हिसार. हरियाणा की सियासत के सबसे रसूखदार परिवारों में से एक भजनलाल परिवार के लिए बुधवार का दिन बेहद खास रहा. हिसार के आदमपुर मंडी में बने नए महल में पूरे बिश्नोई परिवार का गृह प्रवेश हुआ. राजस्थानी शैली में बने इस भव्य महल में परिवार का आगमन बेहद धूमधाम से हुआ. बुधवार सुबह नए भवन में विधि-विधान से हवन और पूजन किया गया. इस दौरान परिवार के सभी सदस्य एक साथ मौजूद रहे. पूजा संपन्न होने के बाद कुलदीप बिश्नोई के बेटे भव्य बिश्नोई की पत्नी और आईएएस अधिकारी परी बिश्नोई ने सिर पर मंगल कलश धारण कर नए घर में प्रवेश किया.
50 हजार लोगों की दावत, मेन्यू में था खास स्वाद
इस ऐतिहासिक गृह प्रवेश के मौके पर करीब 50 हजार लोगों के लिए विशाल भोज का आयोजन किया गया था. मेहमानों के खाने का मेन्यू भी बेहद शानदार रहा. इसमें पनीर बटर मसाला, आलू की सब्जी, सरसों का साग, दाल मखनी, चावल, कढ़ी और रायता परोसा गया. मीठे के शौकीनों के लिए देसी घी का गर्मागर्म हलवा और जलेबी तैयार की गई थी. इस उत्सव में जनता और कार्यकर्ताओं के अलावा भजनलाल परिवार के तमाम करीबी लोग शामिल हुए.
“हमने तो घर बनाया था, आपने इसे परिवार बना दिया, अपने प्यार से इस आँगन को आशीर्वाद का संसार बना दिया।” आज आदमपुर में गृह प्रवेश के अवसर पर आपने जो प्यार और आशीर्वाद दिया, उसे शब्दों में व्यक्त करना कठिन है। ईश्वर की कृपा और आप सबके स्नेह से यह दिन हमारे परिवार के लिए अविस्मरणीय बन गया। इतनी व्यस्तताओं के बीच हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, महाराष्ट्रऔर अहमदाबाद सहित दूर-दूर से हजारों की संख्या में आपका पहुँचना मेरे लिए बहुत बड़े सम्मान की बात है। आपने अपना कीमती समय दिया, लंबा सफ़र तय किया और हमारी खुशी को अपनी खुशी बनाया—इस अपनत्व के लिए मैं और मेरा पूरा परिवार हृदय से आभारी हैं। जो साथी अपनी जिम्मेदारियों या किसी विवशता के कारण नहीं पहुँच सके, लेकिन मन से शुभकामनाएँ और आशीर्वाद भेजे, उनका भी उतना ही धन्यवाद। आपका स्नेह हम तक पहुँचा है। स्वर्गीय चौधरी भजनलाल जी ने जो रिश्ते कमाए थे, आज उसी अपनत्व को इस आँगन में उमड़ते देखकर मन भावुक हो गया। आज आपने केवल हमारे गृह प्रवेश की शोभा नहीं बढ़ाई, हमारे घर और दिलों को अपने प्यार से भर दिया। यह घर आपका है और इसके दरवाज़े आपके लिए सदैव खुले रहेंगे। आपका यह प्यार ही मेरी सबसे बड़ी पूँजी और जनसेवा की सबसे बड़ी ताक़त है। आप सभी का दिल से धन्यवाद। 🙏
— Kuldeep Bishnoi (@bishnoikuldeep) November 11, 2026
विधायक दोस्त का नायाब तोहफा, दिखी पक्की यारी
इस जश्न में दोस्ती की एक अनूठी मिसाल भी देखने को मिली. कुलदीप बिश्नोई के सबसे करीबी मित्रों में शुमार और हिसार की नलवा विधानसभा सीट से विधायक रणधीर पानीहार ने अपनी दोस्ती की लाज रखते हुए कुलदीप बिश्नोई को सफेद रंग की चमचमाती स्कॉर्पियो-एन (Scorpio-N) गाड़ी तोहफे में दी. रणधीर पनिहार लंबे समय से चौधरी भजनलाल और कुलदीप बिश्नोई के सबसे भरोसेमंद साथियों में से एक रहे हैं. दोनों का साथ दशकों पुराना है. चाहे हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) का सफर रहा हो, कांग्रेस का दौर हो या फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने का फैसला, दोनों दोस्त हर मोड़ पर कंधे से कंधा मिलाकर साथ खड़े रहे. साल 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में कुलदीप बिश्नोई ने रणधीर पनिहार को नलवा सीट से टिकट दिलाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी और टिकट मिलने के बाद उनके लिए जमकर चुनाव प्रचार भी किया था.
कुलदीप बिश्नोई ने घर तो शानदार बनवाया है 👌 https://t.co/drh8w4Jb4T
— HELL WALA (@hellwala) November 11, 2026
पीले टेंट ने ताजा कीं 'हजकां' दौर की यादें
यह नवनिर्मित महल अपनी पारंपरिक राजस्थानी वास्तुकला और विशेष बनावट को लेकर हर तरफ चर्चा बटोर रहा है. इस गृह प्रवेश कार्यक्रम में एक और खास बात रही, जिसने सबका ध्यान खींचा. यहां सजावट के लिए लगाए गए पीले रंग के टेंट ने हरियाणा की राजनीति में पुरानी यादों को ताजा कर दिया. पीला रंग देखते ही लोग पुरानी यादों में खो गए, क्योंकि यह रंग कभी हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) की पहचान और उनके कार्यक्रमों की शान हुआ करता था.
दुकान नंबर 106-107 से राजमहल तक का सफर
आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 106 और 107 केवल व्यापार की जगह नहीं रही है. यह जगह दशकों तक पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की जनसेवा और सियासत का सबसे बड़ा गढ़ रही. यहीं बैठकर भजनलाल जनता की फरियाद सुनते थे. आज उसी अनाज मंडी में राजस्थानी स्थापत्य कला की तर्ज पर यह नया महल खड़ा हुआ है, जो अतीत की यादों को समेटे हुए है.
नए घर के ग्रह प्रवेश के लिये आपको बहुत बहुत शुभकामनाएं चौ! कुलदीप बिश्नोई जी उम्मीदों का घर विश्वास का प्रतीक दुकान नंबर 107 मंडी आदमपुर!! @bishnoikuldeep @bbhavyabishnoi @BJP4India @BJP4Haryana @NayabSainiBJP https://t.co/UZM0CQ7Dyc
— Pankaj Bhatti ( पंकज भट्टी ) (@BhatttiPankaj) November 11, 2026
कार्यालय से लेकर जिम तक की व्यवस्था
इस नए महल को सिर्फ रहने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की सेवा के लिए भी तैयार किया गया है. इसकी पहली मंजिल पर एक बड़ा जनसेवा कार्यालय बनाया गया है ताकि क्षेत्र के लोग पहले की तरह यहां आकर अपनी समस्याएं रख सकें. इसके ऊपर एक बैठक हॉल तैयार किया गया है, जबकि सबसे ऊपरी हिस्से में परिवार का आवास और एक आधुनिक जिम बनाया गया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं