विज्ञापन

'जेडीयू में जो थैली देगा वही बनेगा मंत्री, नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया'- बाहुबली आनंद मोहन के बिगड़े बोल

आनंद मोहन ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति हो रही है. उन्होंने अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाने के मामले में पार्टी को चेतावनी भी दे डाली.

'जेडीयू में जो थैली देगा वही बनेगा मंत्री, नीतीश कुमार को जिंदा दफन कर दिया'- बाहुबली आनंद मोहन के बिगड़े बोल
आनंद मोहन ने सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम के दौरान जेडीयू नेतृत्व को आड़े हाथ लिया
NDTV

बिहार के बाहुबली नेता और जनता दल युनाइटेड के पूर्व सांसद आनंद मोहन ने अपनी ही पार्टी के नेताओं के खिलाफ खुलकर बागी तेवर अपना लिया है. आनंद मोहन ने जेडीयू के शीर्ष नेतृत्व पर अपनी पार्टी को कमजोर करने और पैसे लेकर मंत्रिपद बांटने का आरोप लगाया है. आनंद मोहन ने सीतामढ़ी में एक कार्यक्रम के दौरान पार्टी के कामकाज पर तीखे सवाल उठाए जिससे बिहार की सियासी चर्चा में नई हलचल पैदा हो गई है. आनंद मोहन की पत्नी लवली आनंद बिहार की शिवहर सीटे जेडीयू की लोकसभा सांसद हैं. वहीं आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद नवीनगर सीट से पार्टी के ही विधायक हैं. बताया जा रहा है कि बिहार में पिछले दिनों नेतृत्व परिवर्तन के बाद चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाए जाने से आनंद मोहन असंतुष्ट हैं और इसी वजह से अब उन्होंने खुलकर भड़ास निकाली है.

नीतीश कुमार का नाम लेकर लगाए आरोप

आनंद मोहन सीतामढ़ी में महाराणा प्रताप प्रतिमा अनावरण को लेकर बैठक में मुख्य अतिथि थे. कार्यक्रम में उन्होंने नीतीश कुमार का नाम लेकर पार्टी के नेतृत्व पर सवाल उठाए. आनंद मोहन ने कहा,"जिस कठिन दौर से जनता दल (यू) को बनाने से लेकर यहां लाने तक नीतीश कुमार ने साथ दिया, लेकिन आज आप जाकर देखें कि उनको जिंदा दफन कर दिया गया. कहीं पर भी नीतीश कुमार का चेहरा नहीं है. मंच पर शपथ ग्रहण हो रहा था और नीतीश कुमार वहां मौजूद थे, 85 एमएलए के साथ खड़ा एक व्यक्ति था, और उनकी तस्वीर नहीं थी. आज जब आप (बीजेपी) होती है तो दो-दो अलायंस पार्टनर के डिप्टी सीएम की तस्वीरें होती हैं. लेकिन आज बिहार में जो बोर्ड लग रहा है उसमें उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव का नाम क्यों नहीं है?"

"आप कहते हैं बेटा को (मंत्री) नहीं बनाएंगे? बेटा अगर सरकार बचाएगा, तो सरकार भी चलाएगा. वो समय आनेवाला है. एड़ियां रगड़कर देना होगा, भीख नहीं मांग रहे."

'बीजेपी की गलती नहीं है'

उन्होंने आगे स्पष्ट किया कि यह बीजेपी की वजह से नहीं हो रहा. आनंद मोहन ने कहा,"मैं बीजेपी को दोष नहीं दे रहा, हर पार्टी एकाधिकार चाहती है. लेकिन जो मंत्रणा कर रहे हैं, सहयोगी हैं, वे क्या नीतीश कुमार को घुमाने लाते हैं, भोजन कराने लाते हैं, उन्होंने जिंदा दफन कर दिया नीतीश कुमार को. मुझे यह कहने में कोई गुरेज नहीं है."

'चेतन आनंद सरकार भी चलाएगा'

आनंद मोहन ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की मजबूरी का फायदा उठाकर थैली की राजनीति हो रही है. उन्होंने अपने बेटे चेतन आनंद को मंत्री नहीं बनाने के बारे में भी खुलकर कहा. उन्होंने कहा,"आज कौन लोग हैं जो चेतन आनंद को नवीनगर भेजते हैं, और शर्फुद्दीन का गला काट देते हैं? पहली बार सरकार शर्फुद्दीन ने बचाई थी. दूसरी बार चेतन आनंद ने बचाई थी. आप कहते हैं बेटा को नहीं बनाएंगे? बेटा अगर सरकार बचाएगा, तो सरकार भी चलाएगा. वो समय आनेवाला है. एड़ियां रगड़कर देना होगा, भीख नहीं मांग रहे."

(इनपुट- रंजीत कुमार)

ये भी पढ़ें-: 1 अकाउंट, 200 से ज्यादा शिकार और 15 करोड़ रुपये की ठगी...बेगूसराय में साइबर फ्रॉड के रैकेट का खुलासा

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com