विज्ञापन

France vs Spain World Cup 2026: स्पेन के खिलाफ महामुकाबले से पहले फ्रांस के कोच ने एम्बाप्पे की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट

France vs Spain World Cup 2026: मोरक्को के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में टखने में हल्की चोट लगने के बाद किलियन एम्बाप्पे की फिटनेस पर उठ रहे सवालों का फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने जवाब दिया है.

France vs Spain World Cup 2026: स्पेन के खिलाफ महामुकाबले से पहले फ्रांस के कोच ने एम्बाप्पे की फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट
France vs Spain World Cup 2026:

France vs Spain World Cup 2026: FIFA वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल से पहले फ्रांस के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. टीम के कप्तान किलियन एम्बाप्पे के स्पेन के खिलाफ मुकाबले में खेलने को लेकर उठ रही अटकलों पर मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स ने विराम लगा दिया है. रॉयटर्स के मुताबिक उन्होंने स्पष्ट किया कि एम्बाप्पे फिट हैं और चयन के लिए उपलब्ध रहेंगे. क्वार्टरफाइनल में मोरक्को पर 2-0 की जीत के दौरान एम्बाप्पे के टखने में हल्की चोट लग गई थी. इसी वजह से उन्होंने टीम का आखिरी ट्रेनिंग सेशन पूरा नहीं किया था. मैच के दौरान भी उन्हें अंतिम समय में मैदान से बाहर बुला लिया गया था और एहतियात के तौर पर उनके वर्कलोड को सीमित रखा गया.

कोच ने फिटनेस पर जताया भरोसा

सेमीफाइनल से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में डिडिएर डेसचैम्प्स ने कहा, "किलियन ठीक हैं." जब उनसे ट्रेनिंग सेशन में एम्बाप्पे की भागीदारी को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने बताया, "हां, उन्होंने ट्रेनिंग की. उन्हें एक ड्रिल में 15 मिनट की जगह 10 मिनट ही करने की अनुमति दी गई." कोच के मुताबिक एम्बाप्पे को सिर्फ एहतियात के तौर पर कुछ अतिरिक्त आराम दिया गया था और उनकी चोट इतनी गंभीर नहीं है कि वह स्पेन के खिलाफ मुकाबले से बाहर हों.

स्पेन के सामने होगी बड़ी चुनौती

सेमीफाइनल में फ्रांस का सामना शानदार फॉर्म में चल रही स्पेन की टीम से होगा. स्पेन ने क्वार्टरफाइनल में बेल्जियम को 2-1 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई थी. टीम लगातार 36 मैचों से अजेय है और अब उसकी नजर फाइनल का टिकट हासिल करने पर होगी. सेमीफाइनल जीतने वाली टीम 19 जुलाई को खेले जाने वाले फाइनल में अपनी जगह पक्की करेगी.

नॉकआउट में फ्रांस का दमदार प्रदर्शन

फ्रांस अब तक टूर्नामेंट में बेहद संतुलित प्रदर्शन करता आया है. टीम ने ग्रुप I में शीर्ष स्थान हासिल करने के बाद राउंड ऑफ 32 में स्वीडन को 3-0 से हराया. इसके बाद राउंड ऑफ 16 में पैराग्वे को 1-0 से मात दी और फिर क्वार्टरफाइनल में मोरक्को को 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई.

नॉकआउट चरण में फ्रांस ने अब तक छह गोल किए हैं, जबकि उसकी डिफेंस ने एक भी गोल नहीं खाया है. मजबूत डिफेंस और अनुशासित खेल के साथ टीम ने हर मुकाबले में नियंत्रण बनाए रखा है. वहीं, कप्तान किलियन एम्बाप्पे ने भी अहम मौकों पर आक्रमण में निर्णायक भूमिका निभाई है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
2026 FIFA World Cup, Football
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com