- गुजरात के हिमतनगर में M/S सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स पर छापेमारी कर संदिग्ध दूध सहित मिलावटी पदार्थ जब्त किए गए
- जांच में रिफाइंड सोयाबीन तेल, पामोलिन, व्हे पाउडर, स्किम्ड मिल्क पाउडर और यूरिया पाया गया
- मौके पर लगभग एक हजार तीन सौ सत्तर लीटर संदिग्ध दूध नष्ट कर दिया गया और छह सैंपल जांच के लिए लिए गए
गुजरात के हिमतनगर में मिलावटखोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रशासन ने लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है. हिमतनगर के पास स्थित M/S सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स पर छापेमारी कर लगभग 1,370 लीटर संदिग्ध दूध को मौके पर ही नष्ट किया गया. मिलावटखोरों के खिलाफ ये बड़ी कार्रवाई FSSAI और स्थानीय अपराध शाखा (LCB) की टीम ने की.
छापेमारी के दौरान टीम ने देखा कि किस तरह से दूध बनाने के लिए खतरनाक केमिकल और तेलों का इस्तेमाल किया जा रहा है. जांच के दौरान टीम को रिफाइंड सोयाबीन तेल, रिफाइंड पामोलिन, व्हे पाउडर और स्किम्ड मिल्क पाउडर का इस्तेमाल हो रहा था. इतना ही नहीं, दूध बनाने के लिए खेती में इस्तेमाल होने वाले यूरिया का इस्तेमाल भी किया जा रहा था. इन सबका इस्तेमाल दूध को गाढ़ा करने के लिए किया जा रहा था.

टीम ने मौके से कुल 6 सैंपल इकट्ठे किए हैं. इनमें 1 सैंपल तैयार किए गए संदिग्ध दूध का है, जबकि बाकी 5 सैंपल उन पदार्थों के हैं जिनका उपयोग मिलावट के लिए किया जा रहा था. इन सभी सैंपल को विस्तृत जांच के लिए वडोदरा के फूड एनालिस्ट में भेजा गया है. पुलिस ने सैंपल के अलावा बाकी सभी पदार्थों को जब्त कर लिया है.
अधिकारियों ने बताया कि लैब रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी. टीम यह भी जांच कर रही है कि ये संदिग्ध दूध किन-किन जगहों पर सप्लाई या बिक्री के लिए भेजा गया था. विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए M/S सत्य डेयरी प्रोडक्ट्स का FSSAI लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं