हरियाणा के यमुनानगर में बच्चे की किडनैपिंग की प्लानिंग नाकाम रही. अपहरण की कोशिश में एक बदमाश लोगों के हत्थे भी चढ़ गया, जबकि दूसरा फरार है. दोनों बाइक सवार बदमाशों ने भाटली गांव में एक 10 साल के बच्चे के अपहरण की फिराक में थे. रविवार (17 मई) देर शाम बाइक सवार दोनों आरोपी गांव में पहुंचे. बच्चे के हाथ-पांव रस्सी से बांधने के बाद मुंह में कपड़ा ठूंसकर रूमाल से बांध दिया. गनीमत रही कि ग्रामीणों की सूझबूझ से बदमाश मंसूबों में सफल नहीं हुए.
मासूम को पता पूछने के बहाने बुलाया
जब बदमाश गांव की ही एक गली में पहुंचे तो वहां मासूम से पता पूछने लगे. उसे झांसे लेकर अपने पास बुलाया. जैसे ही बच्चा उनके पास पहुंचा तो बदमाशों ने जबरन बच्चे को उठाकर बाइक पर बैठा लिया. बच्चा बदमाशों के चंगुल से छूटने की कोशिश करने लगा. इसी बीच, बाइक अंसतुलित हुई और बच्चा बाइक से नीचे गिर गया.
ग्रामीणों ने काफी दूर तक किया पीछा
दोनों आरोपी घबराकर वहां से भागने लगे. इसी बीच, वहां मौजूद कुछ लोगों की इसकी भनक लग गई. लोग बाइक के पीछे भागे और एक बदमाश को कुछ दूरी पर जाकर दबोच लिया. ग्रामीणों ने बदमाश की जमकर पिटाई और फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
बच्चे की बलि या कुछ और, क्या था मकसद?
घटना के बाद पुलिस बच्चे को लेकर घटनास्थल पर भी पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी को खंगाला. पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. इसके आधार पर दूसरे बदमाश की कुंडली निकाल रही है. साथ ही अपहरण की कोशिश के पीछे मकसद के बारे में भी पता लगाया जा रहा है. आशंका है कि तंत्र-मंत्र और बलि देने की योजना से भी बच्चे को ले जाया जा रहा हो. हालांकि, पुलिस ने किसी भी मामले की पुष्टि नहीं की है.
यह भी पढ़ेंः 'जेडीयू में जो थैली देगा वही बनेगा मंत्री, नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया'- बाहुबली आनंद मोहन के बिगड़े बोल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं