विज्ञापन

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी जीत, भारत में 1 करोड़ से ज्यादा HPV वैक्सीन की लगी डोज

सर्वाइकल कैंसर से बचाव को मिली रफ्तार, भारत ने HPV वैक्सीन की 1 करोड़ डोज का आंकड़ा किया पार.

सर्वाइकल कैंसर के खिलाफ बड़ी जीत, भारत में 1 करोड़ से ज्यादा HPV वैक्सीन की लगी डोज
HPV वैक्सीन ने जगाई उम्मीद.
NDTV

भारत ने सर्वाइकल कैंसर को हराने की दिशा में एक बहुत बड़ी जीत हासिल कर ली है. 9 महीने से भी कम समय में 1 करोड़ से ज्यादा HPV वैक्सीन की डोज लगाई जा चुकी हैं और सालाना लक्ष्य का करीब 87% काम पूरा हो गया है. सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाला दूसरा सबसे आम कैंसर है. लेकिन अच्छी बात ये है कि ये एक ऐसा कैंसर है, जिसे वैक्सीन से रोका जा सकता है. और अब भारत ने इस काम को मिशन की तरह शुरू कर दिया है. 

1 करोड़ डोज का आंकड़ा क्यों है इतना बड़ा? 

9 महीने में 1 करोड़ डोज लगाना कोई छोटा काम नहीं है. इसका मतलब है कि 1 करोड़ बेटियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने वाली सुरक्षा मिल गई है. ये बेटियां 14 साल की हैं. इसी उम्र में वैक्सीन सबसे ज्यादा असर करती है. स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, राज्यों ने इस अभियान में बहुत तेजी दिखाई है. कई राज्यों ने तो अपनी टारगेट आबादी का 100% टीकाकरण ही पूरा कर लिया है. ये आंकड़ा बताता है कि अब गांव-गांव तक लोग समझ गए हैं कि बेटी को वैक्सीन लगवाना कितना जरूरी है. पहले लोग कैंसर की वैक्सीन के नाम से डरते थे, अब खुद आगे आकर लगवा रहे हैं. 

कौन सा राज्य सबसे आगे है? 

इस अभियान में उत्तर प्रदेश सबसे आगे है. उत्तर प्रदेश में 29.33 लाख से ज्यादा लड़कियों को टीका लगाया गया है. ये अकेले एक बड़े देश के बराबर है. दूसरे नंबर पर बिहार है. बिहार में 13.70 लाख से ज्यादा लड़कियों को टीका लगा है. तीसरे नंबर पर गुजरात है, जहां 7.75 लाख से ज्यादा डोज लगी हैं. इसके अलावा गुजरात, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, मिजोरम, मध्य प्रदेश और बिहार, इन 6 राज्यों ने अपनी चिन्हित लक्षित आबादी का 100% टीकाकरण पूरा कर लिया है.

HPV वैक्सीन क्या है और ये कैसे बचाती है? 

बहुत से लोगों को अभी भी नहीं पता कि HPV क्या है. HPV का मतलब है ह्यूमन पैपिलोमा वायरस. ये एक वायरस है, जो सर्वाइकल कैंसर का सबसे बड़ा कारण है. ये वायरस धीरे-धीरे गर्भाशय के मुंह में बदलाव करता है और सालों बाद कैंसर बन जाता है. HPV वैक्सीन इसी वायरस के सबसे खतरनाक टाइप से बचाती है. वैक्सीन शरीर में एंटीबॉडी बना देती है. जब भी ये वायरस शरीर में आता है, एंटीबॉडी उसे वहीं खत्म कर देती है. कैंसर बनने का मौका ही नहीं मिलता. इसीलिए डॉक्टर कहते हैं, वैक्सीन कैंसर होने से पहले लगवानी है, बाद में नहीं. 14 साल की उम्र सबसे बेस्ट मानी जाती है, क्योंकि इस उम्र में शरीर वैक्सीन पर सबसे अच्छा रिस्पॉन्स देता है.

क्या HPV वैक्सीन सुरक्षित है? 

ये सवाल हर मां-बाप के मन में आता है. क्या ये वैक्सीन सुरक्षित है? बेटी को कोई नुकसान तो नहीं होगा? डॉक्टरों के मताबिक ये वैक्सीन पूरी दुनिया में 15 साल से ज्यादा समय से लग रही है. इससे हल्का बुखार, हाथ में दर्द, थोड़ी थकान, बस यही मामूली साइड इफेक्ट होते हैं. वो भी 1-2 दिन में ठीक हो जाते हैं. सरकार की तरफ से जो वैक्सीन लगाई जा रही है, वो पूरी तरह जांच के बाद ही लगाई जा रही है. इसलिए डरने की कोई बात नहीं है.

ये भी पढ़ें- पैंक्रियाटिक कैंसर पर वैज्ञानिकों की बड़ी कामयाबी, नई दवा ने जगाई उम्मीद

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
HPV Vaccine, HPV Vaccine Age, HPV Vaccine Benefits, HPV Vaccine Dosage, Cervical Cancer
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com