विज्ञापन

IPS अदिति सिंह: पंचकूला DCP बनीं बार-बार लीव के ल‍िए चर्चित अफसर, IAS से शादी कर बदला कैडर

IPS अधिकारी अदिति सिंह ने पंचकूला के DCP का पदभार संभाल लिया है. जानिए मेरठ से पंचकूला तक के उनके सफर, प्राथमिकताओं और कैडर बदलने से जुड़ी पूरी खबर.

IPS अदिति सिंह: पंचकूला DCP बनीं बार-बार लीव के ल‍िए चर्चित अफसर, IAS से शादी कर बदला कैडर
पंचकूला DCP का पदभार ग्रहण करते ही IPS अदिति सिंह ने कहा कि पुलिस-जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत करेंगे.
  • हरियाणा के पंचकूला जिले में आईपीएस अदिति सिंह ने पुलिस उपायुक्त का पदभार संभाल ल‍िया.
  • अदिति सिंह को पंचकूला की पूर्व डीसीपी आईपीएस सृष्टि गुप्ता की जगह तैनात क‍िया गया है.
  • मेरठ की मूल निवासी अद‍ित‍ि स‍िंह को हिमाचल प्रदेश कैडर म‍िला था. शादी के बाद हर‍ियाणा तबादला हुआ.

IPS Aditi Singh: हरियाणा के पंचकूला जिले की कमान अब भारतीय पुलिस सेवा की तेज-तर्रार आईपीएस अधिकारी अदिति सिंह के हाथों में होगी. पूर्व डीसीपी आईपीएस सृष्टि गुप्ता का तबादला एआईजी (वेलफेयर), पुलिस मुख्यालय, पंचकूला के पद पर किया गया है. विदाई के समय वे काफी भावुक नजर आई थीं. वहीं, पंचकूला के पुलिस उपायुक्त का पदभार संभालते ही 2021 बैच की आईपीएस अदिति सिंह एक बार फिर सुर्खियों में आ गई हैं. इससे पहले वे बार-बार छुट्टियां लेने और अपने बैचमेट से शादी करने के बाद कैडर बदलने को लेकर काफी चर्चा में रह चुकी हैं.

कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा प्राथमिकता: IPS अदिति सिंह

पंचकूला डीसीपी का पदभार ग्रहण करते ही आईपीएस अदिति सिंह ने स्पष्ट किया कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास के रिश्ते को और मजबूत बनाया जाएगा. उन्होंने कहा, "प्रत्येक नागरिक की शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी."

उन्होंने पंचकूला में अपनी प्राथमिकताएं गिनाते हुए बताया कि महिला सुरक्षा, मजबूत कानून व्यवस्था, अपराधों पर प्रभावी अंकुश, संवेदनशील व पारदर्शी पुलिसिंग और हर नागरिक की शिकायत पर त्वरित निष्पक्ष कार्रवाई उनकी मुख्य कार्यसूची में शामिल हैं. 

ये भी पढ़ें: IPS अनुराग कुमार: 20 साल का 'वनवास', वापसी के 24 घंटे में बने दिल्ली पुलिस कमिश्नर, 2 घंटे में संभाली कमान

जिला सचिवालय में पुलिस टुकड़ी ने दी सलामी

नवनियुक्त डीसीपी अदिति सिंह ने सेक्टर-1 स्थित जिला सचिवालय में पुलिस उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर विधिवत कार्यभार ग्रहण किया. इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया और पुलिस की टुकड़ी द्वारा उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर (सलामी) दिया गया.

पदभार संभालने के बाद उन्होंने कार्यालय में तैनात एसीपी एवं विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों से परिचय प्राप्त किया. साथ ही, उनकी जिम्मेदारियों, कार्यप्रणाली और जिले की वर्तमान कानून व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रभावी पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण और जनसेवा को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. 

ips

ips aditi singh dcp Panchkula Haryana Police
Photo Credit: Instagram Aditi Singh

मेरठ से शिमला तक का सफर और छुट्टियों का विवाद

मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मेरठ की रहने वाली अदिति सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा में ऑल इंडिया 679वीं रैंक हासिल की थी. इसके बाद उन्हें हिमाचल प्रदेश कैडर अलॉट हुआ था. 5 दिसंबर 2021 को भारतीय पुलिस सेवा में शामिल होने के बाद उन्होंने शिमला, धर्मशाला और कांगड़ा में अपनी सेवाएं दीं. इस दौरान उन्होंने महिला सशक्तिकरण और नशे के खात्मे के लिए विशेष अभियान चलाए, हालांकि उनका लीव से जुड़ा प्रकरण काफी चर्चा में रहा था.

जब वे धर्मशाला में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार विरोधी ब्यूरो (उत्तरी रेंज) की एसपी थीं, तब हिमाचल प्रदेश के तत्‍कालीन पुलिस महानिदेशक अशोक तिवारी ने पीएचक्यू से उनकी अनुपस्थिति के संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी किया था. आदेश में लिखा गया था कि जब भी एसपी आईपीएस अदिति सिंह छुट्टी पर हों या किसी वजह से कार्यालय में अनुपस्थित रहें, तब अगले आदेश तक उनका कार्यभार अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ब्रह्म दास भाटिया संभालेंगे.

उल्लेखनीय है कि एएसपी ब्रह्म दास भाटिया हिमाचल प्रदेश पुलिस सेवा के अधिकारी थे और पदक्रम में वे आईपीएस अदिति सिंह से कनिष्ठ (जूनियर) थे. अदिति सिंह की छुट्टियों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो वे दो दिन के आकस्मिक अवकाश और दो दिन के मेडिकल लीव के कारण 8 जनवरी से 11 जनवरी तक छुट्टी पर रहीं. 12 जनवरी को उन्होंने एक और आकस्मिक लीव ली. फिर 16 जनवरी से 19 जनवरी तक आकस्मिक लीव और 8 फरवरी से 22 फरवरी तक अर्जित अवकाश के साथ-साथ दो दिनों का मेडिकल लीव भी लिया था.

शादी के आधार पर बदला कैडर

अप्रैल 2021 में आईपीएस अदिति सिंह के पत‍ि भी आईएएस हैं. उन्‍होंने ने हरियाणा कैडर के अपने बैचमेट आईएएस अधिकारी विवेक आर्य से शादी की. विवाह के आधार पर नियमों के तहत उन्होंने हिमाचल प्रदेश कैडर से हरियाणा कैडर में अपना स्थानांतरण करवा लिया. अब 14 जुलाई 2026 को उन्होंने हरियाणा के पंचकूला में पुलिस उपायुक्त के रूप में अपना पदभार ग्रहण कर लिया है.

ये भी पढ़ें:  IPS सुजीत पांडे: SVPNPA को म‍िला नया बॉस, अब देश की सबसे बड़ी पुलिस अकादमी की कमान पटना के बेटे के हाथों में

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
IPS, IAS, Haryana, Himachal Pradesh, Panchkula
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com