विज्ञापन

हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में तैरता मिला दिल्ली के छात्र का शव, 3 महीने पहले बना था पिता

Rai Sports University Pool Accident News: सोनीपत के राई स्थित हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से दिल्ली के छात्र निशांत की मौत हो गई. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. पढ़ें रमेश कुमार की यह रिपोर्ट.

हरियाणा स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में तैरता मिला दिल्ली के छात्र का शव, 3 महीने पहले बना था पिता
NDTV Reporter

Sonipat News: हरियाणा की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी (Rai Sports University) एक बार फिर सवालों के घेरे में है. यूनिवर्सिटी परिसर के स्विमिंग पूल में गुरुवार देर शाम एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से मौत हो गई है. मृतक छात्र की पहचान 28 वर्षीय निशांत के रूप में हुई है, जो मूल रूप से पलवल का रहने वाला था और वर्तमान में दिल्ली के गौतम नगर में रह रहा था. निशांत यूनिवर्सिटी से क्रिकेट में पीजी डिप्लोमा कोर्स कर रहा था. बताया जा रहा है कि कल देर शाम वह क्रिकेट ग्राउंड में अभ्यास करने के बाद थकान मिटाने के लिए स्विमिंग पूल गया था, जहां कुछ समय बाद उसका शव पानी में तैरता हुआ मिला.

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. निशांत शादीशुदा था और महज तीन-चार महीने पहले ही वह एक बेटे का पिता बना था. इस हादसे ने मासूम के सिर से हमेशा के लिए पिता का साया छीन लिया है. सोनीपत सिविल अस्पताल पहुंचे परिजनों ने मौत को लेकर गहरा संदेह जताया है. परिवार का आरोप है कि यह केवल एक हादसा नहीं हो सकता, इसके पीछे कोई बड़ी लापरवाही या साजिश हो सकती है. परिजनों ने मामले की उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है.

स्विमिंग पूल सील, कुलपति ने गठित की जांच कमेटी

यूनिवर्सिटी कैंपस में हुई इस गंभीर घटना पर संज्ञान लेते हुए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक कुमार ने गहरा दुख व्यक्त किया है. कुलपति ने बताया कि मामले की निष्पक्षता से जांच कराने के लिए स्विमिंग पूल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है. इसके साथ ही हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए 3 सदस्यीय विशेष जांच कमेटी का गठन किया गया है, जो जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेगी.

पोस्टमार्टम रिपोर्ट और हर एंगल से जांच जारी

मामले की जांच कर रहे सब-इंस्पेक्टर अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस को स्विमिंग पूल में छात्र के डूबने की सूचना मिली थी, जिसके बाद शव को कब्जे में लेकर सोनीपत के सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है. परिजनों द्वारा जताए गए संदेह को ध्यान में रखते हुए पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गंभीरता से तफ्तीश कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी.

ये भी पढ़ें:- नेपाल बॉर्डर पर कौन और क्यों बनवाता है फर्जी आधार कार्ड? छापेमारी में नए रैकेट का भंडाफोड़

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Sonipat News, Haryana Sports University, Rai Sports University, Swimming Pool Death Case, Delhi Student Death In Sonipat
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com