- IAS परी बिश्नोई के परिवार ने हिसार के मंडी आदमपुर स्थित दुकान नंबर 107 में नया घर बनाया है.
- यह नया आवास पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के परिवार की राजनीतिक विरासत और पारिवारिक स्मृतियों का प्रतीक है
- परी बिश्नोई सिक्किम के पाकयोंग जिले में जिला कलेक्टर पद पर कार्यरत हैं
ias pari bishnoi family: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) की अधिकारी परी बिश्नोई के परिवार ने 11 नवंबर 2026 को नए घर में गृह प्रवेश किया है. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के परिवार का यह नया आशियाना हरियाणा के हिसार जिले के मंडी आदमपुर स्थित ऐतिहासिक दुकान नंबर 107 है, जहां बिश्नोई परिवार ने किलेनुमा महल जैसा नया घर बनवाया है. इस गृह प्रवेश को पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के बेटे, पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई के परिवार की घर वापसी के रूप में देखा जा रहा है.

ias pari bishnoi family griha pravesh adampur kuldeep bishnoi bhavya bishnoi Photo Credit: @isachchidanandG
IAS परी बिश्नोई भजनलाल परिवार की बहू
IAS परी बिश्नोई हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के पोते की बहू हैं. पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के बेटे और आदमपुर से पूर्व विधायक भव्य बिश्नोई तथा राजस्थान के बीकानेर जिले की नोखा तहसील के काकड़ा गांव की रहने वाली परी बिश्नोई का विवाह दिसंबर 2023 में हुआ था. अब भव्य बिश्नोई, परी बिश्नोई और उनके परिवार के गृह प्रवेश की तस्वीरें एवं वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं. इन पर लोग परिवार को शुभकामनाएं और बधाइयां दे रहे हैं.
परी बिश्नोई सिक्किम के पाकयोंग जिले की कलेक्टर
आईएएस परी बिश्नोई मई 2026 से सिक्किम के पाकयोंग जिले में जिला कलेक्टर के पद पर सेवाएं दे रही हैं. उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2019 में अखिल भारतीय स्तर पर 30वीं रैंक प्राप्त कर IAS अधिकारी बनने का गौरव हासिल किया था. सिक्किम कैडर में पाकयोंग की डीएम बनने से पहले परी बिश्नोई गंगटोक में एसडीएम तथा नई दिल्ली स्थित सिक्किम हाउस में उप-आवासीय आयुक्त के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुकी हैं.

हिसार के मंडी आदमपुर स्थित दुकान नंबर 107 को बिश्नोई परिवार की राजनीतिक विरासत के रूप में भी देखा जाता है. Photo Credit: @isachchidanandG
दुकान नंबर 107 भजनलाल परिवार की विरासत
बता दें कि हिसार के मंडी आदमपुर स्थित दुकान नंबर 107 को बिश्नोई परिवार की राजनीतिक विरासत के रूप में भी देखा जाता है. हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के कारोबारी और राजनीतिक जीवन की शुरुआत इसी दुकान नंबर 107 से हुई थी. यहीं से चौधरी भजनलाल ने आढ़त का काम शुरू किया था. बाद में यह स्थान राजनीतिक गतिविधियों, जनसंपर्क और समर्थकों से संवाद का प्रमुख केंद्र बन गया. अब इसी जगह बने हवेलीनुमा घर में नीचे मीटिंग हॉल और कार्यालय तैयार किया गया है, जबकि ऊपरी मंजिलों पर रहने की व्यवस्था की गई है. परिवार का यह नया आवास राजनीतिक विरासत और पारिवारिक स्मृतियों दोनों को संजोए हुए है.

गृह प्रवेश के निमंत्रण में क्या लिखा?
11 नवंबर 2026 को नए घर में प्रवेश का निमंत्रण देते हुए परी बिश्नोई के ससुर और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई ने कार्ड पर लिखवाया: "ईंट-पत्थरों से सिर्फ मकान बनते हैं. घर तो अपनों के प्यार, रिश्तों की गर्माहट और बुजुर्गों के आशीर्वाद से बनते हैं. यह नया आशियाना पूज्य पिताजी युगपुरुष चौधरी भजनलाल की अनमोल स्मृतियों, उनके संस्कारों और आप सबके अटूट स्नेह से सजी हमारी विरासत का एक नया अध्याय है. आपका आगमन हमारे प्रति आपके स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक होगा."

यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई के परिवार की घर वापसी, मंडी आदमपुर की दुकान नंबर 107 बना नया आशियाना
यह भी पढ़ें- IAS परी बिश्नोई ने खास अंदाज में दी दिवाली की शुभकामनाएं, एयरपोर्ट पर बेटी दौड़कर गले से लिपटी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं