विज्ञापन
This Article is From May 07, 2018

दिल्ली-NCR सहित देश के कई राज्यों में 11 मई तक आंधी-तूफान और बारिश की आशंका

पिछले हफ्ते आई इस तरह की आपदा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित 5 राज्यों में 124 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे.

दिल्ली-NCR सहित देश के कई राज्यों में 11 मई तक आंधी-तूफान और बारिश की आशंका
प्रतीकात्मक फोटो.
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई हिस्सों में शुक्रवार तक आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. हाल ही में हिमाचल प्रदेश में ताजा बर्फबारी भी हुई है. मौसम विभाग ने कहा कि उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, कर्नाटक और केरल आंधी-तूफान से प्रभावित हो सकते हैं.

मौसम विभाग ने विदर्भ के कुछ इलाकों में गर्मी सोमवार को भी अधिक रहने की आशंका जताई है लेकिन उत्तर भारत के लगभग सभी इलाकों में तापमान की गिरावट के मद्देनजर गर्मी का असर कम रहने की संभावना व्यक्त की है.

विभाग ने मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के तमाम इलाकों में आंधी और तेज हवाओं का दौर जारी रहने के बावजूद राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश, भीतरी महाराष्ट्र के सभी इलाकों और तेलंगाना, रायलसीमा तथा भीतरी उड़ीसा के कुछ इलाकों में अगले तीन दिनों तक अधिकतम तापमान 40 से 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान व्यक्त किया है. वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में सोमवार का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है, जो कि रविवार की तुलना में दो डिग्री सेल्सियस अधिक है.

जब आंधी-तूफान के साथ बारिश और बिजली गिरने की आशंका हो, तो इन 5 बातों का जरूर रखें ख्याल

मौसम विभाग ने कहा, 'हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में अलग-अलग स्थानों पर आंधी की संभावना है.' राजस्थान में धूल भरी आंधी चलने की चेतावनी जारी की गई है, जबकि छह पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश की आशंका है. महाराष्ट्र के विदर्भ में कुछ इलाकों में लू की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में आंधी के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की चेतावनी जारी की है. हरियाणा सरकार ने सोमवार और मंगलवार को एहतियातन दो दिनों के लिए स्कूल बंद करने के निर्देश दिए. 

यह भी पढ़ें : तूफान (Thunderstorm) से बचना है तो अपनाएं ये 11 Safety Tips

पहले मौसम का मिजाज देखें और फिर बनाएं यात्रा की योजना : दिल्ली पुलिस
मौसम विभाग की ओर से कई प्रदेशों में भारी बारिश और भयंकर आंधी - तूफान आने की चेतावनी जारी करने के बाद सोमवार को दिल्ली यातायात पुलिस ने भी रोजाना कामकाज के लिए घर से बाहर निकलने वाले लोगों से इस बाबत एहतियात बरतने को कहा. दिल्ली यातायात पुलिस ने एक परामर्श जारी कर कहा कि रोजाना सफर करने वाले यात्री घर से निकलने से पहले मौसम का मिजाज देख लें. परामर्श के मुताबिक दिल्ली यातायात पुलिस ने सड़कों पर तैनात बलों को सजग रहने और गिरे हुए पेड़ों जैसी रुकावटों को हटाए जाने को सुनिश्चित करने को कहा है. परामर्श में नियमित सफर करने वाले मुसाफिरों को आंधी के दौरान सफर नहीं करने की सलाह दी गई है. आंधी या बारिश होने की स्थिति में जो लोग अपने वाहन सड़क पर रोक देते हैं उन्हें सलाह दी गई है कि वह टिन वाली छतों, पेड़ों या बिजली की तारों के नीचे न खड़े हों. मुसाफिरों से कहा गया है कि वह कंक्रीट ढांचों के नीचे ही पनाह लें. चालकों को गाड़ी चलाते वक्त डिपर और पार्किंग लाइट का इस्तेमाल करने के लिए कहा गया है. परामर्श में कहा गया है कि मुसाफिर, “मौसम संबंधी खबरों की जानकारी रखें और उस हिसाब से यात्रा की योजना बनाएं.”

Thunderstorm Alert: तूफान से बचने के इन फिल्मों ने बताए थे तरीके, प्रकृति ने यूं बरपाया था कहर!

गौरतलब है कि पिछले हफ्ते ही आई इस तरह की आपदा में पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित 5 राज्यों में 124 लोगों की मौत हो गई थी और 300 से अधिक लोग घायल हो गए थे. राजस्थान में बिजली विभाग को 50 करोड़ का नुकसान हुआ था. 

VIDEO : 13 राज्यों में अलर्ट


(इनपुट : एजेंसी से भी)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Weather Forecast, Storm Alert
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com