Erling Haaland: नॉर्वे ने पांच बार के चैंपियन ब्राज़ील को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फ़ाइनल में जगह बनाई है. अब कोई भी टीम फ़ाइनल से पहले नॉर्वे से टक्कर लेने से कतराना चाहेगी. उसकी सबसे बड़ी वजह हैं उसके सुपरस्पीड, सुपरस्टार 6 फ़ीट 5 इंच के फ़ुटबॉलर अर्लिंग ब्राउत हालैंड. हालैंड अपनी 9 नंबर की जर्सी पर पूरा नाम ‘ब्राउत हालैंड' लिखवाते हैं. क्योंकि, उनकी मां का नाम ग्राई मारिता ब्राउत और पिता का नाम एल्फ़ी हालैंड है. नॉर्वे और मैनचेस्टर सिटी की 9 नंबर की जर्सी वाले 25 साल के हालैंड दुनिया के 10 सबसे अमीर फ़ुटबॉलर में गिने जाते हैं जिनके बारे में कम से कम दसियों ऐसी जुदा बाते हैं जो उन्हें दुनिया का सबसे अनूठा फ़ुटबॉल खिलाड़ी बना देता है. फ़िलहाल आपको उनकी शख्सियत की पांच दिलचस्प और रंगीन पहलुओं से रूबरू करवाते हैं.
भारत के 100 मीटर रिकॉर्डधारी गुरिंदरवीर से 100 मीटर की रेस में टिकेंगे हालैंड?
हालैंड बेहद ख़तरनाक इसलिए भी हैं क्योंकि वो चीते की रफ़्तार से गेंद के साथ भागते हैं. उनकी सबसे ज़्यादा रफ़्तार 35.7 किमी/ घंटा रिकॉर्ड की गई है. यानी 100 मीटर के लिए उनकी पीक स्पीड की टाइमिंग 10.08 सेकेंड रिकॉर्ड की गई है.
यानी एक्सपर्ट्स के मुताबिक हालैंड को स्टार्टिंग ब्लॉक से शुरू कर हालैंड 100 मीटर की रेस पूरा करने में 11 सेकेंड से ज़्यादा वक्त लग सकते हैं. भारत के गुरिंदरवीर ने पिछले महीने रांची में 100 मीटर में 10.09 सेकेंड का वक्त निकालकर नेश्नल रिकॉर्ड बनाया. मगर बड़ी बात ये है कि हालैंड अपनी स्पीड के साथ, अपनी पोजीशनिंग, अपने स्ट्रेंथ और स्ट्राइक करने की क्षमता की वजह से दूसरे फ़ुटबॉल खिलाड़ियों से कहीं ख़तरनाक बन जाते हैं.
मुंह पर टेप, आंखों पर चश्मा पहनकर सोते हैं हालैंड
हालैंड कमाल के फ़ुटबॉलर हैं तो उनकी आदतें भी कमाल की हैं. वो मानते हैं कि “नींद सबसे बड़ा हथियार है.” इसलिए मैच से पहले वो भरपूर सोते हैं. वो मुंह पर टेप और आंखों में अक्सर चश्मा पहनकर सोते हैं ताकि वो सांस नाक से ही लें, मुंह से नहीं और सोते वक्त रोशनी नींद में खलल भी ना डाले.
गोल करने के बाद Zen Mode में हालैंड!
कई मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक हालैंड अपने बांये पांव का जूता पहले पहनते हैं. ये और बात है कि हालैंड ने खुद के विश्वास या अंधविश्वास के बारे में कभी मीडिया में खुलकर नहीं बताया है. लेकिन इतना ज़रूर है कि गोल करने के बाद वो "मेडिटेशन पोज़" करते हैं जिसे वो अपना "Zen Mode" कहते हैं.
गेमिंग के दीवाने हैं ‘टर्मिनेटर' हालैंड
साल 2000 में जन्मे हालैंड किसी आम ‘Gen Z' जेनेरेशन की तरह ही हैं. मैच के बाद अपना खाली वक्त हालैंड ‘MineCraft- माइनक्राफ़्ट', ‘Clash of Clans- क्लैश ऑफ़ क्लैन्स'‘FIFA' और ‘कॉल ऑफ़ ड्यूटी- Call of Duty' जैसे गेम खेलने में बिताते हैं. उनके साथी खिलाड़ी उन्हें "द टर्मिनेटर" के नाम से भी बुलाते हैं.
5 साल की उम्र में एथलेटिक्स का वर्ल्ड रिकॉर्ड
हालैंड के पिता एल्फ़ी हालैंड इंग्लैंड की लीड्स टीम के फ़ुटबॉलर रहे हैं और मां ग्राई मारिता ब्राउत नॉर्वे की नेशनल हेप्टाथलन चैंपियन. इसलिए हालैंड ने बचपन में कई खेलों में हाथ आज़माया. वो फ़ुटबॉल के अलावा, हैंडबॉल, गॉल्फ़ और ट्रैक एंड फ़ील्ड के भी माहिर एथलीट रहे. 5 साल की उम्र में उन्होंने खड़े-खड़े 1.63 मीटर की लंबी कूद लगाकर एक उस उम्र वर्ग में वर्ल्ड रिकॉर्ड बना डाला था. शॉर्ट स्प्रिंट (60 मीटर डैश) में रेस करना भी उनका बड़ा शौक रहा है.
ये भी पढ़ें- ब्राजील को नॉकआउट करने वाले नॉर्वे के एर्लिंग हालैंड हैं भारतीय खाने के दीवाने
ये भी पढ़ें- नॉर्वे ने रचा इतिहास, 88 सालों में पहली बार किया ऐसा, पांच बार की चैंपियन ब्राजील वर्ल्ड कप से बाहर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं