आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोगों को हेल्थ से जुड़ी कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं, जिसमें छोटी-छोटी बातों को भूलना भी शामिल है. कुछ लोगों को काम पर ध्यान केंद्रित करने में दिक्कत होती है या दिमाग हमेशा धुंधला-धुंधला सा महसूस होता है. अक्सर इस तरह के संकेतों को लोग नजरअंदाज कर देते हैं और थकान और कमजोरी समझ लेते हैं. इस तरह के संकेतों को ब्रेन फॉग कहा जाता है. हेल्थ एक्सपर्ट्स का कहना है कि कुछ मामलों में ब्रेन फॉग सिर्फ मानसिक थकान नहीं, बल्कि हार्ट की सेहत से जुड़ी किसी समस्या का शुरुआती संकेत भी हो सकता है. यहां सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के कार्डियोलॉजी डायरेक्टर डॉ. अंशुल कुमार जैन से समझते हैं इस विषय को अच्छे से-
क्या होता है ब्रेन फॉग?
डॉ. अंशुल का कहना है कि ब्रेन फॉग कोई बीमारी नहीं है, बल्कि एक ऐसी स्थिति है जिसमें व्यक्ति को सोचने, याद रखने और ध्यान लगाने में कठिनाई महसूस हो सकती है. कई लोग इस स्थिति को दिमाग पर धुंध छा जाने जैसा अनुभव बताते हैं. बार-बार चीजें भूलना, बातचीत के दौरान शब्दों का याद न आना और निर्णय लेने में परेशानी इसके सामान्य लक्षणों में शामिल हैं.
दिल और दिमाग के बीच क्या है कनेक्शन?
डॉक्टर बताते हैं कि हमारा ब्रेन लगातार ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की मांग करता है, जिन्हें खून के जरिए पहुंचाया जाता है. ये काम दिल करता है. जब हार्ट प्रभावी रूप से रक्त पंप नहीं कर पाता, तो ब्रेन तक ब्लड और ऑक्सीजन की सप्लाई प्रभावित हो सकती है. इसका असर याददाश्त, फोकस और मानसिक सतर्कता पर देखने को मिल सकता है.
उनका कहना है कि हाई ब्लड प्रेशर, हार्ट की कमजोर कार्यक्षमता, हृदय विफलता और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी समस्याएं लंबे समय में मस्तिष्क की कार्यक्षमता को प्रभावित कर सकती हैं. इसलिए कभी-कभी ब्रेन फॉग दिल की समस्या का अप्रत्यक्ष संकेत भी हो सकता है.
हार्ट की केयर से ब्रेन को भी मिलता है फायदा
डॉक्टर कहते हैं कि नियमित रूप से एक्सरसाइज, बैलेंस डाइट, पर्याप्त नींद और तनाव नियंत्रण न सिर्फ दिल बल्कि दिमाग की सेहत के लिए भी जरूरी हैं. हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल को नियंत्रण में रखना भी महत्वपूर्ण है.
ये भी पढ़ें - सीने में जलन को न एसिडिटी समझने की न करें गलती, ये 5 संकेत हार्ट अटैक की करते हैं इशारा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं