पैंक्रियाटिक कैंसर को डॉक्टर सबसे घातक कैंसर में से एक मानते हैं. इसे साइलेंट किलर भी कहते हैं, क्योंकि पता तब चलता है जब कैंसर काफी फैल चुका होता है. लेकिन अब वैज्ञानिकों के हाथ एक बड़ी उपलब्धि लगी है. डाराक्सोनरासिब (Daraxonrasib) नाम की एक गोली ने शुरुआती ट्रायल में ऐसे नतीजे दिखाए हैं, जो पहले कभी नहीं देखे गए. ट्यूमर न सिर्फ रुक गया, बल्कि कई मरीजों में सिकुड़ गया और कुछ में तो स्कैन में दिखना ही बंद हो गया.
ये ट्रायल क्या था और कितने मरीजों में हुआ?
ये ट्रायल बार्सिलोना में हुए EORTC-NCI-AACR Symposium में 20 नवंबर 2026 को पेश किया गया. (European medical journal) में छपी रिपोर्ट के अनुसार इस ट्रायल में एडवांस्ड पैंक्रियाटिक कैंसर के कुल 61 मरीज थे, जिनका कैंसर शरीर के दूसरे हिस्सों में फैल चुका था. इन सभी को डाराक्सोनरासिब की गोली, कीमोथेरेपी की दो दवाओं जेमिसिटाबिन और नैब-पैक्लिटैक्सल के साथ दी गई. नतीजे चौंकाने वाले थे. ट्यूमर का बढ़ना 90.2% मरीजों में रुक गया. 60.7% मरीजों में ट्यूमर सिकुड़ गया या गायब हो गया. और हर 12 में से 1 मरीज, यानी 8.2% मरीजों में, ट्यूमर CT स्कैन में दिखना ही बंद हो गया. इसे डॉक्टर कम्पलीट रिस्पॉन्स कहते हैं.

ये दवा काम कैसे करती है?
पैंक्रियाटिक कैंसर के ज्यादातर मामलों के पीछे KRAS जीन की गड़बड़ी होती है. ये जीन कैंसर की कोशिकाओं को लगातार बढ़ने का सिग्नल देता रहता है. डाराक्सोनरासिब इसी KRAS / RAS प्रोटीन को ब्लॉक करती है. आसान भाषा में समझें तो ये कैंसर को बढ़ने वाला सिग्नल ही बंद कर देती है. इसीलिए ये दवा कीमोथेरेपी से अलग है. कीमोथेरेपी तेजी से बढ़ने वाली सभी कोशिकाओं पर हमला करती है, लेकिन ये दवा सीधे ट्यूमर को जिंदा रखने वाले मैकेनिज्म पर ही वार करती है.
ये भी पढ़ें- आपके किचन में छुपा है 20 बीमारियों का इलाज! जानें किस बीमारी में क्या खाना है फायदेमंद
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं