FIFA World Cup Semifinal Croatia vs Argentina: फीफा वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में आज क्रोएशिया औऱ अर्जेंटीना के बीच मुकाबला होना है. क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने नीदरलैंड को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है तो वहीं क्रोएशिया की टीम ने क्वार्टर फाइनल में 5 बार की विश्व विजेता टीम ब्राजिल को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाने में कामयाब हुई थी. ऐसे में मेस्सी वाली अर्जेंटीना के खिलाफ क्रोएशिया की टीम फिर से नया इतिहास बनाना चाहेगी और अर्जेंटीना को हराकर फाइनल में खेलने का सपना साकार करने मैदान पर उतरेगी.
दोनों में किस टीम का है पलड़ा भारी
वर्ल्ड कप के इतिहास में दोनों टीमों का आमना-सामना दो बार हुआ है जिसमें एक मैच में अर्जेंटीना और एक मैच में क्रोएशिया की टीम को जीत मिली है. 1998 के वर्ल्ड कप में क्रोएशिया को अर्जेंटीना ने 1-0 से हराया था तो वहीं 2018 में क्रोएशिया की टीम अर्जेंटीना को 3-0 से हराने में सफल रही थी. वहीं, अब तक दोनों टीमों के बीच ओवरऑल 5 मैच हुए हैं जिसमें दोनों टीमों को 2-2 मैच में जीत मिली है बल्कि एक मैच ड्रा रहा था.
इन खिलाड़ियों पर रहेगी नजर
यकीनन आजके मैच में अर्जेंटीना के स्टार दिग्गज मेस्सी पर सबकी नजर रहेगी. अबतक इस सीजन वर्ल्ड कप में मेस्सी ने 4 गोल दागे हैं और आजके मैच में भी उनके ऊपर टीम को जीत दिलाने की जिम्मेदारी होगी. क्रोएशिया के लिए लुका मॉड्रिच के अलावा एंड्रेस क्रेमेरिच पर नजर रहेगी. आजका मैच काफी रोमांचक होने की उम्मीद है.
अर्जेंटीना और क्रोएशिया के पास इतिहास रचने का मौका
बता दें कि अर्जेंटीना की टीम ने अबतक 2 बार विश्व कप का खिताब जीतने का कमाल किया है तो वहीं क्रोएशिया की टीम ने एक बार भी खिताब नहीं जीता है. ऐसे में आज क्रोएशिया अर्जेंटीना को हराकर फाइनल में जगह बनाना चाहेगी. पिछले विश्व कप के फाइनल में क्रोएशिया की टीम को फ्रांस ने 4-2 से हराया था. अब लगातार दूसरी बार क्रोएशिया की टीम फाइनल में पहुंचने के करीब है. आज यदि क्रोएशिया ने उलटफेर कर दिया तो यकीनन मात्र 40 लाख की जनसंख्या वाले इस देश के लिए यह नया इतिहास रचने जैसा होगा.
वहीं, अर्जेटीना तीसरी बार खिताब जीतने के सपने के साथ मैदान पर होगी. अर्जेंटीना ने अबतक 1978 और 1986 में विश्व कप का खिताब जीता है. ऐसे में अब तीसरी बार खिताब जीतने का सपना यह टीम देख रही है. मेस्सी चाहेंगे कि अपने करियर में वह पहली बार विश्व कप को अपने हाथ में उठाएं.
सेमीफाइनल के मुकाबले (2022 FIFA World Cup Semi-final - Full Fixture)
14 दिसंबर- अर्जेंटीना बनाम क्रोएशिया (12.30 रात में)
15 दिसंबर - फ्रांस बनाम मोरक्को (रात 12:30 बजे)
सेमीफाइनल के मुकाबले (2022 FIFA World Cup Semi-final - Full Fixture)
14 दिसंबर- अर्जेंटीना बनाम क्रोएशिया (12.30 रात में)
15 दिसंबर - फ्रांस बनाम मोरक्को (रात 12:30 बजे)
स्पोर्ट्स से जुड़ी खबर के लिए NDTV Sports Hindi को सब्सक्राइब करें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं