दिल्ली-एनसीआर में रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) का विस्तार अब हरियाणा तक होने जा रहा है. हरियाणा को उसका पहला नमो भारत कॉरिडोर यानी रैपिड रेल मिलने का रास्ता साफ हो गया है. ये रैपिड रेल हरियाणा से उत्तर प्रदेश के बीच चलेगी. नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (NCRTC) ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा के साथ ग्रेटर नोएडा को जोड़ने वाले नमो भारत कॉरिडोर की डीपीआर को फाइनल कर हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (HMRTC) को सौंप दी है. गुरुग्राम फरीदाबाद नोएडा रैपिड रेल के 63 किमी के लंबे रूट 19,390 करोड़ की लागत आने का अनुमान है. हरियाणा सरकार अब इस पर विचार करेगी.
गुरुग्राम-फरीदाबाद-नोएडा नमो भारत कॉरिडोर
गुरुग्राम फरीदाबाद नोएडा नमो भारत कॉरिडोर के 63 किलोमीटर रूट में से 50 किमी हरियाणा में और 13 किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में पड़ेगा. इस सेमी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर में 7 प्रमुख स्टेशन होंगे. दिल्ली-मेरठ की तरह इस कॉरिडोर पर रैपिड रेल के साथ मेट्रो भी दौड़ेगी. इसके लिए 15 नए मेट्रो स्टेशन बनाने का प्रस्ताव है.
गुरुग्राम में नमो भारत रूट
गुरुग्राम में नमो भारत के तीन स्टेशन होंगे. यहदिल्ली-बावल कॉरिडोर के इफ्को चौक से शुरू होगा. साथ ही सेक्टर-61 और ग्वाल पहाड़ी में स्टेशन बनाए जाएंगे. जबकि मेट्रो के 5 स्टेशन होंगे. मेट्रो कनेक्टिविटी के लिए सेक्टर-29, मिलेनियम सिटी सेंटर (येलो लाइन इंटरचेंज), सेक्टर 52/52A, वजीराबाद और सेक्टर-57 में मेट्रो स्टेशन प्रस्तावित हैं.
फरीदाबाद में रैपिड रेल रूट
फरीदाबाद में भी रैपिड रेल (RRTS) के तीन स्टेशन होंगे.ये रैपिड रेल गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड से होते हुए फरीदाबाद में प्रवेश करेगी. फरीदाबाद में सैनिक कॉलोनी, बाटा चौक (वॉयलेट लाइन मेट्रो इंटरचेंज) और सेक्टर-87/88 चौराहा पर स्टेशन होंगे. साथ ही 7 मेट्रो स्टेशन बनाए जाएंगे, जो एनआईटी-3, एनआईटी-1, सेक्टर 12,13,14,15 चौराहा, सेक्टर-80, सेक्टर 81-82 चौराहा, सेक्टर 85-86 चौराहा और बादशाहपुर में मेट्रो स्टेशन बनाए जाने हैं.
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में नमो भारत रूट
यमुना नदी पार कर यह रैपिड रेल फरीदाबाद-नोएडा-गाजियाबाद (FNG) एक्सप्रेसवे के साथ आगे बढ़ेगी. उत्तर प्रदेश में इसके स्टेशन नोएडा सेक्टर-142 एक्वा लाइन इंटरचेंज और सूरजपुर ग्रेटर नोएडा में होंगे. इसके तीन मेट्रो स्टेशन नोएडा सेक्टर-135, सेक्टर-141 और सुथियाना में प्रस्तावित हैं.

नमो भारत कॉरिडोर के लिए फंड
एचटी की रिपोर्ट के मुताबिक, वित्तीय फंड जुटाने के लिए बैंकों से 10,102 करोड़ का रियायती कर्ज लिया जाएगा. हरियाणा सरकार अपने हिस्से के ट्रैक के लिए 4555 करोड़ देगी. केंद्र सरकार बजट में 3367 करोड़ का योगदान देगी. उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार 1364 करोड़ की हिस्सेदारी वहन करेगी.
FNG रूट पर दौड़ेगी रैपिड रेल
अभी गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा जाने में सड़क मार्ग से भारी जाम झेलना पड़ता है. यह कॉरिडोर इन शहरों के बीच यात्रा समय को घटाकर महज 50 मिनट कर देगा. यह रैपिड रेल कॉरिडोर दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट और जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट को इंटरकनेक्ट करेगा. दरअसल, सूरजपुर स्टेशन गाजियाबाद-जेवर एयरपोर्ट के प्रस्तावित रूट के लिए इंटरचेंज का काम भी करेगा. यहां से रैपिड रेल बदली जा सकेगी.
ये भी पढ़ें - Namo Bharat: मेरठ, अलवर, पानीपत... दिल्ली NCR में 8 रूट पर दौड़ेगी नमो भारत, 20 बड़े शहरों को जोड़ेगी रैपिड रेल
दिल्ली मेट्रो से कनेक्टिविटी
ये कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो की येलो और वॉयलेट लाइन, नोएडा की एक्वा लाइन और गुरुग्राम की रैपिड मेट्रो को एक नेटवर्क से जोड़ेगी. फिलहाल रैपिड रेल की DPR को गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा के विभागों के पास भेजा गया है. इन विभागों से हरी झंडी मिलने के बाद कैबिनेट की मंजूरी ली जाएगी.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं