इससे सेवन से हार्ट हेल्थ को बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है. हालांकि, किसी भी हार्ट डिजीज की स्थिति में सिर्फ दालचीनी के पानी का सेवन करना सही नहीं है. ये दवा का विकल्प नहीं हो सकता है.
इम्यूनिटी को मिल सकता है सपोर्ट
दालचीनी में एंटीबैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं. ये शरीर को संक्रमण से बचाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं. बदलते मौसम में इसका सीमित सेवन फायदेमंद माना जाता है.
दालचीनी का पानी कैसे बनाएं?
एक गिलास पानी में आधा चम्मच दालचीनी डालकर रातभर छोड़ दें या 5-10 मिनट तक उबाल लें. सुबह हल्का गुनगुना होने पर इसे पी सकते हैं.
ये भी पढ़ें - रात में दालचीनी का पानी पीने से क्या होता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं