हरियाणा महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया की इस्तीफे के बाद भी नर्सें आज सुबह फिर धरने पर बैठ गईं, लेकिन स्टेट यूनियन की कॉल के बाद नर्सों ने अपना धरना समाप्त कर दिया. इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए नर्सों ने कहा कि रेनू भाटिया ने अपने पद से इस्तीफा दिया है, लेकिन ईगो के चलते माफी नहीं मांगी. उन्होंने कहा कि मरीज के हितों को देखते हुए वे स्ट्राइक खत्म कर रहे हैं, लेकिन जो अपमान रेनू भाटिया ने नर्सों का किया है, उसको लेकर वे अपना आंदोलन जारी रखेंगे.
जिस नर्स की बेटी पर रेनू भटिया ने टिप्पणी की थी उसने कहा कि रेनू भाटिया ने उनकी बेटी के लिए जो शब्द कहीं, वह एक महिला आयोग के अध्यक्ष को शोभा नहीं देता. नर्स ने कहा, "जब उन्होंने (रेनू भाटिया) मुझे कहा तो मैं सन्न रह गई. मुझे समझ में नहीं आया कि मुझे क्या कहना चाहिए.
नर्स ने बताई पूरी बात
उन्होंने कहा कि उनका काम सुपरविजन का है, और ओपीडी में एक ही नर्स होती है, जो इंजेक्शन रूम में रहती है. अगर किसी डॉक्टर को नर्स की जरूरत पड़ती है, तो वह उसे बुला लेता है, लेकिन उस दिन डॉक्टर ने नर्स को नहीं बुलाया. उन्होंने कहा कि ऐसे में रेनू भाटिया का यह कहना कि दूसरे स्टाफ की डॉक्टर के साथ मिलीभगत है तो यह गलत है.
जब उनसे पूछा गया कि डॉक्टर के पास कौन अटेंडेंट था, तो उन्होंने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है. वह इसके लिए जांच की मांग करते हैं.
नर्सिंग स्टाफ को लगाई थी फटकार
7 जून को कुरुक्षेत्र के LNJP (लोकनायक जयप्रकाश) सिविल अस्पताल में रेनू भाटिया ने प्रिंसिपल मेडिकल ऑफिसर (PMO) डॉ. साराह अग्रवाल समेत ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग स्टाफ को जमकर फटकार लगाई थी. भाटिया 15 वर्षीय लड़की के रेप मामले में दौरा करने पहुंची थीं. इस दैरान उन्होंने एक नर्स से पूछा था- क्या आपकी भी बेटी है? नर्स के हां में जवाब देने पर उन्होंने कहा, "क्या आप अपनी बेटी को 15 मिनट के लिए भी किसी कमरे में अकेला छोड़ सकती हैं? फिर इस बच्ची को अकेला कैसे छोड़ दिया गया?"
रेनू भाटिया पर भड़कीं नर्सें
रेनू भाटिया के इसी बयान को लेकर मुद्दा गरमा गया और नर्सिंग स्टाफ उनके विरोध में उतर गए. इसके बाद सोमवार को कुरुक्षेत्र सिविल अस्पताल में वर्क सस्पेंड रखा गया था. नर्सों के विरोध की वजह से महिला आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया को इस्तीफा देना पड़ा था.
यह भी पढ़ें: नर्सिंग स्टाफ के गुस्से के आगे झुकीं रेणु भाटिया, विवादित बयान पर बवाल के बाद दिया इस्तीफा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं